मेसी का आख़िरी विश्व कप?

मेसी की सबसे बड़ी ख़ूबी शायद यही है। वे सिर्फ़ खेलते नहीं, खेल को पढ़ते हैं। फिर उसे अपनी कल्पना के मुताबिक़ मोड़ देते हैं। कई बार लगता है कि मैदान पर बाईस खिलाड़ी नहीं, एक ही दिमाग़ खेल रहा है और बाकी सब उसकी चालों का हिस्सा भर हैं।

दिनेश ओझा

स्पेन ने पूरे हक़ के साथ फ़ीफ़ा विश्व कप 2026 अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट की दूसरी सबसे बेहतरीन टीम फ़्रांस को चौथे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। अर्जेंटीना इस विश्व कप की सर्वश्रेष्ठ टीम भले न रही हो,  उसके पास लियोनेल मेसी जैसा खिलाड़ी था, जिसके रहते किसी भी प्रतिद्वंद्वी को हल्के में नहीं लिया जा सकता था। वह अकेला ही किसी भी मैच का रुख़ पलट देने का माद्दा रखता था।

फ़ाइनल की आख़िरी सीटी बजते ही दुनिया भर के मीडिया का ध्यान विजेता स्पेन पर नहीं, बल्कि मैदान में नम आँखें लिए अकेले खड़े मेसी पर टिक गया। शायद विश्व कप के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि हारने वाली टीम के कप्तान का नाम पूरा स्टेडियम एक साथ पुकार रहा था। स्पेन के खिलाड़ियों के जश्न में भी एक अजीब-सा संयम था। मानो वे उस खिलाड़ी के सम्मान में अपनी जीत का शोर कुछ धीमा कर देना चाहते हों, जो अब अगले किसी विश्व कप में दिखाई नहीं देगा। दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमी अर्जेंटीना की जीत इसलिए चाहते थे, क्योंकि मेसी को विश्व कप में एक बार और खेलते देखने का बस यही एक रास्ता था।

हर विश्व कप अपने साथ विवादों का एक नया पुलिंदा लेकर आता है, लेकिन इस बार का विश्व कप कई मायनों में अलग था। सोशल मीडिया ने हर बहस को कई गुना बड़ा बना दिया। इन्फ्लुएंसरों की फ़ौज और उनके समर्पित अनुयायियों ने अफ़वाहों, आरोपों और अटकलों को इस तरह हवा दी कि सच और झूठ के बीच की रेखा धुँधली पड़ने लगी। ग्रुप चरण में अर्जेंटीना जिस आसानी से आगे बढ़ गया और उसके बाद नॉकआउट मुक़ाबलों में जिस तरह उसने अपनी गहरी रक्षा-पंक्ति से एक के बाद एक जवाबी हमले बोलकर विरोधियों को धराशायी किया, उससे बहुत-से लोगों के मन में शक पैदा होने लगा। धीरे-धीरे यह शक साज़िश की कहानियों में बदल गया। यहाँ तक कहा जाने लगा कि कहीं न कहीं सब कुछ पहले से तय है और फ़ीफ़ा हर हाल में इस बार विश्व कप अर्जेंटीना को ही दिलाना चाहता है।

उनतालीस बरस का मेसी जिस तरह उन्नीस साल के नौजवान की फुर्ती से खेल रहा था, उसे देखकर अपनी आँखों पर यक़ीन करना मुश्किल हो जाता था। पूरे एक सौ बीस मिनट तक वही रफ़्तार, वही ताज़गी, वही जज़्बा। उससे भी ज़्यादा हैरत की बात यह थी कि खेल की पूरी बिसात मानो उसी के इशारों पर बिछी हुई थी। कब रफ़्तार बढ़ानी है, कब खेल को थाम लेना है, कब एक मामूली-सा स्पर्श पूरे मैच का नक्शा बदल देगा—यह सब जैसे उसे पहले से मालूम था। और फिर बीच-बीच में उसके पैरों से फूट पड़ने वाला वह जादू… कुछ लम्हों में तो लगता था कि हम फुटबॉल नहीं, कोई करिश्मा देख रहे हैं।

रोनाल्डो और मेसी के प्रशंसकों की प्रतिद्वंद्विता खेल तक सीमित नहीं थी। इस विश्व कप में उसमें राजनीति का रंग भी घुल गया। ज़्यादातर मुस्लिम-बहुल देशों की टीमें और कुछ यूरोपीय देश फ़िलिस्तीन के समर्थन में खुलकर सामने आए, जबकि अर्जेंटीना को इज़राइल का समर्थक माना जा रहा था। संख्या पहले पक्ष के साथ थी, इसलिए सोशल मीडिया पर मेसी और उसकी टीम चौतरफ़ा हमलों का निशाना बनते रहे। कई बार ऐसा लगता था कि अर्जेंटीना की आलोचना के पीछे खेल की बात कम है, राजनीति की अधिक। अलबत्ता, मेसी की प्रगल्भ प्रतिभा ऐसी थी कि तमाम शोर-शराबे के बावजूद उसका क़द कम नहीं हुआ। फिर भी फ़ाइनल में जिस तरह की रेफ़रिंग हुई, उसे देखकर इतना ज़रूर लगा कि हवा का रुख़ अर्जेंटीना की तरफ़ नहीं था।

मेरे लिए फुटबॉल की असली शुरुआत 1986 के फ़ीफ़ा विश्व कप से हुई थी। वह श्वेत-श्याम टेलीविज़न का ज़माना था और डिएगो माराडोना हमारे लिए किसी खिलाड़ी का नहीं, एक किंवदंती का नाम था। वे हमारे नायक थे। उस समय तक दुनिया पेले और माराडोना को फुटबॉल के दो सबसे महान खिलाड़ियों के रूप में स्वीकार कर चुकी थी। लेकिन माराडोना का जादू कुछ और ही था। उनके व्यक्तित्व में एक बेकाबू आकर्षण था। वे बाग़ी थे, बेलौस थे, दबंग थे और अपनी तमाम कमज़ोरियों के बावजूद असाधारण रूप से जीवंत थे।

मैदान पर वे जितने विलक्षण थे, मैदान के बाहर उतने ही विवादास्पद। लड़ने-भिड़ने से उन्हें कभी परहेज़ नहीं रहा। उन्होंने नशा किया, जेल भी गए। मैदान पर कई बार हाथापाई की नौबत आई। उन्होंने अपनी बात कहने में कभी संकोच नहीं किया। विनम्रता उनकी पहचान नहीं थी। उनकी अपनी एक मज़बूत राजनीतिक सोच थी। वे फ़िलिस्तीन के समर्थक थे, पश्चिमी वर्चस्व के आलोचक थे, चे ग्वेरा से गहरे प्रभावित थे और फ़िदेल कास्त्रो के क़रीबी मित्रों में गिने जाते थे। उनसे सहमत या असहमत हुआ जा सकता था, लेकिन उन्हें नज़रअंदाज़ करना मुमकिन नहीं था।

1986 के विश्व कप के क्वार्टर फ़ाइनल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ उतरते समय माराडोना केवल फुटबॉल के बारे में नहीं सोच रहे थे। चार साल पहले हुए फ़ॉकलैंड युद्ध में अर्जेंटीना की हार का घाव अभी भरा नहीं था। अर्जेंटीना के लाखों लोगों की तरह उन्हें भी वह हार राष्ट्रीय अपमान की तरह दुखा करती थी। यों वह मुक़ाबला दो टीमों के बीच का खेल भर नहीं था; उस पर इतिहास का बोझ भी था।

शायद यही वजह है कि उस मैच ने विश्व कप के इतिहास के दो सबसे यादगार क्षणों को जन्म दिया।

पहला था बदनाम “हैंड ऑफ़ गॉड”। एक ऊँची आती गेंद पर माराडोना ने रेफ़री की नज़र बचाकर हाथ से हल्का-सा धक्का दिया और गेंद गोल में पहुँच गई। दुनिया भर में इस गोल पर बहस छिड़ गई। किसी ने उसे धोखा कहा, किसी ने चालाकी, तो किसी ने उसे इतिहास का सबसे दुस्साहसी क्षण माना।

लेकिन कहानी यहीं ख़त्म नहीं हुई।

महज़ छह मिनट बाद माराडोना ने वह गोल दागा, जिसे आज तक फुटबॉल के इतिहास का सबसे महान गोल कहा जाता है।

उन्होंने अपने ही हिस्से से गेंद उठाई और एक-एक कर इंग्लैंड के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते चले गए। ऐसा लगता था, जैसे गेंद उनके पैरों से नहीं, उनके इशारों से चल रही हो। आधे मैदान से शुरू हुई वह दौड़ गोलपोस्ट तक पहुँचते-पहुँचते फुटबॉल की सबसे ख़ूबसूरत तस्वीरों में बदल गई। बाद में दुनिया ने उसे “गोल ऑफ़ द सेंचुरी” का नाम दिया।

शायद किसी और खिलाड़ी के हिस्से यह संयोग नहीं आ सकता था कि विश्व कप के इतिहास का सबसे बदनाम और सबसे महान—दोनों गोल उसी के नाम दर्ज हों। यही माराडोना थे। विरोधाभासों से भरे हुए, लेकिन अपनी प्रतिभा में बेजोड़।

लेकिन मेसी, माराडोना नहीं हैं। और शायद यही बात उन्हें इतना विलक्षण बनाती है।

प्रतिभा की बात करें तो मेसी माराडोना से रत्ती भर भी कम नहीं हैं। लेकिन दोनों की फ़ितरत एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है। माराडोना बाग़ी थे, मेसी शांत हैं। माराडोना उफनती नदी की तरह थे, मेसी गहरे और ठहरे हुए समंदर की तरह। एक हर वक़्त विवादों के केंद्र में रहता था, दूसरा उनसे जितना हो सके दूर रहता है।

माराडोना अपनी बात ज़ुबान से कहते थे, मेसी अपने खेल से कहते हैं। वे बहुत कम बोलते हैं। राजनीति में उनकी कोई ख़ास दिलचस्पी दिखाई नहीं देती। परिवार ही उनकी दुनिया है। पत्नी, बच्चे और फुटबॉल—उनकी ज़िंदगी मानो इन्हीं तीन धुरियों पर घूमती है। लेकिन इस सहज और संकोची व्यक्तित्व के भीतर गज़ब का साहस और अद्भुत धैर्य छिपा है। दबाव चाहे जितना हो, उनका संतुलन शायद ही कभी डगमगाता है।

अगर सिर्फ़ खेल की बात करें, तो मेसी कई मायनों में माराडोना से अलग नज़र आते हैं। वे ज़्यादा तेज़ हैं, उनके प्रहार ज़्यादा पैने हैं और सबसे बढ़कर, वे अपने साथियों के लिए अवसर रचने की अद्भुत क्षमता रखते हैं। गोल करना बड़ी बात है, लेकिन गोल की भूमिका रचना उससे भी बड़ी कला है। इस मामले में मेसी का जवाब नहीं।

उन्हें खेलते हुए देखते कई बार लगता है, जैसे शतरंज का कोई उस्ताद बिसात पर चालें चल रहा हो। वह सिर्फ़ यह नहीं देख रहा होता कि गेंद इस समय कहाँ है; उसकी नज़र दो-तीन चाल आगे तक होती है। इस विश्व कप के सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ उन्होंने दो बार यही कर दिखाया। दोनों मौक़ों पर मैदान में कुछ भी ग़ैरमामूली दिखाई नहीं दे रहा था। लेकिन अगले कुछ सेकेंडों में उन्होंने ऐसी जगह पास दिया, ऐसी दौड़ लगाई और अपने साथी को ऐसी जगह पहुँचा दिया कि दोनों हमले गोल में बदल गए। वे गोल सिर्फ़ कौशल का नतीजा नहीं थे; वे दूरदृष्टि का प्रमाण थे। उन दो क्षणों ने इंग्लैंड की पूरी रणनीति ध्वस्त कर दी।

मेसी की सबसे बड़ी ख़ूबी शायद यही है। वे सिर्फ़ खेलते नहीं, खेल को पढ़ते हैं। फिर उसे अपनी कल्पना के मुताबिक़ मोड़ देते हैं। कई बार लगता है कि मैदान पर बाईस खिलाड़ी नहीं, एक ही दिमाग़ खेल रहा है और बाकी सब उसकी चालों का हिस्सा भर हैं।

इसीलिए मेसी को सिर्फ़ महान खिलाड़ी कहना शायद उनके साथ अन्याय होगा। उन्होंने फुटबॉल को सिर्फ़ ताक़त, रफ़्तार और कौशल का खेल नहीं रहने दिया; उसे बुद्धिमत्ता, कल्पना और सौंदर्य का उत्सव बना दिया। गेंद उनके पैरों में होती है, लेकिन खेल दरअसल उनके दिमाग़ में चल रहा होता है।

शायद यही वजह है कि उन्हें खेलते देखना हमेशा एक अनुभव रहा है, सिर्फ़ एक मैच नहीं।
बहुत संभव है कि इस विश्व कप के साथ मेसी ने फुटबॉल को आख़िरी सलाम कर दिया हो। उम्र को देखते हुए यह मानना मुश्किल है कि अगले विश्व कप में वे फिर उसी जादू के साथ मैदान पर उतरेंगे। यह सोचकर ही अजीब लगता है कि मेसी के बिना भी फुटबॉल का खेल चलता रहेगा।

पिछले दो दशकों में उन्होंने फुटबॉल प्रेमियों को ऐसे न जाने कितने लम्हे दिए हैं, जो हमेशा याद रहेंगे। कई बार तो लगता था कि वे फुटबॉल नहीं खेल रहे, कोई धुन रच रहे हैं। उनके खेल में सिर्फ़ रफ़्तार नहीं थी, सिर्फ़ कौशल नहीं था, सिर्फ़ गोल करने की कला नहीं थी। उसमें एक लय थी, एक नफ़ासत थी, एक ऐसा सौंदर्य था जो खेल को कला में बदल देता था। गेंद उनके पैरों से इस तरह बात करती थी, जैसे उसे भी मालूम हो कि अगला क़दम क्या होगा।

यह भी सच है कि कोई भी खेल किसी एक खिलाड़ी से बड़ा होता है। एक पीढ़ी जाती है तो दूसरी उसकी जगह ले लेती है। फुटबॉल भी चलता रहेगा। नए सितारे आएँगे, नए कीर्तिमान बनेंगे और नए नायक जन्म लेंगे। एम्बाप्पे हैं, हालांड हैं, लामिन यामाल हैं, विनीसियस जूनियर हैं, बेलिंगहैम हैं, माइकल ओलीसे हैं—और भी कई विलक्षण खिलाड़ी हैं, जिनके कंधों पर आने वाले वर्षों का फुटबॉल टिका होगा।

लेकिन कुछ खिलाड़ी सिर्फ़ अपने दौर के नहीं होते। वे समय की सीमाएँ लाँघ जाते हैं। वे एक कसौटी बन जाते हैं, जिसके सहारे आने वाली पीढ़ियों को परखा जाता है। पेले ऐसे थे। माराडोना ऐसे थे। और मेसी भी उसी बिरादरी के खिलाड़ी हैं।

हो सकता है आने वाले वर्षों में कोई खिलाड़ी उनसे ज़्यादा गोल करे, उनसे ज़्यादा ट्रॉफ़ियाँ जीते और उनसे ज़्यादा रिकॉर्ड अपने नाम कर ले। खेल में ऐसा होना असंभव नहीं है। लेकिन मेसी को मेसी बनाने वाली वह अनकही-सी बात—वह सहज जादू, वह कल्पनाशीलता, वह खेल को कविता में बदल देने की क्षमता—सिर्फ़ आँकड़ों से पैदा नहीं होती। वह विरले लोगों को ही नसीब होती है।

पिछले बीस बरसों तक मेसी को खेलते देखना मेरे जीवन के दुर्लभ सुखों में एक रहा है। उन्होंने सिर्फ़ मैच नहीं जिताए, उन्होंने करोड़ों लोगों को फुटबॉल से प्रेम करना सिखाया।

लेकिन उनके जाने से जो जगह खाली होगी, वह शायद हमेशा खाली रहेगी।

 

[प्रस्तुत लेख का अंग्रेज़ी से अनुवाद आलोचना के सम्पादक आशुतोष कुमार ने किया है।]

Share This Article
प्रोफ़ेसर, प्राचीन इतिहास विभाग, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय
Leave a review