चार्ल्स होमर हैस्किन्स प्राइज़[i] (2015) व्याख्यान देना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है।हालाँकि यह एक तरह से चेतावनी की घंटी भी है क्योंकि आम तौर पर यह माना जाता है कि हैस्किन्स प्राइज़ व्याख्यान देने वाला विद्वान जब अपने जीवन के अंतिम पड़ाव पर होता है तब “पठन-पाठन से भरे अपने जीवन” की ओर पीछे मुड़कर देखता है। लेकिन बूढ़े होने का एक फ़ायदा भी है (हालाँकि इसके नुक़सान कम नहीं—जैसे यह याद न रहना कि दवा ली या नहीं, या सीढ़ियों से उतरते समय रेलिंग पकड़े बिना न चल पाना)। फ़ायदा यह है कि आप अपने जीवन को बिल्कुल अलग ढंग से देखने लगते हैं। जब आप पीछे मुड़कर देखते हैं, तो जीवन वैसा दिखाई नहीं देता जैसा वह घटते समय लगता था, या जैसा तब लगता था जब आप अपेक्षाकृत युवा थे और तब भी पीछे देख रहे थे। बहुत हाल में ही मैं यह समझ पाई हूँ कि मेरे जीवन के सबसे अच्छे हिस्सों को संभव बनाने वाले कई गुण मुझे मेरे पिता से नहीं, बल्कि मेरी माँ से मिले थे।
मेरी माँ
सीखने का मेरा जीवन और सीखने से प्रेम करने का मेरा जीवन, उन किताबों से बना है जो मुझे प्रेम के साथ दी गईं। मैंने जो कुछ भी सीखा, उसका बड़ा हिस्सा मुझे उन लोगों से मिला, जिनसे मैं प्रेम करती थी। इसकी शुरुआत मेरी माँ, रीटा डोनिगर (जन्म नाम: रीटा रोथ) से हुई। वह एक अत्यंत प्रतिभाशाली और मेधावी स्त्री थीं। दो विश्वयुद्धों के बीच के समय में वह ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में पली-बढ़ीं। उनका कई भाषाओं पर सहज अधिकार था और वह उन भाषाओं के साहित्य में भी समान रूप से निपुण थीं। वह एक कुशल पियानो वादक और बॉहाउस[ii] (Bauhaus) परंपरा में प्रशिक्षित चित्रकार थी । महामंदी और 1933 से 1945 के बीच नाज़ी जर्मनी द्वारा संगठित, राज्य-प्रायोजित होलोकॉस्ट (जनसंहार) ने उन्हें न्यूयॉर्क पहुँचा दिया और उनकी शिक्षा को गहरे रूप से प्रभावित किया। वे कभी हाई स्कूल भी पूरा नहीं कर पाईं और यह तथ्य उन्हें जीवन भर भीतर ही भीतर कचोटता रहा। जब मैं बहुत छोटी थी, शायद छह या सात साल की, उन्होंने मुझे अपनी सबसे प्रिय किताबों का एक सेट दिया—एलिस इन वंडरलैंड [Alice in Wonderland (1865)] और थ्रू द लुकिंग-ग्लास [Through the Looking-Glass (1871)], मेरी राय में इनमें से दूसरी किताब यानी थ्रू द लुकिंग-ग्लास, प्राचीन रोमन कवि ओविड [Ovid (43 BCE –18 CE)] द्वारा लगभग 8 ईस्वी में रचित महाकाव्यात्मक कृति मेटामॉर्फोसिस (Metamorphoses) के बाद यूरोपीय मिथक साहित्य की सबसे महान कृति है। थ्रू द लुकिंग-ग्लास की रेड क्वीन, जिसे लगता था कि वह हर बात में हमेशा सही है और किसी भी असहमति को सहन नहीं करती, मुझे अपनी माँ की बहुत याद दिलाती थी; और इसी किताब की दूसरी दिलचस्प पात्र व्हाइट क्वीन, जो उँगली में कुछ चुभने से पहले ही दर्द से चीख उठती थी, मेरे लिए जीवन भर इस प्रवृत्ति का प्रतिरोध करने का एक तरीका बनी रही—कि मैं उन बातों को लेकर पंगु कर देने वाली चिंता में न फँस जाऊँ, जो शायद कभी हों ही नहीं।

थ्रू द लुकिंग-ग्लास पर भारतीय दर्शन का भी गहरा प्रभाव था—यह बात स्वामी विवेकानंद और अन्य वेदांती दार्शनिकों ने भी रेखांकित की है। ज़रा उस विचार पर ध्यान दें कि हम सब श्वेत राजा (White King) के स्वप्न का ही हिस्सा हैं। मेरी माँ स्वयं एक शौक़िया ‘ओरिएंटलिस्ट’ (Orientalist) थीं। उन्होंने पूरे घर में अंगकोर वाट[iii] (Angkor Wat) से प्राप्त रबिंग्स (उत्कीर्ण आकृतियों की काग़ज़ पर ली गई छापें) फ़्रेम में जड़वाकर टाँग रखी थीं। वह इसका उच्चारण “ऐन-गकोर वैट” करती थीं, और मैं लंबे समय तक यही समझती रही कि यही उसका वास्तविक नाम है—जब तक कि बहुत बाद में मैंने स्वयं उसके बारे में पढ़ना शुरू नहीं किया। बाद में उन्होंने जापानी नेत्सुके (Netsuke)[iv] का एक उत्कृष्ट संग्रह तैयार किया और उससे भी बाद के वर्षों में भारतीय गणेश प्रतिमाओं का संग्रह करना शुरू किया। उन्होंने मुझे भारत से जुड़ी कई किताबें भी दीं। जब मैं लगभग बारह वर्ष की थी, तब उन्होंने मुझे 20वीं शताब्दी के प्रमुख अंग्रेज़ी उपन्यासकार ई. एम. फ़ॉर्स्टर [E. M. Forster (1879–1970)] का उपन्यास ए पैसेज टू इंडिया [A Passage to India (1924)] दिया।
उस किताब ने मेरी आत्मा को झकझोर दिया। यह उन किताबों में से एक है जिसे मैंने लगातार चौबीस घंटों में ही पढ़ डाला, और आज भी मुझे ठीक-ठीक याद है कि मैं उसे कहाँ पढ़ रही थी—लॉन्ग आइलैंड साउंड के किनारे स्थित हमारे घर में, अपने कमरे में। मैं उमस भरी गर्मी की रात जागती रही। सारी खिड़कियाँ खुली थीं। बाहर झींगुरों की आवाज़ें आ रही थीं, और फिर सुबह होते-होते पक्षियों का कलरव। उस किताब ने मेरे भीतर भारत को पढ़ने, भारत जाने और फ़ॉर्स्टर द्वारा वर्णित उन गुफाओं तक पहुँचने की तीव्र इच्छा जगा दी। बाद के वर्षों में मैंने अपनी किताबों में फ़ॉर्स्टर की कुछ प्रमुख अंतर्दृष्टियों और रूपकों का बार-बार उल्लेख भी किया।
फिर 1954 में, जब मैं तेरह वर्ष की थी, मेरी माँ ने मुझे ऑब्री मेनन[v] [Aubrey Menen (1912- 1989)] की उस किताब की एक प्रति दी, जो तब प्रकाशित हुई थी—प्राचीन संस्कृत महाकाव्य रामायण[vi] का एक तीखा और व्यंग्यात्मक पुनर्कथन। उस समय मुझे यह नहीं पता था कि मेनन की यह किताब भारत में भारतीय दंड संहिता की धारा 295A के तहत पहले ही प्रतिबंधित की जा चुकी है। और स्वाभाविक ही, मैं यह भी नहीं जानती थी कि आधी सदी के बाद मुझे स्वयं उसी क़ानून का सीधा सामना करना पड़ेगा।
ग्रेट नेक (न्यूयॉर्क का एक नगर)
मेरी शुरुआती शिक्षा में एक और महत्त्वपूर्ण भूमिका ग्रेट नेक कस्बे की थी, जहाँ मैं पली-बढ़ी। यह लॉन्ग आइलैंड के नॉर्थ शोर पर स्थित है, मैनहैटन से कार द्वारा लगभग आधे घंटे की दूरी पर, या लॉन्ग आइलैंड रेल रोड से पेन स्टेशन तक लगभग पैंतालीस मिनट की यात्रा। यह न्यूयॉर्क के बहुत क़रीब है। कई वर्षों तक ग्रेट नेक नॉर्थ शोर के उन गिने-चुने कस्बों में से एक रहा, जहाँ यहूदी (Jews) लोग संपत्ति ख़रीद सकते थे। उस तथाकथित “जेंटलमैन एग्रीमेंट” (Gentleman’s Agreement[vii]) के कारण—जिसे 20वीं शताब्दी की चर्चित अमेरिकी उपन्यासकार और पत्रकार लॉरा हॉब्सन [Laura Z. Hobson (1900–1986)] ने अपने उपन्यास में अमर किया और अमेरिकी फ़िल्म और रंगमंच अभिनेता ग्रेगरी पेक [Gregory Peck (1916–2003)] ने फ़िल्म में हमेशा के लिए यादगार बना दिया। उन दिनों लॉन्ग आइलैंड का अधिकांश हिस्सा “प्रतिबंधित” माना जाता था।
इसका परिणाम यह हुआ कि मैनहैटन में काम करने वाले अनेक प्रतिभाशाली और सफल यहूदी लोग ग्रेट नेक में आकर बस गए। इनमें ब्रॉडवे की दुनिया के हास्य कलाकार (एडी कैंटर, सिड सीज़र), ओपेरा गायक (रिचर्ड टकर), संगीतकार (मॉर्टन गोल्ड), वादक और संगीतज्ञ (लियोनार्ड रोज़, लियोनिद हैम्ब्रो, बॉबी मैन, साशा श्नाइडर), हॉलीवुड के प्रभावशाली निर्माता (यूनाइटेड आर्टिस्ट्स के बॉब बेंजामिन) और लेखक (इर्विंग स्टोन) शामिल थे। ग्रेट नेक में एक और महान लेखक भी रहा, हालाँकि वह यहूदी नहीं था—एफ़. स्कॉट फ़िट्ज़जेराल्ड[viii] [F. Scott Fitzgerald (1896–1940)]। वह 1922 से 1924 के बीच ग्रेट नेक में रहे। उन्होंने अपना सबसे उत्कृष्ट उपन्यास The Great Gatsby (1925) ग्रेट नेक पर ही लिखा, जिसे उन्होंने वेस्ट एग कहा। उसके ठीक पास वाला प्रायद्वीप (Peninsula) ईस्ट एग था—मैनहैसेट—जहाँ वह अप्राप्य डेज़ी रहती थी। मैं हमेशा सोचती रही हूँ कि गैट्सबी का रहस्य यह था कि वह यहूदी था। उसका अतीत संदिग्ध था, और यह भी कहा जाता था कि उसने अपना नाम बदल लिया था। उसका व्यापारिक साझेदार मेयर वोल्फशाइम नाम का एक बूढ़ा यहूदी था, जिसे रूढ़िबद्ध और नकारात्मक ढंग से उपन्यास में लालची तथा बेईमान दिखाया गया है।
जब गैट्सबी, मैनहैसेट बे के उस पार डेज़ी के घर पर जलती हुई हरी रोशनी को देखता था, तो मुझे लगता था कि डेज़ी और वह रोशनी—दोनों ही उसके लिए अप्राप्य थीं, क्योंकि वहाँ यहूदियों को संपत्ति खरीदने की अनुमति नहीं थी।
और यह भी सच है कि The Great Gatsby की प्रति मुझे मेरी माँ ने ही दी थी।
हाई स्कूल: द क्लास ऑफ 1958
मेरा हाई स्कूल बैच 1958 का था, लेकिन मैं ज़्यादातर 1956 की कक्षा के साथ उठती-बैठती थी; बाद में सचमुच मैंने उनमें से दो से शादी भी की—हालाँकि एक-एक करके। हम सभी ने फ़िट्ज़जेराल्ड (F. Scott Fitzgerald) को तो पढ़ा ही, साथ में हेमिंग्वे [Ernest Hemingway (1899–1961)] भी, ख़ास तौर पर A Moveable Feast (1964) और मैल्कम काउली [Malcolm Cowley (1898–1989)] की Exile’s Return (1934) भी। यहाँ तक कि हेनरी म्युर्जे [Henri Murger (1822–1861)] की Scènes de la Vie Bohème (1851) भी पढ़ी, इस उम्मीद में कि हम भी एक नई ‘लॉस्ट जेनरेशन’ (Lost Generation[ix]) बन सकें। हम सबके सपने बहुत बड़े थे। मैं एक महान बैले नर्तकी बनना चाहती थी। 20वीं शताब्दी के सबसे प्रभावशाली बैले कोरियोग्राफर जॉर्ज बालैंशीन [George Balanchine (1904–1983)] और ‘Mother of Modern Dance’ के तौर पर विख्यात मार्था ग्राहम [Martha Graham (1894–1991)] के साथ वर्षों तक प्रशिक्षण लेने के बाद, मैंने वह सब छोड़कर संस्कृत पढ़ने का फ़ैसला किया।

मेरा बॉयफ़्रेंड डेनिस, महान अमेरिकी उपन्यास लिखने का सपना देखता था। और फ्रांसिस कोपोला नाम का एक लड़का, जो बाद में यह कह चुका है कि मैं उसके जीवन की पहली लड़की थी जिसे उसने चूमा। वह लड़का ख़ुद को एक महान फ़िल्म निर्देशक के रूप में देखता था। लेकिन ग्रेट नेक के कुछ लोग—जिन्हें हम “ग्रेट नेकर” कहा करते थे—मेरी ही 1958 की कक्षा से थे और बाद में काफ़ी प्रसिद्ध हुए। इनमें पुलित्ज़र पुरस्कार से सम्मानित 20वीं शताब्दी के उत्तरार्ध के अमेरिकी शास्त्रीय संगीतकार स्टीवन अल्बर्ट [Stephen Albert (1941–1992)] और द एलिफ़ेंट मैन (1977) जैसा चर्चित नाटक लीखने वाले 20वीं शताब्दी के महत्वपूर्ण अमेरिकी नाटककार बर्नार्ड पोमरैंस [Bernard Pomerance (1940–2017)], महान मोज़ार्ट विशेषज्ञ नील फ़्लैक्स (Neil Flax), और अमेरिकी टेलीविज़न पत्रकारिता के चर्चित संवाददाता बॉब साइमन [Bob Simon (1941-2015)] शामिल थे। बॉब साइमन बग़दाद में 40 दिन जेल में रहे, बाद में उससे बच निकले, और फिर इसी साल 11 फ़रवरी 2015 को मैनहैटन में एक कार दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई।
मेरी कक्षा की एक और सदस्य थीं बारबरा स्टोलर मिलर[x] [Barbara Stoler Miller (1940–1993)] । उन्होंने भी मेरी तरह 1968 में संस्कृत में पीएचडी की, पूर्ण प्राध्यापक बनीं और एसोसिएशन ऑफ़ एशियन स्टडीज़ [Association for Asian Studies (AAS)] की अध्यक्ष चुनी गईं—वे 1990 में और मैं 1998 में। ज़रा सोचिए, क्या संभावना थी कि ग्रेट नेक हाई स्कूल की 1958 की कक्षा से दो ऐसी महिलाएँ निकलें, जो काफ़ी समय तक अमेरिका के विश्वविद्यालयों में संस्कृत की अकादमिक दुनिया को सँभालने वाली इकलौती दो महिलाएँ हों? क्या ग्रेट नेक के ‘हवा’ ‘पानी’ में ही कुछ था? (बारबरा ने भी ग्रेट नेक के लड़के से शादी की थी—हालाँकि सिर्फ़ एक से।)
हाई स्कूल के दिनों में बारबरा और मैं दोस्त नहीं थीं। वह हल्के रंगों के कश्मीरी स्वेटर पहनती थीं, मोतियों के हार के साथ, जबकि मैं अस्तित्ववादी काले कपड़े पहनती थी, और खुरदरे पत्थरों के टुकड़ों और लकड़ी के भारी टुकड़ों से बने गहने पहनती थी, जो मैं ग्रीनविच विलेज से ख़रीदती थी। लेकिन कई साल बाद, जब बारबरा कैंसर से बीमार पड़ीं, तब हम अंततः दोस्त बनीं—बहुत क़रीबी दोस्त—और 1993 में उनकी मृत्यु तक यह दोस्ती बनी रही।
हाई स्कूल के शिक्षक
मुझे नहीं लगता कि उन वर्षों में ग्रेट नेक में इतनी उपलब्धियाँ हासिल करने वाले लोग सिर्फ किसी “पानी” या “हवा” की वजह से बने; इसकी वजह स्कूल थी और उसके शिक्षक। वर्षों से मैं असाधारण उपलब्धियाँ हासिल करने वाले लोगों से अक्सर पूछती रही हूँ, “आपने जो काम किया, उसकी शुरुआत कैसे हुई?” और बहुत बार उत्तर इसी तरह शुरू होता है—“मेरे हाई स्कूल में एक शिक्षक थे…” मेरे जीवन में ऐसे दो शिक्षक थे।
पहली थीं मिस लिलेनफ़ेल्ड—अनिता लिलेनफ़ेल्ड (अब अनिता सेलिग्सन)। उन्होंने मुझे लैटिन पढ़ाया और फिर अनौपचारिक रूप से थोड़ा-सा ग्रीक भी सिखाया। एक दिन उन्होंने यह सुझाव दिया कि भारत और प्राचीन भाषाओं में मेरी रुचि को देखते हुए मुझे संस्कृत भी आज़मानी चाहिए।
दूसरे महान शिक्षक थे जैक फ़ील्ड्स (Jack Fields) —मेरे अंग्रेज़ी के अध्यापक और स्कूल के अख़बार गाइडपोस्ट (Guidepost) के प्रभारी। मैं उस पत्र की फ़ीचर्स संपादक थी और उसमें मैंने कई लघुकथाएँ प्रकाशित कीं, जो आज सोचने पर सचमुच काफ़ी शर्मनाक लगती हैं। वे हेमिंग्वे और किंग जेम्स बाइबिल की भाषा-शैली को मिलाकर लिखी गई थीं। लेकिन उनमें से एक कहानी में वे विषय पहले ही उभर आए थे, जो आगे चलकर मेरे अकादमिक लेखन में बार-बार लौटने वाले थे—छलावा और असमानता। वह कहानी एक ऐसे अश्वेत व्यक्ति की दुविधा पर थी, जो श्वेत बनकर जीवन जी रहा था, और फिर एक अश्वेत स्त्री से प्रेम कर बैठता है, जो उससे इसलिए विवाह नहीं करना चाहती क्योंकि वह उसे श्वेत समझती है।
मेरे लेखन की वजह से मैं तब भी मुश्किलों में पड़ने लगी थी। मुझे अपनी स्नातक कक्षा की वैलेडिक्टोरियन[xi] (valedictorian) चुना गया, और अपने विदाई भाषण में मैंने जर्मनों को क्षमा करने की बात कही। ज़्यादातर यहूदी और जर्मन-विरोधी अभिभावकों में से कई ने प्राचार्य को पत्र लिखे और फ़ोन किए। यह उस समय की बात है जब द्वितीय विश्व युद्ध को समाप्त हुए सिर्फ़ तेरह वर्ष बीते थे। उस भाषण में मेरी मदद करने वाले जैक फ़ील्ड्स को इस वजह से काफ़ी आलोचना झेलनी पड़ी। एक और अवसर पर, जब मैं किसी वजह से परेशानी में पड़ गई थी और मुझे हफ्ते भर तक रोज़ कई घंटों के लिए स्कूल के बाद रुकना पड़ा, तब जैक फ़ील्ड्स और अनिता लिलेनफ़ेल्ड मेरा साथ देने आ जाया करते थे। हम साथ बैठकर ब्रिज खेलते थे।
जैक फ़ील्ड्स मुझे लगातार लिखने के लिए प्रोत्साहित करते रहे और मेरी बड़ी-बड़ी ग़लतियों को सुधारते रहे। यह आदत उन्होंने कभी नहीं छोड़ा। कई साल बाद, जब उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित मेरी एक पुस्तक-समीक्षा देखी, तो उन्होंने मुझे बधाई देते हुए लिखा कि वे मेरे पूरे करियर को बड़ी रुचि से देखते रहे हैं, उन्हें मुझ पर बहुत गर्व है, और टाइम्स में छपा लेख उन्हें काफी पसंद आया—हालाँकि वह और बेहतर होता, अगर मैंने पहला पैराग्राफ़ हटा दिया होता, और दरअसल दूसरे पैराग्राफ़ में भी…
पुराने अंग्रेज़ी के शिक्षक कभी मरते नहीं।
रेड डायपर: हाई स्कूल में साम्यवाद
अमेरिकी वामपंथी राजनेता, पर्यावरणवादी और सामाजिक कार्यकर्ता पीटर कामेजो [Peter Camejo (1939–2008)] 1958 की ग्रेट नेक कक्षा से उभरने वाले एक बिल्कुल अलग तरह के शुरुआती “सेलिब्रिटी” थे। वे वर्ल्ड कम्युनिस्ट यूथ संगठन (World Communist Youth Organization[xii]) की ग्रेट नेक शाखा के अध्यक्ष थे। कई साल बाद उन्होंने ग्रीन पार्टी (Green Party) के टिकट पर कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर का चुनाव लड़ा और 2004 में राल्फ़ नेडर (Ralph Nader) के साथ उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार भी रहे। मैं उन्हें अच्छी तरह जानती थी; मैं उसी संगठन की ग्रेट नेक शाखा की उपाध्यक्ष थी।
मैं एक “रेड डायपर बेबी” थी। मेरी माँ सिर्फ़ कट्टर कम्युनिस्ट ही नहीं, बल्कि स्टालिनवादी भी थीं। वे कम्युनिस्ट इसलिए थीं क्योंकि उनका मानना था कि अमीरों को मजबूर किया जाना चाहिए कि वे अपनी संपत्ति ग़रीबों के साथ बाँटें। उन्होंने कभी औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता नहीं ली, क्योंकि वे किसी को भी यह अधिकार नहीं देना चाहती थीं कि वह उन्हें बताए कि क्या करना है। उन्हें पता था कि ज़रा-सी ज़िद दिखाने पर—जैसा कि वे ख़ुद कहती थीं—उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा।
मैं यह सोचते हुए बड़ी हुई कि “ट्रॉट्स्कीवादी” गाली का ही एक सामान्य रूप है। किंडरगार्डन पहुँचने पर ही मुझे पता चला कि काग़ज़ के दोनों तरफ़ भी सफ़ेदी हो सकती है। अपनी शुरुआती ड्रॉइंग्स मैंने अमेरिकी राजनेता और लेखक हेनरी वॉलेस [Henry Agard Wallace (1888–1965)], अमेरिकी-ब्रिटिश पत्रकार और लेखिका एला विंटर [Ella Winter (1898–1980)] और रूसी युद्ध राहत के पर्चों की पीछले हिस्से पर की थीं। मैकार्थी का दौर (McCarthy Era), जब कम्युनिज़्म के डर के कारण सरकार, मीडिया और समाज में बड़े पैमाने पर लोगों पर कम्युनिस्ट होने या कम्युनिस्ट समर्थक होने के आरोप लगाए , उस दौर में अमेरिका के प्रसिद्ध लोकगायक, संगीतकार और सामाजिक कार्यकर्ता पीट सीगर [Pete Seeger (1919–2014)] और अमेरिकी अभिनेता, कॉमेडियन और रंगमंच कलाकार ज़ीरो मोस्टेल [Zero Mostel (1915–1977)] जैसे लोग हमारे घर आते-जाते रहते थे। मैंने अपने पहले संस्कृत शब्द पीट सीगर से ही सीखे—गांधी के गीत “रघुपति राघव राजा राम” को गाते हुए।
मेरे पिता, लेस्टर डोनिगर, 1920 में पोलिश कॉरिडोर के राच्की नामक गाँव से अमेरिका आए थे। उन्होंने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के नाइट स्कूल से अंग्रेज़ी साहित्य में डिग्री हासिल की—जहाँ अमेरिकी दार्शनिक, लेखक और शिक्षक इरविन एडमैन [Irwin Edman (1896–1954)] और 20वीं सदी के प्रारम्भिक दौर के प्रसिद्ध अमेरिकी उपन्यासकार थॉमस वुल्फ़ [Thomas Wolfe (1900–1938)] उनके शिक्षकों में थे। आगे चलकर वे एक बेहद सफल प्रकाशक बने। वे अमेरिका के 32वें राष्ट्रपति रूज़वेल्ट [Franklin D. Roosevelt (1882–1945)] के कट्टर समर्थक थे। इसी वजह से खाने की मेज़ पर अक्सर तीखे झगड़े होते थे—नैपकिन ज़ोर से रख दिए जाते, प्लेटें आधी-अधूरी छुई हुई ही दूर सरका दी जातीं।
वे न्यूयॉर्क टाइम्स के साथ काम कर चुके थे और संदर्भ ग्रंथ प्रकाशित करते थे, इसलिए कभी-कभी वे किसी भारी-भरकम आँकड़े वाली किताब के साथ मेज़ पर लौटते और पढ़कर सुनाते—जैसे स्टालिन ने कितने लोगों की हत्या की—और मेरी माँ जवाब देतीं, “तुम उन पूँजीवादी अख़बारों पर भरोसा करते हो, इसलिए यह सब पढ़ रहे हो।” तभी मैंने सीख लिया कि कुछ बहसें कभी जीती नहीं जा सकतीं।
मेरी माँ का यह भी मानना था कि दुनिया तब तक रहने लायक़ नहीं होगी, जब तक आख़िरी पादरी को खत्म न कर दिया जाए। 1954 में, मैकार्थी के दौर में, जब शपथ-पाठ में “अंडर गॉड” शब्द जोड़े गए, तो उन्होंने मुझे वह पंक्ति बोलने नहीं दी। नतीजा यह हुआ कि जब बाकी बच्चे सभा में शपथ लेते थे, तब मुझे हर दिन जाकर प्रिंसिपल के दफ़्तर में बैठना पड़ता था।
1991 में, मेरी माँ की मृत्यु से कुछ महीने पहले, ब्रिटिश मनोविश्लेषक (psychoanalyst) और लेखक एडम फ़िलिप्स (Adam Phillips) ने National Public Radio (NPR) पर मेरे बारे में एक कार्यक्रम किया और मेरी माँ का भी साक्षात्कार लिया। एक जगह उन्होंने उनसे पूछा कि धर्म को लेकर उनके विचारों को देखते हुए उन्हें कैसा लगता है कि मैं धार्मिक ग्रंथों पर लिखकर आजीविका चलाती हूँ। माँ हँसीं, मेरी ओर मुड़ीं और बोलीं, “लेकिन तुम इनमें से किसी पर विश्वास तो नहीं करती हो, है न?”
दुनिया को बदलने के लिए
मेरी माँ कम्युनिस्ट इसलिए थीं क्योंकि वे दुनिया को बदलना चाहती थीं—दुनिया में कुछ अच्छा करना चाहती थीं। यही आकांक्षा उन्होंने मुझे विरासत में दी। लेकिन जहाँ इस सोच ने उन्हें धार्मिक लोगों से नफ़रत करना सिखाया—उन लोगों से जो गर्भपात क्लीनिकों पर बम फेंकते थे और पुस्तकालयों से किताबें हटवाते थे—वहीं इसने मुझे धार्मिक कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करना सिखाया: उन लोगों की, जो नागरिक अधिकार आंदोलन में लड़े और ग़रीबों को खाना खिलाते थे। (मेरी माँ दान के ख़िलाफ़ थीं: उनका मानना था कि अगर संपत्ति का न्यायपूर्ण बँटवारा हो, तो फिर दान की ज़रूरत ही न पड़े।)
काफ़ी समय तक मैं नन बनना चाहती थी और कुष्ठ रोगियों की सेवा करना चाहती थी। मैं ब्रिटिश अभिनेत्री ऑड्री हेपबर्न [Audrey Hepburn (1929–1993)] की फ़िल्म द नन’स स्टोरी [The Nun’s Story (1959)] बार-बार देखती थी। तब तक मैंने अमेरिकी गायिका और अभिनेत्री बारबरा स्ट्राइसैंड (Barbra Streisand) का यह सवाल नहीं सुना था—“क्या कोई कॉन्वेंट किसी यहूदी लड़की को स्वीकार करेगा?” लेकिन वर्षों बाद, जब मैंने अपनी बचपन की यह इच्छा एक मित्र से साझा की—जो सचमुच नन रह चुकी थीं—तो उन्होंने कहा, “तुम एक शानदार मदर सुपीरियर बनतीं, लेकिन तुम कभी भी सीढ़ी-दर-सीढ़ी ऊपर चढ़ने का धैर्य नहीं रख पातीं।”
अंत में, ऑड्री हेपबर्न और अपनी माँ की तरह, मैं भी अंधी आज्ञाकारिता स्वीकार नहीं कर सकी। नन बनना, ठीक वैसे ही जैसे बैले-नृत्यांगना बनना, मेरे जीवन का एक ऐसा सपना रह गया जिस राह पर मैं कभी आगे नहीं बढ़ी। आख़िरकार, मैंने खुद को पूरी तरह राजनीतिक सक्रियता की दुनिया में लगा दिया।
माँ से दूर, प्राचीन भारत की शरण में
लेकिन हाई स्कूल के आख़िरी वर्षों तक आते-आते मैं भीतर से थक चुकी थी। अब मुझे नहीं लगता था कि साम्यवाद दुनिया को ठीक कर सकता है। सच तो यह है कि मुझे यह भी भरोसा नहीं रह गया था कि कोई भी विचारधारा दुनिया को सचमुच बदल सकती है। उन अंतहीन राजनीतिक बहसों से मैं ऊब चुकी थी, जिनका कोई नतीजा निकलता ही नहीं था। मैं अपनी माँ की राजनीतिक सक्रियता की दुनिया से निकलकर, अपने पिता के पेशे प्रकाशन की ओर मुड़ गई। जैसे ‘लाल विचारधारा’ से निकलकर ‘लाल पेंसिल’ थाम ली हो। वे किताबें बनाते थे, जबकि मेरी माँ किताबें इकट्ठा करती थीं, खासकर प्रथम संस्करण। मैं उनके जैसा बनना चाहती थी, माँ जैसा नहीं।
माँ ने पहले से ही चीज़ों को फिर से इस्तेमाल करना और खाद बनाना शुरू कर दिया था, जबकि पड़ोसी इसकी शिकायत करते थे। वे अपने लिए और मेरे लिए खुद पैंट सिलती थीं—और मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं था, क्योंकि बाकी सभी लड़कियाँ बाज़ार से खरीदी हुई स्कर्ट पहनती थीं। माँ कभी भी वह नहीं करती थीं जो दूसरे लोग करते थे, और यह बात मुझे शर्मिंदा कर देती थी। मेरी माँ और मैं अक्सर बिल्लियों की तरह लड़ते थे। मेरे पिता हमेशा सलीकेदार सूट पहनते थे और मेरे लिए अच्छे स्टोर से सुंदर कपड़े खरीदते थे। मैं पापा की लाडली थी। किताबों की उनकी दुनिया में मैं शरण लेने लगी—या कहूँ कि वहाँ लौट आई—और वह थी कल्पना की दुनिया। कल्पना हमेशा से मेरा घर रही थी। इसका एक प्रमाण आज भी मौजूद है: मेरी छह साल की उम्र में बना मेरा एक जीवन-आकार का तैल चित्र, जिसे मेरे चाचा हार्वे ने बनाया था, वे एक असफल पोर्ट्रेट चित्रकार थे । उस चित्र में मैं एक परीकथा के महल को पकड़े हुए हूँ, और बगल में एक खुली किताब है, जिस पर लिखा है—“Once Upon a Time”.
और उसी कल्पना की दुनिया के भीतर मैं प्राचीन भारत की ओर भागी—एक ऐसी जगह, जो समय और दूरी, दोनों ही अर्थों में मुझे जितनी संभव हो सके उतनी दूर लगी।

रेडक्लिफ कॉलेज[xiii] (Radcliffe College)
संस्कृत मेरे लिए एक और तरह की शरणस्थली भी थी। उस तीव्र महत्वाकांक्षा और प्रतिस्पर्धा से बचने की जगह, जो मुझमें और कई यहूदी शरणार्थियों के बच्चों में बचपन से ही भर दी गई थी, और मेरे मामले में मेरी माँ की अधूरी बौद्धिक महत्वाकांक्षाओं ने इसे और भी तीखा बना दिया था—जैसा कि बाइबिल की भाषा में कहें, जिसे उन्होंने मुझ पर उतार दिया था। हाई स्कूल में मुझ पर हर विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का बहुत दबाव था, ऐसे अंक लाने का दबाव जो किसी यहूदी लड़की को रेडक्लिफ कॉलेज में प्रवेश दिला सकें। अंततः इस दबाव से मैं थककर लगभग टूट-सी गई थी। मुझे लगा—और बाद में यह सही भी साबित हुआ—कि यदि मैं संस्कृत पढ़ूँगी तो वहाँ मुझे लगभग कोई प्रतिस्पर्धा नहीं मिलेगी। इसलिए यह मेरे लिए संघर्ष और होड़ से दूर एक सुकून देने वाला रास्ता भी बन गया। इस तरह, कुछ सही और कुछ गलत कारणों से, मैंने सही निर्णय लिया और सत्रह वर्ष की उम्र में रेडक्लिफ कॉलेज में संस्कृत का अध्ययन शुरू कर दिया।
रेडक्लिफ में पढ़ते समय मैं मानो सचमुच “आइवरी टॉवर” की चोटी पर पहुँच गई थी। हार्वर्ड में संस्कृत का कमरा विडनर लाइब्रेरी (Widener Library) के बिल्कुल सबसे ऊपर, Widener A (विडनर ए ) में था। वह इतनी ऊँचाई पर था कि खिड़की सीधे समतल छत की ओर खुलती थी। कक्षा के दौरान मैं खिड़की की चौखट के बराबर ऊँचाई पर टहलते हुए कबूतरों को देख सकती थी, और उनकी गुटर-गूँ मेरी पाठ-अभ्यास के साथ एक तरह का पृष्ठभूमि-संगीत बन जाती थी।
मैं मानो पुराने ढंग की एक ओरिएंटलिस्ट विदुषी (Orientalist femme de cabinet ) बन गई थी, जो अपने अध्ययन-कक्ष में बैठकर काम करती है। मेरा वह अध्ययन-कक्ष था Widener A (विडनर ए ) , जहाँ की धूलभरी हवा में पुरानी भारतीय पुस्तकों की हल्की-सी सीलन भरी, लेकिन मीठी सुगंध फैली रहती थी। आकाश में टहलने जैसा यह सुखद अनुभव मेरे बौद्धिक काम के दूसरे हिस्से से संतुलित हो जाता था। वह काम मुझे विडनर लाइब्रेरी के स्टैक्स (पुस्तकों की कतारों) के बीच, नीचे के अँधेरे हिस्सों में करना पड़ता था। वहाँ कभी-कभी जब मुझे वह पुस्तक मिल जाती जिसे मैं खोज रही होती थी—या उससे भी बेहतर कोई ऐसी चीज मिल जाती जिसकी मुझे उम्मीद भी नहीं होती थी—तो उत्साह में सचमुच मेरे शरीर में हल्का-सा पसीना निकल आता था।
मैंने प्रतिष्ठित संस्कृत विद्वान डैनियल हेनरी होम्स इंगॉल्स[xiv] [Daniel Henry Holmes Ingalls (1916–1999)] के साथ संस्कृत का अध्ययन किया। उन्होंने मुझे केवल संस्कृत ही नहीं, बल्कि भारतीय साहित्य, भारतीय इतिहास और भारतीय धर्म भी पढ़ाया—मानो भारतीय संस्कृति का पूरा संसार एक ही व्यक्ति में समाया हुआ हो। उन्होंने मुझे एक और चीज़ सिखाई, जिसे परिभाषित करना कठिन है—विद्वत्ता का आनंद, लिखित शब्द की गरिमा और मन की दुनिया का वैभव।
एक बार उन्होंने मुझसे कहा था कि स्त्रियों को शिक्षित करना समय की बर्बादी है, क्योंकि वे अंततः शादी करके बच्चे ही पैदा करती हैं। फिर भी उन्होंने मुझे उदारता से पढ़ाया और मेरी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने मुझसे कालिदास की प्रसिद्ध काव्य-रचना कुमारसंभवम् पढ़वाई—जिसका अर्थ है “राजकुमार का जन्म।” यह भगवान शिव और देवी पार्वती के विवाह की कथा पर आधारित एक अत्यंत सुरुचिपूर्ण काव्य है। लेकिन इंगॉल्स ने यह भी बताया कि यही कथा पुराणों में भी मिलती है, जहाँ इसे कहीं अधिक सरल और लोकप्रचलित संस्कृत में सुनाया गया है। उनके लिए यह बड़ी हैरानी की बात थी कि मुझे दरबारी काव्य की अपेक्षा पुराण अधिक पसंद आए। मेरे अकादमिक जीवन में यह एक महत्त्वपूर्ण मोड़ था। मैंने अपनी पीएच.डी. का शोध-प्रबंध पुराणों में शिव के मिथकों पर लिखा, और आगे चलकर वही मेरा पहला पुस्तक-रूप में प्रकाशित कार्य बना—शिव: द एरॉटिक एसेटिक [Siva: The Erotic Ascetic (1981)]
इस तरह मुझे संस्कृतज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया गया। लेकिन मैं ‘असली’ संस्कृतज्ञ नहीं थी। असली संस्कृतज्ञ—रूखे, रक्तहीन पांडित्यपूर्ण लोग होते हैं, जिन्हें सिर्फ़ क्रियाओं और संज्ञाओं में दिलचस्पी होती है, लेकिन इंगॉल्स इस मामले में बिल्कुल अपवाद थे । मैं तो एक पूर्व बैले नर्तकी थी, जो अब भी कहानियों में रुचि रखती थी। दुनिया के कई महाद्वीपों में ‘असली’ संस्कृतज्ञ ऐसे भी रहे हैं, जो मेरे कमरे में प्रवेश करते ही उठकर बाहर चले गए। इसलिए मैंने अपनी बौद्धिक खुराक कहीं और ढूँढ़ी।
मैं एक मानवविज्ञानी (anthropologist), ऐलिस कासाकोफ़ (Alice Kasakoff), के साथ रहती थी, जिन्हें रैडक्लिफ़ प्रशासन ने पहले ही दिन मेरा रूममेट तय किया था। उस समय बिना कहे ही एक तरह की व्यवस्था चलती थी—यहूदी लड़कियाँ किसी तरह प्रायः यहूदी ही रूममेट्स के साथ रख दी जाती थीं। ऐलिस ने मुझे अपने सहकर्मियों से मिलवाया और मेरे भीतर मानवविज्ञानियों (anthropologists) के प्रति स्थायी प्रशंसा पैदा की। मैंने पुराने ज़माने के संस्कृतविदों और “ओरिएंटलिस्टों” की तरह कई विषयों का अध्ययन भी किया

मैंने पुराने ढंग के संस्कृतज्ञों और ‘ओरिएंटलिस्टों’ की तरह ग्रीक भी पढ़ी—ज़ेफ़ स्टुअर्ट (Zeph Stewart), स्टर्लिंग डाउ (Sterling Dow), जॉन फ़िनली (John Finley) और ऐडम पैरी (Adam Parry) के साथ; अंग्रेज़ी साहित्य—रूबेन ब्राउअर (Reuben Brower), विलियम अल्फ़्रेड (William Alfred) और हैरी लेविन (Harry Levin) के साथ; और लोकसाहित्य (folklore) —अल्बर्ट लॉर्ड (Albert Lord) के साथ।
मेरे पहले वर्ष की शुरुआत में एक समस्या खड़ी हुई। मैं हमेशा से बहुत धीरे पढ़ती हूँ । इसलिए रैडक्लिफ़ में प्रवेश के समय लिया गया स्पीड-रीडिंग टेस्ट मैं फेल कर गई। मुझे सलाह दी गई कि मैं रोज़ाना होने वाला स्पीड-रीडिंग कोर्स करूँ, जो ऐसे समय पर होता था जब किसी की कक्षा नहीं होती थी—कुछ सुबह पाँच बजे जैसा। स्वाभाविक ही, मैंने वह कोर्स नहीं किया। मुझे धीरे पढ़ना पसंद था, बाद के अंशों के आलोक में पहले अंशों को फिर से पढ़ना, पन्ने से नज़र उठाकर पाठ के बारे में अपने विचार करना। रैडक्लिफ़ कॉलेज से मुझे लगातार नोटिस मिलता रहा कि मुझे अपनी आदतें सुधारनी चाहिए, क्योंकि यह ‘अक्षमता’ मुझे असफल कर सकती है। कंप्यूटर से पहले के उन दिनों में नोटिस डाक से आते थे। डाक-खर्च बचाने के लिए वे सेमेस्टर के अंत में वही नोट उसी लिफ़ाफ़े में भेज देते थे, जिसमें मेरे अंक होते थे—और वे पूरे समय सीधे ‘ए’ रहे। आख़िरी सेमेस्टर में भी, जब उसी लिफ़ाफ़े में यह सूचना भी थी कि मैं सुम्मा कम लाउडे( summa cum laude) यानी सर्वोच्च श्रेणी के साथ स्नातक हो रही हूँ और हार्वर्ड विश्वविद्यालय में दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक पुरस्कार जोनाथन फ़े पुरस्कार (Jonathan Fay Prize) जीत रही हूँ, उन्होंने उस छोटे-से नोट को जोड़ना नहीं छोड़ा, जिसमें मुझे सही ढंग से पढ़ना न सीख पाने के लिए सख़्ती से फटकार लगाई गई थी।
भारत की ओर मेरी यात्रा
जब मैं हार्वर्ड विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर पढ़ाई के लिए गई, तब एक संस्कृतविद् के रूप में मेरा जीवन एक छोटे-से, बिना अधिक औपचारिक नियमों वाले स्वर्ग की तरह चल रहा था। न तो पीएचडी के लिए कठिन योग्यता परीक्षाएँ थीं और न ही अनुदान (grant) के लिए लंबी आवेदन-प्रक्रियाओं से गुज़रना पड़ता था। भारत जाने के लिए आवेदन करने वाले लोग भी बहुत कम थे, इसलिए लगभग सभी को स्वतः ही आर्थिक सहायता मिल जाती थी। (जब मैं यह सब अपने विद्यार्थियों को बताती हूँ, तो वे आश्चर्य से देखते रह जाते हैं।) 1963 में मेरे शिक्षक डैनियल हेनरी होम्स इंगॉल्स ने मुझे भारत भेजा ताकि मैं पुराणों के विश्व-प्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र चंद्र हज़रा (1904–1982) के साथ काम कर सकूँ। जब मैं कलकत्ता पहुँची और रामकृष्ण मिशन में ठहरी, तो मैंने डॉ. हज़रा को पत्र लिखा और उनसे मिलने गई। उन्होंने मुझे चाय पिलाई और कहा कि वे किसी महिला के साथ काम नहीं कर सकते। बस, यहीं भारत में मेरे संस्कृत-प्रशिक्षण का अंत हो गया। उस वर्ष मैंने भारत को वास्तविक रूप में जानना शुरू किया—उन कल्पनाओं से अलग जो मैं वर्षों से मन में बनाए हुए थी। मैं बंगाल के ग्रामीण इलाक़े में शांतिनिकेतन गई और वहाँ मैंने बांग्ला बोलना सीखा, टैगोर का रवीन्द्र संगीत और मणिपुरी परंपरा में नृत्य करना सीखा। फिर मैं मद्रास गई और महान कलाकार बलसरस्वती से भरतनाट्यम का अध्ययन किया। उसके बाद मैं कलकत्ता लौटी और अली अकबर ख़ान से मिली, जिन्होंने मुझे सरोद ख़रीदने में मदद की और उसे बजाना सिखाया। मैंने एलोरा का कैलासा मंदिर देखा, खजुराहो के कामुक मंदिरों में गई, कोणार्क का सूर्य मंदिर देखा, एलीफैंटा द्वीप पर शिव की गुफाएँ और महाबलीपुरम के समुद्र किनारे बने अद्भुत शिल्प देखे।
मैंने जैसलमेर में ऊँटों की सवारी की, अजमेर में हाथियों पर बैठी और हर जगह रेलगाड़ियों से यात्रा की—कभी ऊपर की बर्थ पर सोई, तो कभी स्टेशन के तृतीय श्रेणी महिला प्रतीक्षालय के फ़र्श पर। और यह सब, न्यूयॉर्क से आने-जाने का हवाई किराया मिलाकर, केवल 6,000 डॉलर में—जो मुझे अमेरिकन इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडियन स्टडीज़ से मिले थे। इतना ही नहीं, उस पैसे से मैंने महाभारत, रामायण, ऋग्वेद की आलोचनात्मक संस्करणों की पूरी श्रृंखला, जितने भी पुराण प्रकाशित हुए थे सब ख़रीदे, और विजयनगर काल की तीन फ़ुट ऊँची ठोस कांस्य की देवी पार्वती की मूर्ति भी।
मेरी माँ भी भारत आईं और वहाँ से “अंगकोर वाट” देखने गईं (1964 में, जब कंबोडिया में युद्ध शुरू हो चुका था—लेकिन मेरी माँ को कोई चीज़ रोक नहीं सकती थी)। बाद में उन्होंने इस यात्रा को अपने जीवन का सबसे बड़ा और यादगार अनुभव बताया।

मैं काठमांडू भी गई। हिमालय पार करते हुए छोटे-से विमान में मेरी सीट ब्रिटिश लेखिका, चित्रकार और अन्वेषक पेनलोप चेतवुड [Penelope Chetwode (1910–1986)] के बगल में थी—जो आश्चर्यजनक रूप से ‘रेड क्वीन’ जैसी थीं, या अगर चाहें तो कह सकते हैं वो मेरी माँ जैसी थीं। वे सेना के सर्वोच्च कमांडर फिलिप वालहाउस चेतवोड [Philip Walhouse Chetwode (1869–1950)] की बेटी के रूप में भारत में पली-बढ़ी थीं और अब, उनके अनुसार, हिंदी सीखने लौटी थीं। जब मैंने पूछा कि दिल्ली में बचपन बिताने के दौरान क्या उन्होंने हिंदी नहीं सीखी थी, तो उन्होंने बिना किसी हास्य-भाव के कहा, “सीखी थी, लेकिन तब हमने सिर्फ़ सभी क्रियाओं के आज्ञार्थक रूप ही सीखे थे।” यहीं से एक सुंदर मित्रता की शुरुआत हुई, जो दो साल बाद, 1965 में, फिर से गहरी हो गई, जब मैं अपने पति के साथ ऑक्सफ़र्ड चली गई। पेनलोप ने मुझे बर्कशायर डाउन्स में अरबी घोड़ों की सवारी सिखाई और ब्रिटिश साम्राज्य के दौर के भारत के बारे में बहुत कुछ बताया। बाद के वर्षों में, जब दक्षिण एशिया के कई अकादमिक साथी उपनिवेशोत्तर और सबऑल्टर्न अध्ययन से गहराई से प्रभावित हो चुके थे, तब अंग्रेज़ों के प्रति अपने लगाव को और खासकर भारत में अंग्रेज़ों के प्रति अपने उस लगाव को जिसे अक्सर ‘राजनीतिक रूप से गलत’ माना जाता था, इस बात को समझाना आसान नहीं रह गया था। फिर भी, ऐसा करना पूरी तरह असंभव भी नहीं था।
ऑक्सफ़र्ड
ऑक्सफ़र्ड में घुड़सवारी के बीच-बीच के अंतरालों में, मैंने अंततः रॉबिन ज़ेहनर [xv](Robin Zaehner) के निर्देशन में डी-फ़िल (DPhil) का शोध-प्रबंध लिखा। उनका मार्गदर्शन दरअसल साल में एक बार मुझे एलिज़ाबेथन रेस्टोरेंट में बहुत अच्छे खाने पर ले जाने तक सीमित था—वह रेस्तराँ उसी दुकान के ऊपर था, जिसे लुईस कैरोल ने शीप्स शॉप के रूप में अमर कर दिया था। वहाँ वे मुझे मेरे विषय—हिंदू धर्म में विधर्म (heresy) की अवधारणा—पर कुछ सलाह देते थे, जो बाद में बहुत उपयोगी सिद्ध हुए। उस समय मेरे निर्देशक प्रो. ज़ेहनर, कुख्यात अमेरिकी अपराधी और पंथ (cult) नेता चार्ल्स मैनसन [Charles Manson (1934–2017)] को लेकर बेहद जुनूनी थे, जिस पर वे एक किताब (Our Savage God) (1974) लिख रहे थे। मुझे काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी कि मैनसन और अरस्तूज़ेहनर के इन दोनों सनक को अपने शोध-प्रबंध से बाहर रख सकूँ। वही शोध आगे चलकर मेरी दूसरी किताब बना—The Origins of Evil in Hindu Mythology (1976).
संस्कृत के उस स्वप्न-जगत ने अपना जादू बनाए रखा। मैंने कभी नौकरी के लिए साक्षात्कार नहीं दिया; बस लोगों से मिलती रही और वे मुझे नौकरी की पेशकश करते रहे। यह सुनकर आज भी मेरे छात्रों के मुँह खुले रह जाते हैं। ऑस्ट्रियाई-ब्रिटिश मानवविज्ञानी (anthropologist) क्रिस्टोफ़ फ़ॉन फ़्यूरर-हाइमेनडॉर्फ़ [Christoph von Fürer-Haimendorf (1909–1995)] मुझे यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन के द स्कूल ऑफ़ ओरिएंटल ऐंड अफ़्रीकन स्टडीज़ (The School of Oriental and African Studies, University of London) में पढ़ाने के लिए रखना चाहते थे, जहाँ वे कार्यवाहक निदेशक थे। संस्कृतज्ञों को मुझे स्वीकार करवाना असंभव लगने पर, उन्होंने मुझे इतिहास विभाग में जगह दिया, जहाँ प्रसिद्ध ब्रिटिश-अमेरिकी इतिहासकार और मध्य-पूर्व अध्ययन (Middle Eastern Studies) के विद्वान बर्नार्ड लुईस [Bernard Lewis (1916–2018)] ने मेरा स्वागत किया और मुझे संस्कृतज्ञों से बचाए रखा, और ब्रिटिश इतिहासकार केन बैलहैचेट [Kenneth Ballhatchet (1922–1995)] ने मुझे कुछ इतिहास सिखाया।

एक शिक्षक के रूप में मुझे धीरे-धीरे यह महसूस हुआ कि शायद मैं पूरी दुनिया को बदल नहीं सकती। इसलिए मैंने सोचा कि अगर दुनिया को बड़ा बदलाव नहीं दे सकती, तो कम से कम उसे थोड़ा बेहतर बनाने की कोशिश कर सकती हूँ, जैसे एक पत्थर को दूसरे पत्थर से जोड़कर कुछ बनाया जाता है। हिब्रू भाषा में इसे “टिक्कुन ओलाम” (tikkun olam) कहते हैं, यानी छोटे-छोटे दयालु कामों के जरिए दुनिया को थोड़ा बेहतर बनाना। यही काम मैंने एक शिक्षक, शोधकर्ता और लेखक के रूप में करने की कोशिश की। मैं राजनीति, सामाजिक आंदोलनों या विरोध-प्रदर्शनों जैसी सक्रिय दुनिया से कुछ दूर ही रही। लेकिन अपने छोटे-छोटे कामों—हर छात्र की मदद करने और हर किताब को पूरे मन से लिखने—के प्रति मैं बहुत समर्पित रही। आज भी मेरे लिए सबसे बड़ा सुख यही है कि मैं किसी शांत और सुंदर जगह पर बैठकर लिखूँ और मेरा कुत्ता मेरे पैरों के पास बैठा हो।
ऑक्सफ़र्ड में बिताए अपने एक दशक के दौरान, मेरे पिता मेरे लेखन पर एक महत्त्वपूर्ण प्रभाव बने। वे एक सफल प्रकाशक थे, पांडुलिपि पढ़कर उसे बेहतर बनाने की कला जानते थे। उन्होंने मेरी लिखी हर चीज़ पढ़ी। मैं भारत से अपने सारे नोट्स उन्हें भेजती थी और जिसे उन्होंने हमेशा पसंद किया। मेरी माँ ने कभी मेरा लिखा कुछ नहीं पढ़ा, शायद उनके मन में मेरी अकादमिक उपलब्धियों को लेकर जो ईर्ष्या और गर्व की जो दौड़ थी, उसमें अंततः ईर्ष्या आगे निकल गई; हालाँकि अपनी मृत्यु तक मेरी सारी किताबें उनके बिस्तर के पास रखी रहीं। संभव है उन्होंने पढ़ी हों, पर मुझे कभी बताया नहीं। मेरे पिता का देहांत 1971 में हुआ, जब मेरा बेटा माइकल गर्भ में था —और पिता जानते थे कि वह आने वाला है। प्रसवोत्तर अवसाद और पिता के देहांत के बाद के शोक ने मुझे ऑक्सफ़र्ड के वार्नफ़र्ड अस्पताल पहुँचा दिया, जिसका नाम पहले 1826 में ऑक्सफ़र्ड ल्यूनेटिक असायलम था, बाद में इसका नाम वार्नफ़र्ड ल्यूनेटिक असायलम किया गया। वहाँ मरीजों से सचमुच टोकरी बुनाई का काम कराया जाता था । जब मैंने कहा कि यह मेरे समय की बर्बादी है, तो उन्होंने मुझे अपना टाइपराइटर लाने की अनुमति दे दी। वहीं मैंने हिंदू मिथकों में बुराई पर अपनी किताब का बड़ा हिस्सा लिखा—अपने जीवन में पहली बार “कट्टर बुराई” के व्यक्तिगत अनुभव से जूझते हुए।
आख़िरकार होलोकॉस्ट से बच निकली एक समझदार मनोचिकित्सक ने मुझे छुट्टी दी। उन्होंने एक बार मुझसे कहा था, “अगर तुम अब आत्महत्या करोगी, तो बाद में पछताओगी।” और जब मैंने जाते समय पूछा कि क्या उन्हें लगता है कि मैं फिर यहाँ लौटूँगी, तो उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि तुम एक साथ अपने पिता की मृत्यु और अपने पहले बेटे के जन्म का अनुभव फिर कभी नहीं करोगी।” और वे सही थीं।
आज भी मेरे पिता मेरे आदर्श, कल्पित पाठक हैं—वे हमेशा मेरी ओर थे। उनकी आवाज़, जो आज भी मेरे कानों में गूँजती है, मुझे जोखिम लेने, यह भरोसा रखने के लिए प्रेरित करती है कि कुछ पाठक ऐसे ज़रूर होंगे जो मेरे चुटकुलों को समझेंगे, उन कहानियों से प्रेम करेंगे जिन्हें मैं प्रेम करती हूँ, और मेरी राय का सम्मान करेंगे—भले ही उससे सहमत न हों। मैं जो भी लिखती हूँ, उसकी हर पंक्ति को पढ़कर “सुनती” हूँ, पाठक की कल्पना करते हुए—लेकिन उन कुछ विद्वानों की नहीं, जिनका नाम न लेना ही बेहतर है, जो बाज़ की तरह हर ग़लती पर झपटने को तैयार रहते हैं। मैं हमेशा पाठक के रूप में अपने पिता की कल्पना करती हूँ, जो मेरी ओर हैं।
मैं अपने छात्रों के लिए भी वही बनना चाहती हूँ क्योंकि शत्रुतापूर्ण प्रतिक्रिया की कल्पना उनके लेखन को रोक सकती है, जैसे वह मेरे कुछ सबसे प्रतिभाशाली साथियों को प्रकाशन से रोकती रही है। मेरे पिता ने मुझे इससे बचाया।
मेरे माता-पिता के घर में खाने की मेज़ पर अक्सर बहस होती रहती थी। ऐसे माहौल में बड़े होने के कारण मुझे तर्क-वितर्क पर कुछ अविश्वास-सा हो गया, और शायद इसी वजह से मेरे काम करने का तरीका बहुत गैर-आक्रामक बन गया। इस मामले में मैं अपने पिता जैसी थी—उन्होंने भी शायद वहीं यह सीख ली थी, और स्वभाव से भी वे चाहते थे कि हर कोई उन्हें पसंद करे। व्यक्तिगत टकराव की स्थितियों में मैं आमतौर पर सीधे भिड़ने के बजाय बात को घुमाकर निकल जाना पसंद करती थी। मुझे अगर कोई किताब पसंद नहीं आती, तो मैं उसकी नकारात्मक समीक्षा लिखने से मना कर देती थी।
दरअसल, मैं दूसरों की लिखी बातों की आलोचना लिखने में बहुत रुचि नहीं रखती थी। शायद मेरे भीतर के मातृ-पक्ष के संस्कार भी चुपचाप काम कर रहे थे। मैं असहमति ज़रूर व्यक्त करती थी, लेकिन अपने तरीके से और अपने विषय के माध्यम से। अगर किसी किताब में मुझे कुछ गलत लगता—या यह दिखता कि किसी ने कुछ महत्त्वपूर्ण ग्रंथों की अनदेखी की है जो विषय का दूसरा पक्ष दिखाते हैं—तो वही “गलत” किताब मुझे प्रेरित करती थी कि मैं अपनी “सही” किताब लिखूँ और उन अनदेखे ग्रंथों के आधार पर अपनी बात रखूँ।
उदाहरण के लिए, प्रचलित विचार यह था कि कर्म का सिद्धांत हर समस्या का समाधान है और हिंदू देवता हमेशा प्रेमपूर्ण और सत्यवादी होते हैं, तो मैंने उन अनेक वैकल्पिक कथाओं पर ध्यान दिया जिनमें कर्म को अंतिम उत्तर नहीं माना गया है, और उन मिथकों पर भी लिखा जिनमें देवता कभी-कभी छल करने वाले या दूसरों को चोट पहुँचाने वाले भी दिखते हैं।
इंग्लैंड में, हालाँकि संस्कृत के क्षेत्र में प्रसिद्ध ब्रिटिश इंडोलॉजिस्ट और बौद्ध अध्ययन के विशेषज्ञ रिचर्ड गोम्ब्रिच मेरे साथ काम करने वाले साथी थे, फिर भी मेरे बौद्धिक विकास में सबसे बड़ा योगदान मानवविज्ञानियों (anthropologists) का रहा। ऑक्सफ़र्ड में प्रसिद्ध ब्रिटिश सामाजिक मानवविज्ञानी (Social Anthropologist) ई. ई. इवांस-प्रिचर्ड [Edward Evan Evans-Pritchard (1902-1973)] और संरचनात्मक मानवविज्ञान और तुलनात्मक अध्ययन के लिए प्रसिद्ध रॉडनी नीडहम [Rodney Needham (1923-2006)], कैम्ब्रिज में राजनीतिक संगठन और सामाजिक संरचना अध्ययन के लिए प्रख्यात एडमंड लीच [Edmund Leach (1910- 1989)] लंदन में ब्रिटिश सामाजिक और सांस्कृतिक मानवविज्ञानी मैरी डगलस [Mary Douglas (1921-2007)], और बाद में 20वीं शताब्दी के सबसे प्रभावशाली फ्रांसीसी मानवविज्ञानी क्लोद लेवी-स्ट्रॉस [Claude Lévi- Strauss (1908-2009)] जैसे विद्वानों से मुझे बहुत प्रेरणा मिली।
लेवी-स्ट्रॉस के काम से मेरा पहला परिचय मॉस्को (रूस) में हुआ। शीत युद्ध के समय और सोवियत संघ के प्रमुख राजनीतिक नेता लियोनिद ब्रेज़नेव [Leonid Brezhnev (1906–1982)] के शासन के दौरान, मैं अपने पति के साथ वहाँ वर्ष 1970 से 1971 तक पूरे एक साल रही। मेरे पति रूसी इतिहासकार थे और वे अभिलेखागारों में शोध करते रहते थे। इस बीच मैं मॉस्को के ओरिएंटल इंस्टिट्यूट जाया करती थी। वहीं मुझे टार्टू स्कूल (Tartu School[xvi]) के संरचनावादी और सेमियोटिक्स के विद्वानों के बारे में पता चला।
यह शायद मेरे जीवन का एकमात्र समय था जब संस्कृत का व्यावहारिक उपयोग हुआ। मॉस्को में जिन संस्कृतविदों को मैं जानती थी, वे सभी सरकार से असंतुष्ट थे। ओरिएंटल इंस्टिट्यूट की संस्कृत लाइब्रेरी में जासूसी के उपकरण लगे हुए थे। इसलिए हम वहीं मिलते थे और कैमरा की निगरानी से बचने के लिए टूटी-फूटी, लगभग पिजिन जैसी संस्कृत में बातचीत करते थे।
बाद में पेरिस में मेरी लेवी-स्ट्रॉस से व्यक्तिगत मुलाक़ात हुई और उनकी मृत्यु तक हमारा पत्र-व्यवहार चलता रहा। उनसे मैंने कई महत्त्वपूर्ण बातें सीखीं। उनमें से एक यह थी कि मिथकों के इतने अलग-अलग रूप क्यों होते हैं। उनके अनुसार, हर मिथक किसी ऐसे विरोधाभास को समझाने की कोशिश करता है जिसे पूरी तरह सुलझाया नहीं जा सकता। इसलिए वही कहानी अलग-अलग रूपों में बार-बार सामने आती रहती है। इसी विचार ने मुझे शिव के दो विपरीत रूपों—तपस्वी और कामुक—को समझने का एक तरीका दिया।
व्यावहारिक रूप से भी लेवी-स्ट्रॉस की संरचनात्मक पद्धति मेरे लिए बहुत उपयोगी रही। इसकी मदद से मैं किसी मिथक के सैकड़ों रूपों पर एक साथ चर्चा कर सकती थी, बिना यह ज़रूरत पड़े कि हर रूप को अलग-अलग लंबे हिस्सों में छापा जाए—जैसा मुझे अपने 950 पृष्ठों के हार्वर्ड शोध-प्रबंध में करना पड़ा था।
उन्होंने यह भी समझाया कि अलग-अलग संस्कृतियों में मिलते-जुलते मिथकों को लेकर जो बहस होती है कि वे एक संस्कृति से दूसरी संस्कृति में पहुँचे हैं या अलग-अलग जगहों पर स्वतंत्र रूप से बने। इस तरह से मिथकों को देखना बहुत उपयोगी नहीं है। असल बात यह है कि कोई भी संस्कृति दूसरी संस्कृति से वही चीज़ अपनाती है, जो उसे अर्थपूर्ण और आकर्षक लगती है। इस तरह उधार ली गई चीज़ भी नई संस्कृति में नया और मौलिक अर्थ ग्रहण कर लेती है।
इसी विचार से प्रेरित होकर मैंने अलग-अलग संस्कृतियों में मिलने वाले मिथकों के साझा पैटर्न पर लिखना जारी रखा—हालाँकि अपने अकादमिक माहौल में इसके कारण मुझे कई बार आलोचना और बदनामी भी झेलनी पड़ी।
शिकागो
1975 में मैं अपने पति के साथ इंग्लैंड से लौटकर बर्कली पहुँची। इसके लिए मुझे लंदन के स्कूल ऑफ़ ओरिएंटल ऐंड अफ़्रीकन स्टडीज़ [School of Oriental and African Studies (SOAS)] में अपनी स्थायी लेक्चरशिप छोड़नी पड़ी। उस समय फिर एक मानवविज्ञानी ही मेरा सबसे क़रीबी मित्र बना—ऐलन डंडेस [Alan Dundes (1934–2005)] । सच कहूँ तो वे लगभग मेरे इकलौते मित्र थे, क्योंकि बर्कली में दक्षिण एशियाई अध्ययन (South Asian Studies) से जुड़े कई लोगों ने मुझे लगभग नज़रअंदाज़ ही कर दिया था।
आख़िरकार 1978 में मैं अपने अंतिम अकादमिक ठिकाने यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो (University of Chicago) पहुंची। वहाँ मुझे ऐसे इंडोलॉजिस्ट मिले, जो खुले विचारों वाले थे और जिन्होंने मुझे अपनापन दिया। इनमें डच भारतीयविद् और संस्कृत-विद्वान हांस फ़ान बुइतेनन [J. A. B. van Buitenen (1928–1979)], मानवविज्ञानी और दक्षिण एशियाई अध्ययन मिल्टन सिंगर [Milton Singer (1912–1994)], भारतीय कवि, अनुवादक, भाषाविद् ए. के. रामानुजन [A.K. Ramanujan (1929–1993)], रुडॉल्फ़ दंपती[xvii], अमेरिकी इंडोलॉजिस्ट और बंगाली तथा संस्कृत के विद्वान एड डिमॉक [Edward C. Dimock (1929–2001)] और दक्षिण एशियाई अध्ययन के विद्वान किम मैरियट [McKim Marriott (1925–2020)] शामिल थे। फिर भी धर्मों के इतिहास के विद्वान—मिर्चिया एलियादे [Mircea Eliade (1907–1986)] और फ़्रैंक रेनॉल्ड्स (Frank E. Reynolds)—कई मायनों में मेरे सबसे क़रीबी सहकर्मी बने और धर्म-अध्ययन के क्षेत्र में मेरे पहले शिक्षक भी।
मैं शिकागो ऐसी पहचान के साथ पहुँची जो लंदन में इतिहासकार के रूप में अपनाई गई मेरी पहचान से भी कहीं अधिक बनावटी थी। इंगॉल्स के अलावा 1968 में रोमानियाई धर्म-अध्येता मिर्चिया एलियादे [Mircea Eliade (1907–1986)] मेरे पीएचडी शोध-प्रबंध के आधिकारिक पाठकों में से एकमात्र व्यक्ति थे। उन्हें मेरा शोध बहुत पसंद आया और उन्होंने उससे जुड़े दो लंबे लेख History of Religions पत्रिका में प्रकाशित किए, जिसे उन्होंने 1961 में शुरू किया था। आज उसी पत्रिका की मैं वरिष्ठ संपादक हूँ।
एलिएडे ने ही मुझे यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो आने के लिए प्रोत्साहित किया। दस वर्ष बाद, 1978 में, एलिएडे के सहकर्मी और डिविनिटी स्कूल[xviii] (Divinity School) के डीन जोसेफ किटागावा (Joseph Kitagawa) (जापानी-अमेरिकी धर्म-अध्येता) के प्रस्ताव को मैंने स्वीकार कर लिया। इस तरह मैं शिकागो पहुँची—एक पूर्णकालिक प्रोफेसर के रूप में और History of Religions विभाग की अध्यक्ष बनकर—जबकि अपने पूरे जीवन में मैंने धर्म से संबंधित केवल एक ही पाठ्यक्रम पढ़ा था, वह भी अत्यंत विचित्र स्वभाव वाले विद्वान Arthur Darby Nock[xix] (1902–1963) से।
मुझे अक्सर यह डर सताता था कि मानो मैं किसी और की जगह पर बैठी हूँ। लेकिन मैं अपने मन को यह कहकर शांत कर लेती थी कि कम-से-कम मैं सचमुच दक्षिण एशिया की विशेषज्ञ तो हूँ, और उस विभाग में भी मेरी नियुक्ति थी।
लेकिन मेरी नियुक्ति Committee on Social Thought[xx] में भी थी, और उसी ने मेरी ज़िंदगी बदल दी। उन दिनों यह समिति बहुत ही अलग-अलग तरह के लोगों का समूह थी—आज की भाषा में कहें तो अंतर्विषयी (interdisciplinary)। वे लोग खुद को मज़ाक में “salon des refuses[xxi]” कहते थे, यानी ऐसे विद्वानों का जमावड़ा जो परंपरागत अकादमिक ढाँचे से थोड़ा हटकर काम करते थे।
इसमें तरह-तरह के लोग थे—स्वतंत्र स्वभाव के मानवविज्ञानी, कला-इतिहासकार, धर्म-इतिहास के विद्वान, इस्लामिक अध्ययन के विशेषज्ञ, चीन-अध्ययन के विद्वान (जिनमें से एक उस समिति के अध्यक्ष थे), इंडोलॉजिस्ट, उपन्यासकार सॉल बेलो [Saul Bellow (1915–2005)], पियानोवादक और संगीतशास्त्री चार्ल्स रोसेन [Charles Rosen (1927–2012)], क्लासिक्स के विद्वान, अर्थशास्त्री और धर्म-इतिहास के विद्वान—जिनमें मिर्चिया एलियादे [Mircea Eliade (1907–1986)] भी शामिल थे। ये सभी लोग अपने-अपने पारंपरिक अकादमिक ढाँचे से कुछ अलग चलते थे, लेकिन अपने काम में बेहद उत्कृष्ट थे।
मुझे लगा मानो मैं स्वर्ग में पहुँच गई हूँ। उन सबने और खासकर David Grene[xxii] (1913–2002) ने मुझे प्रोत्साहित किया कि मैं अपने लेखन और अध्यापन में सिर्फ वही न इस्तेमाल करूँ जो मुझे औपचारिक रूप से पढ़ाया गया है, बल्कि वह सब भी शामिल करूँ जो मैं जानती हूँ। इससे मुझे यह साहस मिला कि मैं उन क्षेत्रों में भी प्रवेश करूँ, जहाँ क्लासिक्स या अंग्रेज़ी साहित्य, फ़िल्म, फ़्रायड और नारीवाद के विद्वान अक्सर जाने से हिचकते थे।
उसके बाद मैंने कभी सिर्फ भारत पर ही लिखने तक अपने आप को सीमित नहीं किया, और न ही मुझे फिर कभी यह कहकर माफी माँगनी पड़ी कि मैं “सच्ची संस्कृतविद्” नहीं हूँ। इतने अलग-अलग अकादमिक क्षेत्रों के सहायक साथियों से मुझे जो बौद्धिक पोषण मिला, वही उस समय किए गए मेरे काम और आगे भी जारी रहे मेरे काम की विविधता में दिखाई देता है।
कभी जो मैं अपने आप को “कुरूप बत्तख” समझती थी, वह अब हंस बन चुकी थी—या यूँ कहूँ कि मेरे प्रिय मिथकों में से एक की तरह, मैं वही स्त्री बन गई थी जो पहले सिर्फ बनने का अभिनय कर रही थी।
लेखन
हालाँकि मुझे लिखना सबसे पहले मेरे हाई स्कूल के शिक्षक जैक फ़ील्ड्स ने सिखाया था, लेकिन बाद में कई उत्कृष्ट संपादकों ने मुझे लिखने की कला को और बेहतर ढंग से समझाया। सबसे पहले बेट्टी रेडिस [Betty Radice (1912–1985)], जो पेंगुइन क्लासिक्स (Penguin Classics) की संपादक थीं, उन्होंने मुझे यह सिखाया कि उस पाठक का सम्मान करना चाहिए जिसे संस्कृत नहीं आती। इसके बाद फ़िलिप लिलिएंथल (Philip Lilienthal), जो यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैलिफ़ोर्निया प्रेस (University of California Press) के निदेशक थे, उन्होंने मेरी बार-बार संशोधन करने की आदत को थोड़ा रोका। उन्होंने मुझे मेरे डेस्क पर रखने के लिए एक छोटी-सी पट्टिका दी, जिस पर लिखा था—“इसे अगले संस्करण के लिए बचाकर रखो।”
फिर यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो प्रेस (University of Chicago Press) में कुछ बहुत सावधान और पुराने ढंग की संपादिकाएँ थीं, जो मेरे लेखन की हर छोटी-सी गलती पकड़ लेती थीं। उनकी टिप्पणी “See Over” अक्सर मेरे लिए चेतावनी जैसी होती थी—उसके साथ वे बहुत साफ़ लिखावट में व्याकरण या शैली की गलती समझाते हुए छोटा-सा नोट लिखती थीं। यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो प्रेस के निदेशक मॉरिस फ़िलिप्सन [Morris Philipson (1925–2011)] में यह अद्भुत क्षमता थी कि वे मेरी रचनाओं में से ज़रूरी और अनावश्यक बातों को अलग-अलग पहचान लेते थे। ऑक्सफ़र्ड यूनिवर्सिटी प्रेस (Oxford University Press) में सिंथिया रीड (Cynthia Read) मेरी ज़्यादातर शब्दों के खेल को सहन कर लेती थीं। वे दूर से ही किसी ऐसे अनुच्छेद को पहचान लेती थीं, जो बहुत फूला-फूला या आत्ममुग्ध हो गया हो, और तुरंत उसे संक्षिप्त करने की सलाह देती थीं। अंत में, मैं अपने साहसी भारतीय प्रकाशक रवि सिंह[xxiii] की बहुत आभारी हूँ। उनके लेखक उन्हें प्यार से “रैविशिंग” (Ravishing, अत्यंत सुंदर/आकर्षक) कहते हैं। उनकी सूक्ष्म संपादन-दृष्टि ने कई संभावित राजनीतिक विवादों से मुझे बचाया, और जहाँ टकराव से बचना संभव नहीं था, वहाँ वे मजबूती से मेरे साथ खड़े रहे। मुझे अक्सर लगता है कि मेरी किताबें एक-दूसरे से ही जन्म लेती हैं—जैसे हर नई किताब पिछली किताब की राख से निकलती हो। या फिर जैसे पुराने जमे हुए दही से थोड़ा-सा दही लेकर नया दही जमाया जाता है। हर किताब कुछ सवाल अधूरे छोड़ देती थी, और वही अधूरे सवाल मुझे अगली किताब लिखने के लिए प्रेरित करते थे।
उदाहरण के लिए, शिव पर लिखी किताब में कुछ ऐसे प्रश्न बचे रह गए थे कि यह देवता कई बार हिंदू आचार और जातीय शुद्धता के नियमों को तोड़ता है। यही प्रश्न बाद में बुराई की उत्पत्ति पर लिखी किताब में फैल गए, जहाँ दूसरे देवता भी अपने ही बनाए नियमों का उल्लंघन करते दिखाई देते हैं। मेरी किताब “स्प्लिटिंग द डिफ़रेंस” [Splitting The Difference: Gender And Myth In Ancient Greece And India (2002)] में सीता और हेलेन की कुछ कहानियाँ ऐसी थीं जिन्हें “बेडट्रिक्स” (bedtricks[xxiv]) कहा जा सकता है, और वे अपने-आप में एक अलग किताब की माँग करने लगीं। बाद में कुछ “बेडट्रिक्स” (bedtricks) आत्म-छल (self-masquerade) की कहानियों में बदल गईं, और उन्होंने भी अलग किताब का रूप ले लिया। इन आत्म-छल की कुछ कथाएँ अंगूठियों से जुड़ी थीं—और इसी सिलसिले में मैं आज The Ring of Truth, and Other Myths of Sex and Jewellery (2017) नामक पुस्तक को पूरा कर रही हूँ। अगर इन सब किताबों को एक साथ देखा जाए, तो इनके बीच से गुज़रने वाली मुख्य कड़ी विद्रोह और छलावे के विषय हैं। पिछले कुछ वर्षों में मेरा ध्यान छलावे से थोड़ा हटकर विद्रोह की ओर अधिक केंद्रित हो गया है।
वह काम जो मैंने हमेशा किया है: मैं किसके लिए लिखती हूँ
मुझे हमेशा ऐसा लगता रहा है कि मेरा काम मूल रूप से अनुवाद ही है। एक अर्थ में यह सीधा अनुवाद है—जैसे संस्कृत ग्रंथों का अंग्रेज़ी में अनुवाद करना, जो मैंने पेंगुइन क्लासिक्स (Penguin Classics), ऑक्सफ़र्ड वर्ल्ड्स क्लासिक्स (Oxford World’s Classics) और बाद में क्ले संस्कृत लाइब्रेरी (Clay Sanskrit Library) के लिए किया। लेकिन दूसरे व्यापक अर्थ में मेरा काम यह भी रहा है कि भारत को अमेरिका के सामने समझने योग्य रूप में प्रस्तुत करूँ।
मैं भारत तक किसी जादुई रास्ते से नहीं पहुँची। मेरा रास्ता था हार्वर्ड की विडनर लाइब्रेरी[xxv] (Widener Library) की किताबों की अलमारियाँ, और बाद में यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो की रेगेनस्टीन लाइब्रेरी[xxvi] (Regenstein Library) । वहीं से मैंने भारत को जाना और समझा। जब मैं अपने मित्रों और सहकर्मियों के सामने भारत की बातें रखती थी, तो मैं उनके सामने रेशमी कालीन, पीतल की मूर्तियाँ, चमकीले रंग या सुंदर कारीगरी नहीं रखती थी—मैं उनके सामने कहानियाँ रखती थी। क्योंकि मुझे लगता है कि भारत में बनी सभी सुंदर चीज़ों में सबसे सुंदर उसकी कहानियाँ हैं। सन् 1987 में ब्रुकलिन एकेडमी ऑफ़ म्यूज़िक (Brooklyn Academy of Music)[xxvii] ने अपने मैजेस्टिक थिएटर का उद्घाटन पीटर ब्रुक[xxviii] [Peter Brook (1925–2022)] के मंचित महाभारत (1985) के नाटक से किया। यह नौ घंटे लंबा, पूरी रात चलने वाला प्रदर्शन था। इसमें मेरी पुरानी सहपाठी बारबरा स्टोलर मिलर संस्कृत सलाहकार थीं। उस समय जब मैंने ब्रुकलिन के दर्शकों—यानी अपने लोगों को महाभारत के भारतीय पात्रों—यानी अपने दूसरे लोगों—को देखते हुए देखा, तो मुझे वैसा ही महसूस हुआ जैसा किसी नए प्रेमी को अपने माता-पिता से मिलवाते समय होता है: मन में यही इच्छा कि वे उसे पसंद करें।
मुझे यह देखकर बहुत खुशी हुई कि न्यूयॉर्क के मेरे साथी—खासकर यहूदी समुदाय के लोग और अन्य दर्शक—पूरी रात जागकर एक भारतीय नाटक देखते रहे, जैसा कि भारत में अक्सर होता है, और उन्होंने उसे सचमुच पसंद भी किया।
इसी तरह मुझे तब भी बहुत अच्छा लगा जब मेरे अमेरिकी छात्रों ने, और बाद में व्यापक साहित्यिक दुनिया के विद्वानों और सामान्य पाठकों ने भी, भारतीय कहानियों के मेरे अनुवादों की सराहना की। धीरे-धीरे मुझे यह भी पता चला कि भारत और अमेरिका में रहने वाले भारतीय पाठकों का भी एक विस्तृत समूह मेरी किताबें पढ़ता है। मेरी अधिकतर किताबें भारत में भी प्रकाशित हुईं।
फिर भी, लंबे समय तक मैं अपने पाठक की कल्पना न्यूयॉर्क के एक पाठक के रूप में ही करती रही। बाद में मुझे अपनी यह आदत बदलनी पड़ी कि मैं “हम” और “वे” (हिंदुओं के लिए) जैसी भाषा न इस्तेमाल करूँ। यह कुछ वैसा ही था जैसे अंग्रेज़ी में “he” को सामान्य सर्वनाम मानने की पुरानी आदत छोड़नी पड़ती है। सच कहूँ तो मैंने कभी यह कल्पना ही नहीं की थी कि मेरा पाठक कोई बहुत धर्मनिष्ठ या कट्टर हिंदू भी हो सकता है। मुझे यह भी खयाल नहीं आया था कि हजारों साल पहले लिखे गए संस्कृत ग्रंथों के बारे में प्रशंसा के साथ लिखने पर भी कोई मुझसे नाराज़ हो सकता है।
अब सोचती हूँ, तो लगता है कि उस समय मैं कितनी भोली थी।
अब (कुछ) हिंदुओं के साथ समस्या
इसी कारण 2003 में दक्षिणपंथी हिंदू समूहों की ओर से मेरी किताबों पर आई तीखी प्रतिक्रिया ने मुझे पूरी तरह चौंका दिया। इतने वर्षों तक मैं लगभग कल्पना की दुनिया में ही जीती रही थी—अपने विषय को लेकर और, अब समझ में आता है, अपनी खुद की छवि को लेकर भी। अचानक मुझे लगा कि मैं फिर से असली और जीवित ‘विरोधियों’ से लड़ रही हूँ, ठीक वैसे ही जैसे मैकार्थी के दौर में अपनी माँ के साथ विरोध प्रदर्शनों में खड़ी होकर किया था।
अब पीछे मुड़कर देखती हूँ तो लगता है कि इस टकराव का बीज शायद बहुत पहले, 1954 में ही पड़ गया था। उस समय मेरी माँ ने मुझे ऑब्री मेनन की रामायण पर लिखी एक व्यंग्यात्मक किताब पढ़ने को दी थी। भगवान राम पर मज़ाक करने के कारण उस किताब पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। शायद वहीं से मेरे “भारतीय संघर्षों” की शुरुआत हुई—कम से कम अब मुझे ऐसा लगता है।
शुरुआत में हमले अमेरिका के हिंदू प्रवासी समुदाय के कुछ लोगों की ओर से हुए। ये हमले इक्कीसवीं सदी के शुरुआती वर्षों में शुरू हुए थे और बाद में यह भारत तक फैल गए। पहले कुछ अन्य लेखकों की किताबों पर हमले हुए, फिर मेरी किताबों और मेरे कुछ छात्रों की किताबों पर भी।
अमेरिका और भारत दोनों जगह जो लोग इन हमलों में शामिल थे, वे प्रायः हिंदुत्व नामक राजनीतिक आंदोलन से जुड़े थे। यह एक राष्ट्रवादी विचारधारा है, जिसकी शुरुआत बीसवीं सदी की शुरुआत में हुई थी। उनका उद्देश्य हिंदू धर्म की चर्चा को अपनी सीमित और संकीर्ण व्याख्या तक सीमित रखना है। इसी कारण वे हिंदू परंपरा के लंबे और जटिल इतिहास को अक्सर बहुत सरल और कभी-कभी विकृत रूप में पेश करते हैं। इसलिए उन्हें इस बात से बहुत फर्क पड़ता है कि मैं हजारों साल पहले के लोगों और ग्रंथों के बारे में क्या लिखती हूँ।
मेरी प्रतिक्रिया अपेक्षाकृत शांत रही। मैंने इंटरनेट पर चल रही गालियों और आरोपों का सीधे जवाब देने के बजाय अपने काम पर ध्यान दिया। इसी भावना से मैंने 2010 में अपनी किताब The Hindus: An Alternative History प्रकाशित की। मेरा उद्देश्य था उन बातों को और स्पष्ट रूप से सामने लाना, जिन्हें कुछ लोग इतिहास से हटाना चाहते थे—जैसे देवताओं से जुड़ी व्यंग्यपूर्ण कथाएँ, संदेह और सवाल उठाने की परंपरा, मिथकों के लोक रूप, जाति-व्यवस्था की आलोचना और महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाना ।
लेकिन किताब प्रकाशित होते ही एक हिंदुत्व समूह ने मेरे और पेंगुइन बुक्स इंडिया के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया। उनकी मांग थी कि किताब को बाज़ार से हटाया जाए और उसकी सारी प्रतियाँ नष्ट कर दी जाएँ। पेंगुइन के वकीलों ने चार साल तक मुकदमा लड़ा, लेकिन अंततः 2014 में समझौता कर लिया। हालाँकि मीडिया में जो कहा गया, उसके विपरीत किताब की प्रतियों को नष्ट नहीं किया गया; बची हुई सारी प्रतियाँ तुरंत खरीद ली गईं।
मेरे लिए यह एक आश्चर्य की बात थी कि इस फैसले के खिलाफ दुनिया भर में ज़ोरदार विरोध हुआ। यह मामला इतना चर्चित हो गया कि इसे “डोनिगर प्रकरण” कहा जाने लगा। भारतीय दक्षिणपंथ द्वारा आलोचना का लक्ष्य बनाए जाने के बाद मैं अचानक से भारतीय वामपंथ के लिए एक प्रतीक जैसी बन गई।
कुछ समय बाद पेंगुइन ने उदारता से किताब के भारतीय प्रकाशन अधिकार मुझे लौटा दिए। उस दौरान यह किताब भारत में कभी अनौपचारिक रूप से (जैसे पीडीएफ़ के रूप में या भूरे कागज़ में लिपटी प्रतियों में) और कभी महँगे आयातित संस्करण के रूप में उपलब्ध रही। बाद में उम्मीद थी कि कोई अन्य भारतीय प्रकाशक इसे फिर से भारत में प्रकाशित करेगा।
इन हमलों के जवाब में मैंने एक और बड़ी किताब तैयार की—करीब 700 पृष्ठों की संदर्भ-ग्रंथ (source-book) The Norton Anthology of Hinduism (2014) । इसका उद्देश्य यह दिखाना था कि जिन बातों के बारे में मैं लिख रही हूँ, वे मेरी कल्पना नहीं हैं, बल्कि मूल ग्रंथों और परंपराओं से ली गई हैं।
आख़िरकार, जैसा कि मेरी माँ जर्मन में कहती थीं—मुझे “बालों से पकड़कर” फिर उसी राजनीति की दुनिया में खींच लिया गया, जिससे मैं लगभग आधी सदी पहले दूर चली गई थी। मुझे एक पुरानी कहानी याद आई: 1930 के दशक में यूरोप में रहने वाला एक व्यक्ति आने वाले युद्ध से बचने के लिए दक्षिण सागर के किसी दूर द्वीप पर चला गया—और संयोग से वही द्वीप इवो जीमा[xxix] (Iwo Jima) निकला, जो बाद में युद्ध का प्रमुख स्थल बना।
यह कुछ वैसा ही था जैसे “समर्रा में नियति से भेंट की कहानी[xxx]” में होता है—जिससे आप भागते हैं, अंत में उसी से टकरा जाते हैं। या जैसे एलिस इन वंडरलैंड की एलिस, जो बगीचे तक पहुँचना चाहती है लेकिन हर बार वापस घर ही आ जाती है।
इस तरह मैं फिर से एक “अच्छी लड़ाई” लड़ रही थी। सच तो यह है कि इसके लिए मुझे पहले से ही तैयार किया गया था। थोड़ी जंग ज़रूर लग गई थी, लेकिन मुझे अब भी पता था कि जब कुछ लोग आपको चुप कराना चाहते हैं, तो क्या करना चाहिए—बोलते रहना चाहिए।
मुझे यह भी महसूस हुआ कि जो लड़ाई मेरे छात्र खुद नहीं लड़ सकते, वह मुझे लड़नी होगी। वे कई तरह से अधिक असुरक्षित हैं—उन्हें भारत का वीज़ा न मिले, प्रकाशक डर के कारण उनकी किताबें न छापें, या कुछ प्रभावशाली और रूढ़िवादी लोग उनके विश्वविद्यालयों पर दबाव डालें।
मैं अपने करियर के आख़िरी दौर में थी, और सच कहूँ तो मेरे पास खोने के लिए ज़्यादा कुछ नहीं था। इसलिए कभी-कभी मैं खुद से यह सवाल पूछती थी: क्या मैं एक संस्कृत विद्वान हूँ जो राजनीतिक कार्यकर्ता की तरह काम कर रही है, या एक राजनीतिक कार्यकर्ता हूँ जो संस्कृत का विद्वान भी है?
अपनी माँ बनना
जब मैं भारत में अपनी किताब के बचाव के लिए सामने आई और साथ ही पेंगुइन तथा व्यापक रूप से सभी प्रकाशकों की स्वतंत्रता के लिए भी—तो सबसे पहले मुझे लगा कि इस संघर्ष में मेरे पिता की सीख और साहस मेरे काम आ रहे हैं। लेकिन मेरे बेटे माइक ने कहा, “नहीं, इस समय तुम्हारे साथ दादी खड़ी हैं।” तभी मुझे अचानक एहसास हुआ कि मैं वास्तव में अपनी माँ के रास्ते पर चल रही हूँ। जिन पहचान-बोध वाली कहानियों के बारे में मैं लिखती रही हूँ—जैसे सिंड्रेला या ओडिपस—उनके पात्रों की तरह मुझे भी एक तरह से अपनी असली पहचान समझ में आई। मुझे लगा कि मैं अपने पिता जैसी नहीं, बल्कि अपनी माँ जैसी बनती जा रही हूँ। असल में मैं ठीक-ठीक अपनी माँ नहीं बनी थी। बल्कि मैं वही बनने लगी थी, जो वह चाहती थीं कि मैं बनूँ। शायद वही जीवन, जो वे खुद जीना चाहतीं, अगर उन्हें वैसे अवसर मिलते जैसे उन्होंने मुझे दिए—सबसे पहले उन किताबों के रूप में, जो उन्होंने प्यार से मुझे पढ़ने के लिए दी थीं। जब मैंने अपने आज के जीवन में उस बीज को पहचाना, जो बहुत पहले मेरी माँ की उम्मीदों में बोया गया था, तो मुझे बार-बार द ग्रेट गैट्सबी के अंत की पंक्तियाँ याद आने लगीं: “गैट्सबी उस हरी रोशनी पर विश्वास करता था—उस भविष्य पर, जो हर साल हमारे सामने से थोड़ा और दूर खिसक जाता है। उस समय हम उसे पा नहीं सके, लेकिन इससे क्या फर्क पड़ता है—कल हम और तेज़ दौड़ेंगे, अपनी बाँहें और दूर तक फैलाएँगे… और किसी सुंदर सुबह—लेकिन हम यूँ ही आगे बढ़ते रहते हैं, धारा के विपरीत चलती नावों की तरह, जो लगातार पीछे, अपने अतीत की ओर धकेली जाती रहती हैं।”
साभार : American Council of Learned Societies
अनुवाद : राकेश कुमार मिश्र
……………………………………………………………………………………………………………..
[i] चार्ल्स होमर हैस्किन्स प्राइज़ (Charles Homer Haskins Prize) : वर्ष 1983 में शुरू हुआ यह पुरस्कार American Council of Learned Societies (ACLS) द्वारा दिया जाता है। इसका उद्देश्य उन विद्वानों को सम्मानित करना है जिन्होंने मानविकी (Humanities) और सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में आजीवन, उत्कृष्ट और व्यापक प्रभाव वाला शोध किया हो।
[ii] बाउहाउस (Bauhaus) : जर्मनी में स्थापित एक अत्यंत प्रभावशाली कला, डिज़ाइन और वास्तुकला संस्थान था, जिसकी स्थापना 1919 में वास्तुकार Walter Gropius ने की थी। यह संस्थान 1933 तक सक्रिय रहा। बाउहाउस केवल एक स्कूल नहीं था; यह आधुनिकतावादी (Modernist) कला-दृष्टि और डिज़ाइन-चिंतन का एक कला-आंदोलन भी था।
iii अंगकोर वाट (Angkor Wat): अंगकोर वाट का निर्माण 12वीं शताब्दी (लगभग 1113–1150 ई.) में हुआ। इसे खमेर साम्राज्य की स्थापत्य-प्रतिभा के शिखर के रूप में देखा जाता है। इसका निर्माण राजा सूर्यवर्मन द्वितीय ने अपने राज्य-वैभव और धार्मिक आस्था के प्रतीक के रूप में कराया। यह विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक स्मारक माना जाता है।
[iv] नेत्सुके (Netsuke) : जापान की पारंपरिक लघु शिल्पकृतियाँ हैं, जिनका विकास विशेष रूप से एदो काल (1603–1868) में हुआ। ये आकार में अत्यंत छोटी (प्रायः 2–5 सेमी) किंतु कलात्मक दृष्टि से अत्यंत परिष्कृत वस्तुएँ होती हैं।
[v] Aubrey Menen: ऑब्री मेनन 20वीं शताब्दी के एक विशिष्ट अंग्रेज़ी लेखक थे, जिनकी रचनाओं में तीखा व्यंग्य, सांस्कृतिक आलोचना और औपनिवेशिक मानसिकता पर प्रहार प्रमुख तत्व हैं। वे भारतीय और पश्चिमी परंपराओं के अंतर्संबंधों को विडंबनात्मक दृष्टि से देखने के लिए जाने जाते हैं।
[vi] The Ramayana As Told by Aubrey Menen (1954): 1954 में प्रकाशित यह पुस्तक रामायण का एक व्यंग्यात्मक (satirical) पुनर्कथन है। मेनन ने मूल महाकाव्य—विशेषतः रामायण (परंपरागत रूप से वाल्मीकि से संबद्ध)—को आधुनिक, तर्कवादी और आलोचनात्मक दृष्टि से पुनर्लेखन किया। यह न तो अनुवाद है, न ही शाब्दिक पुनर्प्रस्तुति; बल्कि यह एक reinterpretation है, जिसमें मिथकीय पात्रों और घटनाओं को मानवीय दुर्बलताओं, राजनीतिक सत्ता और सामाजिक संरचनाओं के संदर्भ में पुनःपरिभाषित किया गया है।
[vii] Gentleman’s Agreement: 1947 की एक अमेरिकी फ़िल्म है, जिसका निर्देशन Elia Kazan (1909-2003) ने किया था। यह फ़िल्म अमेरिकी समाज में मौजूद यहूदी-विरोध (antisemitism) पर तीखी टिप्पणी करती है। यह फ़िल्म Laura Z. Hobson (1900–1986) के 1947 में प्रकाशित उपन्यास पर आधारित है।
[viii] F. Scott Fitzgerald (1896–1940): एफ़. स्कॉट फ़िट्ज़जेराल्ड अमेरिकी उपन्यासकार और कथाकार थे, जिन्हें 1920 के दशक की “Jazz Age” पीढ़ी का प्रतिनिधि लेखक माना जाता है। उनकी रचनाएँ अमेरिकी स्वप्न (American Dream), विलासिता, नैतिक विघटन और अस्तित्वगत शून्यता के विषयों का सूक्ष्म विश्लेषण करती हैं।
[ix] Lost Generation: ‘लॉस्ट जेनरेशन’, 1920 के दशक के उन अमेरिकी और यूरोपीय लेखकों–कलाकारों के लिए प्रयुक्त शब्द है, जो प्रथम विश्वयुद्ध (1914–1918) के बाद गहरे नैतिक-सांस्कृतिक मोहभंग से गुजर रहे थे। यह पद सबसे पहले Gertrude Stein ने प्रयोग किया, और इसे लोकप्रिय बनाया Ernest Hemingway ने अपने उपन्यास में।
[x] Barbara Stoler Miller (1940–1993): बारबरा स्टोलर मिलर अमेरिकी इंडोलॉजिस्ट (Indologist), अनुवादक और संस्कृत साहित्य की विशिष्ट विदुषी थीं। उन्होंने भारतीय शास्त्रीय ग्रंथों—विशेषतः संस्कृत काव्य और धार्मिक दर्शन—का सटीक और काव्यात्मक अंग्रेज़ी अनुवाद प्रस्तुत किया। वे लंबे समय तक Barnard College (कोलंबिया विश्वविद्यालय से संबद्ध) में प्रोफेसर रहीं और दक्षिण एशियाई अध्ययन को अकादमिक प्रतिष्ठा दिलाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
[xi] वैलेडिक्टोरियन (valedictorian) : अमेरिका आदि देशों में valedictorian वह छात्र होता है जो अपनी कक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करता है और दीक्षांत समारोह में विदाई-भाषण (Valedictory Speech) देता है।
[xii] World Communist Youth Organization: इस संगठन का औपचारिक और ऐतिहासिक नाम World Federation of Democratic Youth (WFDY) है। द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद विश्व-शांति, उपनिवेशवाद-विरोध और फासीवाद-विरोध के एजेंडा के तहत वर्ष 1945 में लंदन में इसका गठन किया गया।
[xiii] रेडक्लिफ कॉलेज (Radcliffe College) : अमेरिका के कैम्ब्रिज, मैसाचुसेट्स में स्थित एक प्रसिद्ध महिला कॉलेज था, जो बाद में हार्वर्ड विश्वविद्यालय का हिस्सा बन गया। रेडक्लिफ कॉलेज की स्थापना 1879 में हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य उस समय महिलाओं को उच्च शिक्षा देना था, क्योंकि हार्वर्ड कॉलेज में प्रारम्भ में महिलाओं को प्रवेश नहीं मिलता था। यह एक women’s liberal arts college था और हार्वर्ड से शैक्षणिक रूप से जुड़ा हुआ था।
[xiv] Daniel Henry Holmes Ingalls (1916–1999): डैनियल हेनरी होम्स इंगॉल्स 20वीं शताब्दी के प्रमुख अमेरिकी संस्कृतविद् और भारतीय साहित्य के विद्वान थे। वे विशेष रूप से संस्कृत काव्यशास्त्र, दर्शन और भारतीय साहित्य के अध्ययन के लिए जाने जाते हैं। वे लंबे समय तक Harvard University में संस्कृत और भारतीय अध्ययन के प्रोफेसर रहे। उन्होंने संस्कृत साहित्य, विशेष रूप से काव्य और अलंकारशास्त्र के अध्ययन को पश्चिमी अकादमिक जगत में नई प्रतिष्ठा दिलाई।
[xv] Robert Charles Zaehner (1913–1974) : रॉबिन चार्ल्स ज़ेहनर 20वीं शताब्दी के प्रसिद्ध ब्रिटिश विद्वान थे, जो तुलनात्मक धर्म (comparative religion), हिंदू धर्म, ज़ोरास्ट्रियन धर्म, और मिस्टिसिज़्म (mysticism) के अध्ययन के लिए जाने जाते हैं। वे लंबे समय तक University of Oxford में प्रोफेसर रहे और पश्चिमी दुनिया में भारतीय धर्मों के अध्ययन को लोकप्रिय बनाने वाले महत्त्वपूर्ण विद्वानों में गिने जाते हैं।
[xvi] Tartu School: Tartu–Moscow Semiotic School 20वीं शताब्दी में विकसित एक प्रभावशाली बौद्धिक परंपरा थी, जो मुख्यतः संकेत-विज्ञान (semiotics) और संस्कृति-अध्ययन से जुड़ी हुई थी। इसका केंद्र एस्टोनिया के University of Tartu में था और यह सोवियत काल के विद्वानों के बीच विकसित हुआ। टार्टू स्कूल के विद्वानों के अनुसार भाषा, साहित्य, मिथक, कला, धर्म और सामाजिक व्यवहार—सभी को संकेत प्रणालियों के रूप में पढ़ा जा सकता है। Juri Lotman, Boris Uspensky और Vyacheslav Ivanov इस स्कूल के सबसे महत्त्वपूर्ण सिद्धांतकारों में से थे।
[xvii] रुडॉल्फ़ दंपती : रुडॉल्फ़ दंपती से आशय अमेरिकी विद्वान Lloyd I. Rudolph और उनकी पत्नी Susanne Hoeber Rudolph से है। ये दोनों प्रसिद्ध राजनीति वैज्ञानिक (political scientists) थे और विशेष रूप से भारतीय राजनीति और समाज के अध्ययन के लिए जाने जाते हैं। दोनों लंबे समय तक University of Chicago में अध्यापन और शोध से जुड़े रहे। उन्होंने भारत के लोकतंत्र, राज्य व्यवस्था और सामाजिक संरचनाओं पर गहन अध्ययन किया।
[xviii] Divinity School: डिविनिटी स्कूल किसी विश्वविद्यालय का वह विभाग होता है जहाँ धर्म, धर्मशास्त्र (theology), और धर्म के इतिहास का अकादमिक अध्ययन किया जाता है। उदाहरण के लिए, University of Chicago Divinity School दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित धर्म-अध्ययन केंद्रों में से एक माना जाता है।
[xix] Arthur Darby Nock: Arthur Darby Nock (1902–1963) एक प्रसिद्ध ब्रिटिश क्लासिक्स विद्वान और धर्म के इतिहास (History of Religions) के अध्येता थे। वे विशेष रूप से प्राचीन यूनानी और रोमन धर्मों तथा धार्मिक परिवर्तन (religious conversion) के अध्ययन के लिए जाने जाते हैं।
[xx] Committee on Social Thought: यह University of Chicago का एक अंतर्विषयी और बहुविषयी स्नातकोत्तर कार्यक्रम है। इसकी स्थापना 1941 में हुई थी। यह कार्यक्रम मानविकी और सामाजिक विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों के विद्वानों और विद्यार्थियों को एक साथ लाता है, ताकि वे महत्वपूर्ण क्लासिक ग्रंथों और मुलभूत विचारों के अध्ययन के माध्यम से मानव जीवन से जुड़े प्रश्नों पर विचार कर सकें।
[xxi] salon des refuses: यह एक फ़्रांसीसी अभिव्यक्ति है, जिसका शाब्दिक अर्थ है “अस्वीकृत लोगों की प्रदर्शनी/सभा” । यह शब्द मूल रूप से The Salon des Refusés (Exhibition of Rejects) से आया है। 1863 में पेरिस में उन कलाकारों की चित्रों की अलग प्रदर्शनी आयोजित की गई थी जिनकी रचनाएँ आधिकारिक कला प्रदर्शनी (Paris Salon) में स्वीकार नहीं की गई थीं।
[xxii] David Grene : David Grene (1913–2002) एक प्रसिद्ध आयरिश क्लासिक्स विद्वान थे। वे विशेष रूप से प्राचीन यूनानी साहित्य और नाटकों के अध्ययन और अनुवाद के लिए जाने जाते हैं। David Grene लंबे समय तक University of Chicago से जुड़े रहे। वहाँ वे Committee on Social Thought जैसे बहुविषयी कार्यक्रमों में भी सक्रिय थे। उन्होंने सोफ़ोक्लीज़, एस्किलस और यूरिपिडीज़ जैसे यूनानी नाटककारों की रचनाओं का अंग्रेज़ी में अनुवाद किया। उन्होंने प्राचीन ग्रीक साहित्य और दर्शन को आधुनिक पाठकों के लिए समझाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
[xxiii] Ravi Singh: रवि सिंह प्रमुख भारतीय प्रकाशक (publisher) हैं, जो समकालीन भारतीय प्रकाशन जगत में खासकर independent publishing के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रवि सिंह भारतीय प्रकाशन उद्योग में तीन दशकों से सक्रिय हैं। वे पहले Penguin India में Publisher / Editor-in-Chief रह चुके हैं । Aleph Book Company में Co-publisher रहे। उन्होंने 2014 में Manas Saikia के साथ मिलकर Speaking Tiger Books की स्थापना की।
[xxiv] Bedtricks : यह एक साहित्यिक शब्द है, खासकर अंग्रेज़ी नाटकों और कथा-साहित्य में प्रयुक्त होता है। जिसका अर्थ है ऐसी चाल या धोखा जिसमें किसी व्यक्ति को यह विश्वास दिलाया जाता है कि वह किसी विशेष व्यक्ति के साथ बिस्तर में है, जबकि वास्तव में कोई दूसरा व्यक्ति होता है। यह शब्द विशेष रूप से William Shakespeare के नाटकों Measure for Measure और All’s Well That Ends Well के लिए प्रसिद्ध हुआ है। इन नाटकों में bed trick एक कथानक उपकरण (plot device) के रूप में इस्तेमाल होता है।
[xxv] Widener Library: हार्वर्ड विश्वविद्यालय की प्रमुख लाइब्रेरी है, जो मैसाचुसेट्स राज्य के कैम्ब्रिज शहर में स्थित है। इसका निर्माण 1915 में पूरा हुआ था। यह Harvard Library प्रणाली का केंद्रीय अंग है, जो विश्व की सबसे बड़ी शैक्षणिक पुस्तकालय प्रणालियों में से एक है। यह पुस्तकालय हार्वर्ड के पूर्व छात्र हैरी एल्किन्स विडनर की स्मृति में बनाया गया है।
[xxvi] Regenstein Library: यह अमेरिका के University of Chicago का मुख्य पुस्तकालय है और इसे दुनिया के सबसे बड़े अकादमिक पुस्तकालयों में गिना जाता है। इसका निर्माण 1970 में हुआ। इसका नामकरण उद्योगपति Joseph Regenstein के नाम पर हुआ है।
[xxvii] Brooklyn Academy of Music: ब्रुकलिन एकेडमी ऑफ़ म्यूज़िक (स्थापना: 1861) अमेरिका का एक अत्यंत प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्थान है, जो संगीत, नाटक, नृत्य, ओपेरा, फिल्म और बहु-विषयक (multidisciplinary) कला-प्रस्तुतियों के लिए विश्वभर में जाना जाता है।
[xxviii] Peter Brook : पीटर ब्रुक (1925-2022) आधुनिक रंगमंच के सबसे प्रभावशाली निर्देशकों में से एक थे। उनका जन्म 1925 में लंदन में हुआ और उन्होंने अपने लंबे करियर में थिएटर की पारंपरिक सीमाओं को तोड़ते हुए उसे एक नए, सरल और जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। ब्रुक का सबसे प्रसिद्ध सिद्धांत “Empty Space” है, जिसमें वे कहते हैं कि किसी भी खाली स्थान को रंगमंच बनाया जा सकता है। उनके अनुसार, थिएटर का सार भव्य सजावट में नहीं, बल्कि अभिनेता और दर्शक के बीच जीवंत संबंध में निहित होता है। यह विचार रंगमंच को अधिक मानवीय और सुलभ बनाता है। उनकी चर्चित कृतियों में महाभारत (1985) का मंचन विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिसने भारतीय महाकाव्य को वैश्विक दर्शकों तक पहुँचाया। उन्होंने पेरिस में अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ काम करते हुए सांस्कृतिक सीमाओं को भी पार किया।
[xxix] Iwo Jima: इवो जीमा जापान के पास एक छोटा-सा ज्वालामुखीय द्वीप है, जो द्वितीय विश्व युद्ध में अत्यंत महत्वपूर्ण युद्ध का केंद्र बना। यहाँ फरवरी–मार्च 1945 के बीच अमेरिका और जापान के बीच भीषण लड़ाई हुई, जिसे इतिहास में Battle of Iwo Jima के नाम से जाना जाता है।
[xxx] The Tale of the Appointment in Samarra/The Appointment in Samarra: “समर्रा में नियति से भेंट की कथा” एक अत्यंत प्रसिद्ध रूपक (parable) है, जो नियति (fate) और मृत्यु की अनिवार्यता पर केंद्रित है। इसे आधुनिक रूप में सबसे पहले अंग्रेज़ लेखक W. Somerset Maugham ने लोकप्रिय बनाया, हालांकि इसकी जड़ें मध्य-पूर्वी लोककथाओं में मिलती हैं।