‘सनातन’ : अफ़साना और हक़ीक़त

हमने दुनियाभर की ज्ञान परंपराओं से यह हासिल किया है कि कोई भी भाव जो मनुष्यता की कसौटी को ऊपर रखता है, समाज के लिए वही सबसे उपयुक्त और बेहतर है। इसलिए सनातन का भी वही अर्थ बेहतर होगा जहाँ मनुष्यता की कसौटी सबसे ऊपर होगी।

डॉ. कुमार भास्कर

‘सनातन’ के शाब्दिक अर्थ को हम दो मायने में देख पाते हैं । एक है परंपरानिष्ठ और दूसरा है शाश्वत। परंपरानिष्ठ से तात्पर्य परंपरा अनुसार चला आता हुआ और शाश्वत से तात्पर्य सदा बना रहने वाला। परंपरा हमारी प्रथाओं, धारणाओं, विधि-विधानों इत्यादि में मौजूद है। परंपरा समाज की सामूहिक याददाश्त में होती है। वहीं शाश्वत शब्द के बारे में बात करें तो, अक्सर इस शब्द का इस्तेमाल प्रकृति, धर्म और ईश्वर के लिए किया जाता है। प्रकृति शाश्वत है और दुनिया के प्रत्येक धर्म अपने ईश्वर को शाश्वत मानते हैं। लेकिन जब हम मनुष्य की बात करते हैं तो मनुष्य का जीवन इस धरती पर शाश्वत नहीं रहा है। वह धरती के इतिहास में बहुत नया है। मनुष्य ने बारह हजार वर्ष पहले ही खेती करना सीखा है। इसलिए मनुष्य द्वारा निर्मित किसी भी चीज को हम शाश्वत नहीं कह सकते हैं।  तथापि हम भाव के स्तर पर किसी को भी शाश्वत मान सकते हैं। जैसे जब हम किसी से प्रेम करते हैं और हम यह चाहते हैं कि हमारा प्रेम सदा बना रहे। लेकिन हम यह जानते हैं कि यह शरीर सदा बचा नहीं रहेगा। इसके बावजूद हम प्रेम को शाश्वत मानते हैं, क्योंकि वह हमारे मनोभाव में चल रहा होता है, जिसके बारे में हम सोचते हैं कि यह हमारे मरने के बाद भी बना रहेगा। संस्कृति, परंपरा और स्मृतियाँ इंसानी शरीर के ख़त्म होने के बाद भी उसके भाव-पक्ष को बनाए रखती हैं। उदाहरण के लिए, मिथकों में राधा-कृष्ण का प्रेम और हक़ीक़त में दशरथ माँझी का प्रेम शाश्वत बने रहेंगे।

व्यावहारिक बातचीत और धारणाओं में प्राचीन समाज में शाश्वत या सनातन का शब्द का प्रयोग, प्रकृति संबंधी अर्थ में जरूर होता रहा होगा। उदाहरण के लिए, भारत के अंडमान निकोबार में रहने वाले सेंटिनलीज़ और जारवा जनजाति को देखें या अमेज़न के जंगल में रहने वाले पिरहा (Pirahã) जनजाति को। ये किसी भी स्थापित धर्म के बगैर प्रकृति के साथ अपने इतिहास और भविष्य की चिंता के बगैर वर्तमान में जटिल परिस्थितियों के साथ संबंध बनाकर जी रहे हैं। तात्पर्य है कि शाश्वत शब्द का व्यावहारिक अर्थ इन जनजातियों के भीतर प्रकृति के संबंध में हम देख सकते हैं, जिनके लिए किसी स्थापित ईश्वर और धर्म से ज़्यादा ज़रूरी प्रकृति के संग जीने की कला है जिसमें अन्य प्राणी भी जी रहे हैं। वहीं जो ईश्वर को मानते हैं, उनके लिए प्रकृति ईश्वर निर्मित है, इसलिए ईश्वर सनातन/शाश्वत है। सवाल यह है कि सनातन के अर्थ में कौन-सा अर्थ मानवीय, समतामूलक और समन्वयकारी है? प्रकृति से दूर धर्म और ईश्वर की वर्चस्ववादी लड़ाई की व्याख्या अपनी-अपनी सुविधा के अनुसार होते आए हैं। लेकिन देश-समाज के लिए उन सभी व्याख्याओं को जानना ज़रूरी है। इसी कड़ी में सबसे पहले सनातन शब्द की व्याख्या बौद्ध धर्म में देखने को मिलती है-

“न हि वेरेण वेराणि सम्मन्तिधा कुदाकनम्

अवेरेना च सम्मन्ति एसा धम्मो सनन्तनो” (संदर्भ)

“’मुझे निन्दा’, ‘मुझे मारा’, ‘मुझे जीता’, ‘मुझे त्यागा’। [इस तरह] जो उसको नहीं बाँधते, उनका वैर शांत हो जाता है। वैर से वैर यहाँ कभी शांत नहीं होता। अ-वैर से [ही] शांत होता है, यही सनातन-धर्म है ।”(संदर्भ)

यहाँ पर सनातन का भावार्थ सौहार्दपूर्ण और समन्वयकारी है।

सुत्तपिटक  में लोक को नित्य, शाश्वत, अ-शाश्वत कहा गया है।

जैन धर्म में अपने तीर्थंकरों की स्तुति में सनातन शब्द का प्रयोग होता है। “विराग सनातन शांत निरंश” स्तुति गीत है। जिसका मतलब है- राग रहित, आदि और अंत से रहित, जो शांति प्राप्त कर चुके हैं, कल्पनातीत।

मनुस्मृति  में सनातन शब्द का प्रयोग कई बार होता है। मनुस्मृति  के टीकाकार कुल्लूक भट्ट ने अध्याय एक के श्लोक 22 से 23 वें में सनातन शब्द का अर्थ ‘आदि और अनंत’ के रूप में किया है:

“कर्मात्मनां च देवानां सोऽसृजत्प्राणिनां प्रभुः । साध्यानां च गणं सूक्ष्म यज्ञं चैव सनातनम् ॥ २२ ॥

स ब्रह्मा देवानां गणमसृजत्। प्राणिनामिन्द्रादीनां कर्माणि आत्मा स्वभावो येषां तेषा-सप्राणिनांच ग्रावादीनां (३) साध्यानां च देवविशेषाणां समूहं यज्ञं च ज्योतिष्टोमादिर्क कल्पा-न्तरेऽप्यनुमीयमानत्वान्नित्यम् । साध्यानां च गणस्य पृथग्वचनं सूक्ष्मत्वात् ॥ २२ ॥

अग्निवायुरविभ्यस्तु त्रयं (४) ब्रह्मा सनातनम् । दुदोह यज्ञसिद्धयर्थमृग्यजुःसामलक्षणम् ॥ २३ ॥

डॉ. अंबेडकर ने इस श्लोक को स्पष्ट करते हुए लिखा है कि “कुल्लूक यह कहना चाहते हैं कि प्रत्येक कल्प में नए वेदों की रचना होती है और ब्रह्मा भी स्मृति से उसे पुनः स्थापित करते हैं। इसी कारण वे वेदों को अनादि–अनंत  कहते हैं अर्थात वे सनातन हैं।” (संदर्भ)

मनुस्मृति  में सनातन शब्द का अर्थ ईश्वर, वेद, परंपरा, धर्म विधियाँ, रहन-सहन, खान-पान, नियम-क़ानून और विधि-विधान के संदर्भ में  है। मनुस्मृति  में सनातन शब्द से सम्बन्धित संस्कृति के स्वरूप को निर्मित करने का प्रयास किया गया है। इस रूप में यह ग्रंथ महत्वपूर्ण है क्योंकि मनुस्मृति का महिमामंडन हमें महाभारत और रामायण जैसे ग्रंथों में भी देखने का मिलता है।  दोनों वह महाकाव्य हैं जिसने भारतीय संस्कृत में अपनी गहरी छाप छोड़ी है, जिसका असर एक साहित्यिक कृति से इतर अन्य वजहों से भी महत्वपूर्ण है। उसकी चर्चा हम आगे करेंगे।

मनुस्मृति  में भोजन के संदर्भ में इस उदाहरण को देखिए

“यादृशं भवति प्रेत्य वृथा मांसानि खादतः ॥ ३४ ॥

नियुक्तस्तु यथान्यायं यो मांसं नांत्ति मानवः। स प्रेत्य पशुतां यात्ति सम्भवानेकविंशतिम्॥ ३५ ॥ असंस्कृतान्पशून्मन्त्रैर्नाद्याद्विप्रः कदाचन। मन्त्रैस्तु संस्कृतानद्याञ्छाश्वतं विधिमास्थितः॥३६॥

मन्त्रों से जिनका संस्कार नहीं हुआ उन पशुओं को ब्राह्मण कभी न खावे । पर सनातन वेद विधि के अनुसार संस्कार किया गया हो तो अवश्य खावे । मांस खाने ही की इच्छा हो तो घृत का पशु या मैदा का पशु बनाकर विधि से मांस खावे। पर देव निमित्त के बिना पशु मारने की इच्छा कभी न करना चाहिए ॥”

ईश्वर के निमित्त मांसाहार के इस्तेमाल को सनातन दृष्टिकोण से स्वीकार किया गया है।

मनुस्मृति  में वेद के महत्व को सर्वोपरि माना गया है। वहीं दूसरी ओर मनु के अपने रचित सनातन संबंधी विचारों में किसी दूसरे तरह के विचार और ग्रंथों को लेकर अस्वीकार्यता है या उसके महत्त्व को कमतर माना  है। इस तरह की स्वीकृति, ज्ञान को तार्किक रूप में विस्तारित करने के बजाए अपनी सुविधा और लाभ के नज़रिए से रचित, भावात्मक विचारों को धर्म और ईश्वर के नाम पर भय की प्रतिष्ठा की गई है। इन्हीं कारणों से मनुस्मृति में जाति, लिंग, परंपरा इत्यादि के नाम पर जो विधि-विधान बनाए गए हैं, उसे भी सनातन स्वरूप माना गया है, जिसका पालन करना सनातनी होने की योग्यता है। उदाहरण, 12वें अध्याय में श्लोक 95 से 102 में ‘वेद शास्त्र सनातन’ की धारणा मिलती है। “…वेद से भिन्न मूलक जो ग्रंथ है वह सब उत्पन्न होते और थोड़े समय में नष्ट हो जाते हैं। वह आधुनिक होने से निष्फल और असत्य हैं। चारों वर्ण, चारों आश्रम, तीनों लोक और भूत, भविष्य, वर्तमान काल सब वेद ही से प्रसिद्ध होते हैं।….

विभत्ति सर्वभूतानि वेदशास्त्रं सनातनम् । तस्मादेतत्परं मन्ये यज्जन्तोरस्य साधनम् ॥ ९९ ॥”

अध्याय 1 से जाति, वर्ण संबंधी परंपरा का उदाहरण:

“वैश्यशूद्रोपचारं च सङ्गीर्णानां च सम्भवम् । आपद्धर्म च वर्णानां प्रायश्चित्तविधिं तथा ॥ ११६ ॥ संसारगमनं चैव त्रिविधं कर्मसम्भवम् । निःश्रेयसं कर्मणां च गुणदोषपरीक्षणम् ॥ ११७ ॥ देशधर्मान् जातिधर्मान् कुलधर्माश्च शाश्वतान् । पाखण्डगणधर्माश्च शास्त्रेऽस्मिन्नुक्तवान् मनुः ॥ ११८ ॥

वैश्य और शूद्रों के धर्मानुष्ठान का प्रकार, वर्णसङ्करों की उत्पत्ति, वर्षों का आपद्धर्म और प्रायश्चित्तविधि, उत्तम, मध्यम, अधम इन तीन प्रकार के कर्मों से देहगति का निर्णय, मोक्ष का स्वरूप, और कर्मों के गुण दोष की परीक्षा, देश धर्म, जाति का धर्म, कुल का धर्म जो परंपरा से चला आता है। पाखण्डियों के कर्म, गण-वैश्य आदि के धर्म इस शास्त्र में भगवान् मनु ने कहा है ।। ११६-११८ ।।”

मनुस्मृति  में धर्म और अध्यात्म के संदर्भ में भी सनातन संबंधी कुछ विचार अभिव्यक्त हुए हैं जो अपनी जगह सही है। जैसे छठे अध्याय में:

“प्रियेषु स्वेषु सुकृतमप्रियेषु च दुष्कृतम् । विसृज्य ध्यानयोगेन ब्रह्माभ्येति सनातनम् ॥ ७६ ॥….

ब्रह्मज्ञानी पुरुष अपने प्रिय पुरुषों के ऊपर पुण्य और अप्रियों के ऊपर पाप त्यागकर, ध्यानयोग से सनातन ब्रह्मपद को प्राप्त होता है।…”

लेकिन मनुस्मृति की अभिव्यक्ति में पूर्वाग्रह और असमानता के इतने बिंदु हैं जिससे सनातन की अन्य व्याख्या भेदभाव वाली व्याख्या की तुलना में कमतर नज़र आती है।

वाल्मीकि रामायण में कई जगहों पर सनातन शब्द का प्रयोग मिलता है। अयोध्याकाण्ड में कहा गया है:

“इदं हि वृत्तमुचितं कुलस्यास्य सनातनम् । दानं दीक्षा च यज्ञेषु तनुत्यागो मृधेषु हि ॥ ७ ॥

‘दान देना, यज्ञ में दीक्षा ग्रहण करना और युद्ध में शरीर त्यागना-यही इस कुल का उचित एवं सनातन आचार है’ ॥ ७ ॥”

इसके अलावा दूसरे अर्थों में भी सनातन शब्द का प्रयोग है, जैसे सनातन ब्रह्मलोक। मनुस्मृति की तरह ही सनातन नियमों का प्रभाव वाल्मीकि रामायण में भी देखने को मिलता है। अयोध्याकाण्ड से:

“यावज्जीवति काकुत्स्थः पिता मे जगतीपतिः । शुश्रूषा क्रियतां तावत् स हि धर्मः सनातनः ॥ १३ ॥

‘मेरे पिता ककुत्स्थकुल भूषण महाराज दशरथ जब तक जीवित हैं, तब तक तुम उन्हीं की सेवा करो। पति की सेवा ही स्त्री के लिये सनातन धर्म है’ ॥ १३ ॥”

स्त्री धर्म के संदर्भ में अयोध्याकाण्ड से:

“शुश्रूषामेव कुर्वीत भर्तुः प्रियहिते रता ॥ २७ ॥ एष धर्मः स्त्रिया नित्यो वेदे लोके श्रुतः स्मृतः।

अतः नारी को चाहिये कि वह पति के प्रिय एवं हित-साधन में तत्पर रह कर सदा उसकी सेवा ही करे, यही स्त्री का वेद और लोक में प्रसिद्ध नित्य ( सनातन) धर्म है। इसी का श्रुतियों और स्मृतियों में भी वर्णन है ॥ २७३ ॥”

महाभारत  में सनातन शब्दों का काफी प्रयोग हुआ है। उदाहरण के लिए, अनुशासन पर्व से यह अंश देखें:

“वेदोक्तः परमो धर्मः स्मृतिशास्त्रगतोऽपरः । शिष्टाचीर्णोऽपरः प्रोक्तस्त्रयो धर्माः सनातनाः ।। ६५ ।।

पहला है वेदोक्त धर्म, जो सबसे उत्कृष्ट धर्म है। दूसरा है वेदानुकूल स्मृति-शास्त्र में वर्णित – स्मार्तधर्म और तीसरा है शिष्ट पुरुषों द्वारा आचरित धर्म (शिष्टाचार)। ये तीनों धर्म सनातन है ।। ६५ ।।”

“यथा पत्याश्रयो धर्मः स्त्रीणां लोके सनातनः । सदैव सा गतिर्नान्या तथास्माकं द्विजातयः ।। २९ ।।

जैसे इस संसार में स्त्रियों का सनातन धर्म सदा पति की सेवा पर ही अवलम्बित है, उसी प्रकार ब्राह्मण ही सदैव हमारे आश्रय हैं। हमलोगों के लिये उनके सिवा दूसरा कोई सहारा नहीं है ।। २९ ।।”

वैष्णवधर्म पर्व से:

“अत्र ते वर्तयिष्यामि यथा धर्म सनातनम् । राजन्यो ब्राह्मणान् राजन् पुरा परिचचार ह ।। ३२।। वैश्यो राजन्यमित्येव शूद्रो वैश्यमिति श्रुतिः।

राजन् ! अब मैं तुम्हें सनातन काल का धार्मिक व्यवहार कैसा है, यह बताऊँगा। हमने सुना है पूर्वकाल में क्षत्रिय ब्राह्मणों की, वैश्य क्षत्रियों की और शूद्र वैश्यों की सेवा किया करते थे ।। ३२ ।।”

वैष्णवधर्म पर्व से-

“उत्पत्तिरेव विप्रस्य मूर्तिर्धर्मस्य शाश्वती ।

स हि धर्मार्थमुत्पन्नो ब्रह्मभूयाय कल्पते ।।

ब्राह्मण जन्म से ही धर्म की सनातन मूर्ति है। वह धर्म के ही लिये उत्पन्न हुआ है और वह ब्रह्मभाव को प्राप्त होने में समर्थ है ।।”

सवाल यह है कि सनातन का कौन सा अर्थ सही है? एक वह है जो बौद्ध धर्म और  जैन धर्म में देखने को मिलता है। दूसरा, जो संस्कृत धर्म शास्त्रों और ब्राह्मण ग्रन्थों में देखने को मिलता है। ऐसी स्थिति में सनातन का सही और व्यापक अर्थ उसे ही माना जाएगा जो लोक कल्याणकारी भावना को सर्वोपरि रखता है। इतिहास, वर्तमान को कई बार संतुलित करता है। हमने दुनियाभर की ज्ञान परंपराओं से यह हासिल किया है कि कोई भी भाव जो मनुष्यता की कसौटी को ऊपर रखता है, समाज के लिए वही सबसे उपयुक्त और बेहतर है।  इसलिए सनातन का भी वही अर्थ बेहतर होगा जहाँ मनुष्यता की कसौटी सबसे ऊपर होगी। सवाल यह है कि क्या सनातन के स्वभाव में असमानतामूलक भाव मौजूद हैं? इस प्रश्न के उत्तर के लिए जब हम विस्तार से देखते हैं तो यह बात और भी ज्यादा व्यवस्थित नज़र आती है। बौद्ध धर्म में सनातन शब्द, किसी विषमता को नहीं उपजता है। वहीं दूसरी ओर सनातन शब्द के भाव में विषमता के तत्व पाए जा रहे हैं, जो सामाजिक व्यवस्था की मनौवैज्ञानिक समझ को धार्मिक रूप से मजबूती प्रदान करने का कार्य कर रहा है। यही संरचना आगे चलकर भारतीय संस्कृति का मूल आधार बनने का प्रयास करती है जिसे हम हिंदू संस्कृति के एक हिस्से के रूप में देखते हैं। देखा जाए तो हिंदू संस्कृति में प्राकृत भाषा  परंपरा की संस्कृति और विचारकों को अक्सर कमतर या नज़रअंदाज किया गया है। समय के साथ ब्राह्मण संस्कृति का दबदबा हिंदू संस्कृति के ऊपर देखा जाने लगा जो कि सरासर गलत था और है। इसी वजह से संस्कृत के कई महत्वपूर्ण ग्रंथों में सनातन के माध्यम से असमानतामूलक भाव  नजर आते हैं। उदाहरण के तौर पर मनुस्मृति  के अध्याय 5 में श्लोक 147 से 151  में स्त्री धर्म पर चर्चा की गई है-

“बालया वा युवत्या वा वृद्धया वाऽपि योषिता । न स्वातन्त्र्येण कर्तव्यं कि चिद् कार्यं गृहेष्वपि ॥ ॥१४७॥ बाल्ये पितुर्वशे तिष्ठेत् पाणिग्राहस्य यौवने । पुत्राणां भर्तरि प्रेते न भजेत् स्त्री स्वतन्त्रताम् ॥ ॥१४८॥ पित्रा भर्चा सुतैर्वाऽपि नेच्छेद् विरहमात्मनः । एषां हि विरहेण स्त्री गर्हो कुर्यादुभे कुले ॥ ॥१४९॥ सदा प्रहृष्टया भाव्यं गृहकार्ये च दक्षया । सुसंस्कृतोपस्करया व्यये चामुक्तहस्तया ॥ ॥१५०॥ यस्मै दद्यात् पिता त्वेनां भ्राता वाऽनुमते पितुः । तं शुश्रूषेत जीवन्तं संस्थितं च न लङ्घयेत् ॥ ॥१५१॥

स्त्री चाहे बालक, युवती अथवा वृद्ध हों, उनको घर में कोई काम स्वतन्त्रता से नहीं करना चाहिए। स्त्री बालकपन में पिता की आज्ञा में, जवानी में पति की आज्ञा में और पति के बाद पुत्र की आज्ञा में रहे परन्तु स्वतन्त्रता का भोग कभी न करे। स्त्री, पिता, पति वा पुत्रों से अलग रहने की इच्छा न करें। अलग रहने से पिता और पति दोनों कुलदोषी होते हैं। सदा प्रसन्नचित्त और घर के काम में चतुर रहें, घर के सामान को पवित्र रखे और खर्च संभाल कर करे। पिता या पिता की संमति से भाई जिसके साथ विवाह कर दे, उस पति की सेवा जीवन भर स्त्री को करनी चाहिए और उसके मृत्यु होने पर ब्रह्मचर्य से रहना चाहिए ॥ १४७-१५१ ॥”

कुछ इस तरह से ही जाति के संदर्भ में मनुस्मृति के अध्याय 8 से-

“शतं ब्राह्मणमाकुश्य क्षत्रियो दण्डमर्हति । वैश्योऽप्यर्धशतं द्वे वा शूद्रस्तु वधमर्हति ॥ ॥ २६७॥ पञ्चाशद् ब्राह्मणो दण्ड्यः क्षत्रियस्याभिशंसने । वैश्ये स्यादर्धपञ्चाशत्शूद्रे द्वादशको दमः ॥ ॥२६८॥ समवर्णे द्विजातीनां द्वादशैव व्यतिक्रमे । वादेष्ववचनीयेषु तदेव द्विगुणं भवेत् ॥ ॥२६९॥ एकजातिर्द्विजातींस्तु वाचा दारुणया क्षिपन् । जिह्वायाः प्राप्नुयाच्छेदं जघन्यप्रभवो हि सः ॥ ॥२७०॥

ब्राह्मण को क्षत्रिय गाली दे तो सौ पण दण्ड करना चाहिए। वैश्य को डेढ़ सौ या दो सौ पण दण्ड करे। शूद्र को तो पीटना ही योग्य है। क्षत्रिय को गाली ब्राह्मण दे तो पचास पण,  वैश्य को दे तो पचीस और शूद्र को गाली दे तो बारह पण दण्ड करे। द्विजाति अपने समान वर्ण को गाली दे तो बारह पण और गंदी गाली दे तो इसका दूना दण्ड करे। कोई शूद्र, द्विजाति का कठोर वाणी से अपमान करे तो उसकी जीभ काट ले। क्योंकि शुद्र निकृष्ट से पैदा हुआ है। ॥ २६७-२७०॥”

सनातन धर्म के स्ट्रक्चर में उसके संस्थागत वैधानिक स्वरूप को तैयार किया जा रहा है। वेदों में वर्ण व्यवस्था देखने को मिलती है। हर जगह वेद को सनातन कहा गया चाहे मनुस्मृति हो,वाल्मीकि रामायण हो या महाभारत। वाल्मीकि रामायण और महाभारत में स्मृतियों को भी बड़ा महत्व दिया गया है।

महाभारत से उदाहरण –

“मन्वादिभिः कृताः पूर्वं मर्यादा मानवेषु याः। अनतिक्रम्य ताः सर्वाः कुलेषु समयानि च। अन्वशासन्त राजानो धर्मपुत्रप्रियंकराः।।

पूर्वकाल में मनु आदि राजर्षियों ने मनुष्यों में जो मर्यादाएँ स्थापित की थीं, उन सबका तथा कुलोचित सदाचारों का उल्लंघन न करते हुए भूमण्डल के सभी राजा अपने-अपने राज्य का शासन करते थे। इस प्रकार सभी भूपाल धर्मपुत्र युधिष्ठिर का प्रिय करने वाले थे ।।”

वाल्मीकि रामायण से उदाहरण –

“वेदा ब्राह्मणरूपेण गायत्री सर्वरक्षिणी । ओङ्कारोऽथ वषट्कारः सर्वे राममनुव्रताः ॥ ८ ॥

चारों वेद ब्राह्मण का रूप धारण करके चल रहे थे। सबकी रक्षा करने वाली गायत्री देवी, ओंकार और वषट्‌कार सभी भक्तिभाव से श्रीराम का अनुसरण करते थे ॥ ८ ॥”

“सर्वा पूर्वमियं येषामासीत् कृत्स्ना वसुंधरा । प्रजापतिमुपादाय नृपाणां जयशालिनाम् ॥ १ ॥

येषां स सगरो नाम सागरो येन खानितः । षष्टिपुत्रसहस्राणि यं यान्तं पर्यवारयन् ॥ २ ॥

इक्ष्वाकूणामिदं तेषां राज्ञां वंशे महात्मनाम् । महदुत्पन्नमाख्यानं रामायणमिति श्रुतम् ॥ ३ ॥

यह सारी पृथ्वी पूर्वकाल में प्रजापति मनु से लेकर अब तक जिस वंश के विजयशाली नरेशों के अधिकार में रही है, जिन्होंने समुद्र को खुदवाया था और जिन्हें यात्राकाल में साठ हजार पुत्र घेर कर चलते थे, वे महाप्रतापी राजा सगर जिनके कुल में उत्पन्न हुए, इन्हीं इक्ष्वाकुवंशी महात्मा राजाओं की कुल परम्परा में रामायण नाम से प्रसिद्ध इस महान् ऐतिहासिक काव्य की अवतारणा हुई है ॥ १-३ ॥”

कुल मिलाकर,  दो केंद्रीय ग्रंथ हैं वेद और मनुस्मृति । मनुस्मृति में वेदों का महिमामंडन है और अन्य ग्रंथों में मनुस्मृति और वेद, दोनों का महिमामंडन है। प्रसिद्धि और प्रभाव के दृष्टिकोण से देखें तो वेद, मनुस्मृति, वाल्मीकि रामायण और महाभारत हिंदुस्तान के प्रमुख धार्मिक ग्रन्थ रहे हैं। इन ग्रंथो को विस्तार से पढ़ने पर हम देख पाते हैं कि धर्म के संकुचित और रूढ़ स्वरूप को गढ़ा जा रहा है, जिसमें असमानतामूलक और दमनात्मक प्रवृत्ति प्रबल है।  खासतौर से मनुस्मृति में काफी कठोर शब्दों से और वाल्मीकि रामायण-महाभारत में अपेक्षाकृत कम कठोर शब्दों से। इन रचनाओं को आस्था के दृष्टिकोण से मानने वाले लोगों के लिए असमानतामूलक भाव महत्वपूर्ण नहीं हो सकता है। किसी भी रचना की श्रेष्ठता उसके सामाजिक और मानवीय मूल्यों से तय होगी, न कि शास्त्रीय मूल्यों से। किसी रचना में सकारात्मक मूल्यों के साथ-साथ सनातन के नाम पर गैर-बराबरी जैसे नकारात्मक  मूल्यों की प्रतिष्ठा की जा रही है तो ऐसी स्थिति में आस्थावादी लोगों के लिए, नकारात्मक मूल्यों को भी सकारात्मक समझ के साथ, श्रद्धा और भक्ति के नाम पर स्वीकार करने की संभावना ज़्यादा प्रबल होगी।

सवाल यह है कि सनातन के नाम पर कौन सा भाव हमारे मनोविज्ञान पर हावी है? इसके अनुसार ही चीजें तय होगी। देखा जाए तो समय के साथ मनुस्मृति की सनातनता का भाव भारतीय समाज में प्रभावशाली हो गया। इन्हीं वजहों से हम देखते हैं कि जो बहुजन नायक हैं, चाहे वह ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले हों या ई. वी. रामासामी पेरियार और डॉ. अम्बेडकर, सनातन धर्म की वकालत नहीं करते हैं। डॉ. अंबेडकर ने तो सनातन को साज़िश की नज़र से देखा है। अपनी पुस्तकों में उन्होंने सनातन शब्द के पीछे की पूरी मंशा को बहुत विस्तार से तथ्य और तर्क के साथ पेश किया है, ख़ासतौर से अपनी पुस्तक ‘हिन्दू धर्म की पहेलियाँ’ में। इसी पुस्तक की प्रस्तावना में डॉ.अंबेडकर लिखते हैं कि- “ब्राह्मणों ने यह प्रचारित किया कि हिंदू सभ्यता सनातन है, मतलब अपरिवर्तनीय। बहुत से यूरोपीय विद्वानों ने भी यही राग अलापा है, जिनका कहना है कि हिंदू सभ्यता अडिग-अटल है। इस पुस्तक में मैंने यही बताने की चेष्टा की है कि यह धारणा तथ्यपरक नहीं है और हिंदू सभ्यता समय-समय पर बदलती रही है तथा अक्सर इसमें भारी बुनियादी परिवर्तन हुए हैं। अहिंसा की पहेली (पृ.117) ओर ‘अहिंसा से हिंसा पर वापसी’ (पृ.122) पहेलियों पर दृष्टिपात करें। मैं जन-समुदाय को यह अहसास कराना चाहता हूं कि हिंदू धर्म सनातन नहीं है।… पुस्तक का दूसरा उद्देश्य हिंदुओं का ध्यान इस ओर आकृष्ट करना है कि ब्राह्मणों ने क्या-क्या चालें चलीं और उन्हें यह अहसास कराना है कि ब्राह्मणों ने उन्हें कितना छला, कितना गुमराह किया।”

कितने संघर्षों और सुधारों के बावजूद भारतीय मनोविज्ञान में आज भी उसी कट्टर सांस्कृतिक आक्रमकता के साथ मनुवादी सनातन का भाव मौजूद है। इसलिए हमने देखा है कि सनातन के नाम पर भारत के मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई पर जूता चला था। ऐसे और भी उदाहरण मिल जाएंगे। हिंदू धर्म के पर्याय के रूप में सनातन धर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है। जबकि हिंदू धर्म और हिंदू संस्कृति एक बहुआयामी संस्कृति और धर्म है। इस बहुआयामी संस्कृति को कपड़े, भोजन, धर्म-विधियाँ, विचार इत्यादि के नाम पर एक खास तरह की संस्कृति को हावी करके, उसे सनातन संस्कृति का नाम दिया जा रहा है। सनातन संस्कृति और धर्म की व्यापक व्याख्या ब्राह्मण ग्रंथों में देखने को मिलती है, जिसको पढ़कर ऐसा मालूम पड़ता है कि जैसे एक खास तरह की संस्कृति को आरोपित करने की हड़बड़ी और बेचैनी है। बौद्ध और ब्राह्मण संस्कृति का टकराव और उसके प्रभाव के रूप में भी हम इस परंपरा को देख सकते हैं। ऐसे में धर्म और संस्कृति के नाम पर थोपना, पीड़ा देना, एकांगी भाव या अधिकार बोध से लागू करके, एक कट्टर सांस्कृतिक क़ानून बनाने का प्रयास सदियों से जारी है जो आज भी अपनी मानसिकता को किसी तालिबानी संस्कृति की तरह लागू करने पर तुला हुआ है।

अपने वर्तमान को देखकर कई बार ऐसा महसूस होता है कि सनातन शब्द के लिए जो बुद्ध का विचार था, जिसके भाव में सब समाहित हो सकते हैं, वह कहीं खो गया है। जहाँ ‘अ–वैर’ सनातन धर्म था, वहीं अभी के हालात में मानो की ‘वैर’ ही सनातन की प्रवृत्ति हो गई है। आध्यात्मिक दृष्टिकोण से हर किसी की सनातन की अपनी व्याख्या है। हजारों वर्षों में जिस मनुष्यता के मायने को हमने समझा, वह भी एक सनातन सत्य हो सकता है! सभी धर्मों में किसी न किसी रूप में इससे मिलती-जुलती व्याख्या देखने को मिल जाती है। हमें यह समझना होगा कि संस्कृति किसी भी तरह की हो, सनातन नहीं हो सकती है। संस्कृति गतिशील है और यह परिवर्तित होती रहती है। संस्कृतियों का अंत भी होता है और निर्माण भी। संस्कृति का वर्चस्ववादी और संकुचित रवैया किसी भी धर्म और समाज को दमघोंटू और कट्टर बना देता है। इसीलिए डॉ. अम्बेडकर लिखते हैं- “क्या हिन्दुओं को इस पर विचार कर मान नहीं लेना चाहिए कि कुछ भी स्थिर नहीं है। कुछ भी शाश्वत नहीं है और न ही कुछ सनातन है, हर चीज परिवर्तनशील है, व्यक्ति और समाज के लिए परिवर्तन जीवन का नियम है। एक बदलते हुए समाज में पुराने मूल्यों में सतत क्रांतिकारी बदलाव आना चाहिए तथा हिन्दुओं को यह महसूस करना चाहिए कि यदि कार्यों को मापने के कुछ मानक है तो उन मानकों को सुधारने के लिए तैयार रहना चाहिए।”

Share This Article
5 Reviews