साहित्य की समझ को दुरुस्त करने वाले ‘मोबाइल शिक्षक’ : नामवर सिंह

सामान्यत: शिक्षक विद्यार्थी को महत्व नहीं देते। उनके ‘अज्ञान’ पर खीजते और अपनी विद्वता का महात्म्य प्रदर्शित करने का एक भी मौक़ा नहीं चूकते। ऐसे में अगर नामवर जी जैसा विद्वान विद्यार्थियों से मिली चुनौतियों को महत्त्व दे रहा हो तो इसके मायने को समझने की कोशिश करनी चाहिए और अपनी शिक्षण प्रणाली पर गंभीरता से पुनर्विचार करना चाहिए।

कमलानंद झा

नामवर सिंह के विद्यार्थी उनसे पढ़ते हुए और उनके व्याख्यानों को सुनते हुए इस बात को अच्छी तरह महसूस करते होंगे कि शिक्षण प्रविधि केवल स्कूल के लिए ही ज़रूरी नहीं है बल्कि उच्च शिक्षा में भी इसका महत्व है। नामवर सिंह एक दुर्लभ शिक्षक के साथ-साथ साहित्य के गंभीर शिक्षाशास्त्री भी थे। उनके शिक्षण-कौशल तथा उनके द्वारा निर्मित पाठ्यक्रम में उनके इन दोनों रूपों को तलाशा जा सकता है। नामवर सिंह बतौर शिक्षक सर्वप्रथम अपनी विद्वता और प्रचंड बौद्धिकता को शिक्षण से दूर रखते। कई बार आपको यकीन ही नहीं होता कि आप इतने बड़े विद्वान से पढ़ रहे हैं। इस कला से वे विद्यार्थी और विद्वता के गैप को भरने का प्रयास करते। विद्यार्थियों को वे विद्वता के आतंक से बचाते और उन्हें सबसे पहले सहज करते। वे इस बात को अच्छी तरह समझते कि सहज हुए बगैर ‘सिखाना’ संभव नहीं है। उनके योग्य शिष्य पुरुषोत्तम अग्रवाल ने लिखा है कि ‘नामवर सिंह सिर्फ़ पढ़ाते नहीं सिखाते हैं। सजग रूप से भी,  अनजाने भी। अपनी उपलब्धियों से भी, असफलताओं से भी। अपनी संभावनाओं से भी, विवशताओं और दुर्बलताओं से भी।’

मैं कई शिक्षकों को जानता हूँ जो पहली ही क्लास में अपनी विद्वता की ‘धाक’ विद्यार्थियों पर ‘जमा’ देते हैं। इससे विद्वता की धाक तो जम जाती है लेकिन विद्यार्थियों में जिस कुंठा का जन्म होता है, उससे कई विद्यार्थी आजीवन मुक्त नहीं हो पाते। अच्छा शिक्षक अपने विद्यार्थियों को कुंठामुक्त करता है। नामवर सिंह अपने छात्र-छात्राओं को कुंठा रहित तो करते ही साथ ही उसके चित्त से पूर्व की कई कुंठाओं को भी निकालने का प्रयास करते। उदाहरण के लिए वे अपने विद्यार्थी से कस्बे या गाँव के कॉलेज में उन्हें पढ़ाने वाले शिक्षक का नाम पूछते और कहते कि ‘मैंने उनका नाम सुना है’, कई बार कहते ‘उनसे मिला हूँ’, ‘वे बहुत अच्छे शिक्षक हैं’। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्ववास का भाव जगता और उसे ऐसा महसूस होता कि वह भी कोई ‘इग्गी-दुग्गी’ शिक्षक से पढ़कर नहीं आया है। इसी तरह पढ़ाने के क्रम में वे ऐसा कोई मौक़ा नहीं चूकते जब वे विद्यार्थियों को भाषिक, लैंगिक और जातिगत कुंठा से भी मुक्त करने का प्रयास करते।

 

पढ़ाने की कला और कला की पढ़ाई

नामवर सिंह घोषित रूप से कहते कि विद्यार्थियों ने मुझे नामवर बनाया। पाँच विश्वविद्यालयों में पढ़ते और तीन विश्वविद्यालयों में पढ़ाते हुए मुझे आज तक कोई ऐसा शिक्षक नहीं मिला जिसने विद्यार्थियों का मूल्याँकन इस रूप में किया हो। विद्यार्थियों के प्रति उनमें गहरा आत्मविश्वास था। पेडागोगी का अर्थ विस्तार करते हुए उनका कहना था कि शिक्षक ही विद्यार्थी नहीं बनाता बल्कि विद्यार्थी भी शिक्षक बनाता है। यह ज्ञान की दोतरफ़ा आवाजाही है। 1992 ई. में भरी सभा में अपने विदाई समारोह में उन्होंने कहा था, “यहाँ विद्यार्थियों से, छात्रों से जो बौद्धिक चुनौतियाँ मिली, अगर ये नहीं मिलतीं तो हम लोग भी उसी तरह से एक ख़ास तरह की ‘स्मगनेस’ के शिकार हो गए होते। रोज़मर्रा की जो चुनौतियाँ हमें विद्यार्थियों से कक्षाओं के बाहर हॉस्टल में, सडकों पर, सेमीनार में मिलीं और उसके साथ ही मैं बहुत भाग्यशाली हूँ।”

सामान्यत: शिक्षक विद्यार्थी को महत्व नहीं देते। उनके ‘अज्ञान’ पर खीजते और अपनी विद्वता का महात्म्य प्रदर्शित करने का एक भी मौक़ा नहीं चूकते। ऐसे में अगर नामवर जी जैसा विद्वान विद्यार्थियों से मिली चुनौतियों को महत्त्व दे रहा हो तो इसके मायने को समझने की कोशिश करनी चाहिए और अपनी शिक्षण प्रणाली पर गंभीरता से पुनर्विचार करना चाहिए।

अपने एक साक्षात्कार में वे कहते हैं,

“हम लोग ये तो जिक्र करते हैं कि जे.एन.यू. को हमने बनाया। यह भूल जाते हैं कि जे.एन.यू. ने हमको कितना बनाया। जे.एन.यू. का एक वातावरण है, हमारे छात्र-छात्राओं ने हमें बनाया। उनसे संवाद के दौरान हमने बहुत कुछ सीखा है। उनके सवाल ऐसे होते थे जिनका जवाब  देने के लिए तैयारी करके जाते थे ताकि हम इस लायक हों कि उनके सवालों का संतोषप्रद जवाब दे सकें। घनानंद ने कहा है ‘लोग हैं लागि कवित्त बनावत, मोहे तो मोरे कवित्त बनावत’ इसलिए हमने ही छात्र नहीं बनाए, छात्रों ने भी हमें बनाया। इस बात को कभी नहीं भूलना चाहिए। सबसे बड़ी बात यह है कि अगर ऐसे छात्र न मिले होते, उनकी ओर से चुनौतियाँ न आयीं होतीं तो कहीं और होते हम लोग।”

(जे.एन.यू.में नामवर सिंह,सं-सुमन केसरी, राजकमल प्रकाशन, पृष्ठ 35)

पढ़ाते समय जब कंटेंट जटिल या दुरूह होता तो वे हल्के मूड में होते, कई बार जरूरत से अधिक लेकिन इसके विपरीत जब कंटेंट हल्का होता तो मूड गंभीर। काव्यशास्त्र में ध्वनि  को पढ़ाते हुए उन्होंने एक विलक्षण प्राकृत-मुक्तक का उदाहरण दिया ‘भम धम्मिअ बीसत्यो….कहा कि एक बाबाजी प्रेमी-प्रेमिका के मिलन में बाधक बन गए। ठीक मिलन के समय ही वे फूल तोड़ने आ जाते तो एक दिन प्रेमिका ने बाबाजी को कहा ‘हे धार्मिक। तुम निश्चिन्त होकर घूमो, क्योंकि जिस कुत्ते से तुम डरते थे उसे गोदावरी के कुञ्ज में रहने वाले बाघ ने आज ही मार डाला है।’ यहाँ कुल मिलाकर जो अकथित है, वही प्रधान है। यहाँ ध्वनि यह है कि अब और बड़ी बाधा आ गई है। पहले तो कुत्ता ही था, जिससे तुम डरते थे, अब वहाँ बाघ है। भूले से इधर मत आना। मजेदार टिप्पणी लगाते हुए नामवर जी ने कहा ये जो धार्मिक होते हैं हमेशा फूल-पत्ती तोड़ते रहते हैं ‘जोरू न जाँता अल्ला मियाँ से नाता’ यहाँ यह व्यंजित है, ध्वनित है। वाच्यार्थ या कथित तो विधि का है, परन्तु ध्वनि suggested meaning निषेध की है। इसके विपरीत विद्यापति या रीतिकाल का शृंगारिक पदों को पढ़ाते समय वे विशेष गंभीर रहते। विद्यार्थियों को अन्यथा छूट देने का तो प्रश्न ही नहीं था।

जे.एन.यू. में हमलोगों की मासिक परीक्षा होनी थी। नामवर जी के पत्र में हमलोग बहुत डरे हुए थे कि न जाने वे क्या पूछ दें। उन्होंने बिलकुल सामान्य-से दो प्रश्न दिए जिनमें से एक का ही उत्तर लिखना था।  हमलोगों के एक पढ़ाकू मित्र ने दोनों प्रश्नों का उत्तर लिख दिया और टिप्पणी लगायी कि कोई एक उत्तर देख लें। हमारे उस पढ़ाकू मित्र को नामवरजी ने सामान्य अंक दिए और बताया कि परीक्षा केवल आपके ज्ञान की परीक्षा नहीं लेती है, वह आपके अनुशासन की भी परीक्षा लेती है और ज्ञान के नियंत्रण की भी। परीक्षा का अर्थ ही है दूसरे की इच्छा। परीक्षा विद्वता का प्रदर्शन नहीं, ज्ञान के समायोजन और बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन है। परीक्षा अतिरिक्त ज्ञान को संदर्भित ज्ञान में रूपान्तरण की कला है। परीक्षा ज्ञान का वमन नहीं प्रश्नों के सन्दर्भ में ज्ञान का संतुलित-कलात्मक विभाजन है। परीक्षा सीखने से इतर चीज़ नहीं बल्कि वह सीखने की ही एक प्रक्रिया है। इसलिए परीक्षा आपके ज्ञान का आंकलन नहीं करती वह आपके सीखने की दक्षता और कमियों की पड़ताल करती है। इस तरह उन्होंने एक क्लास ही परीक्षा, परीक्षा की अवधारणा, परीक्षा की मानसिकता, परीक्षा की सीमाएँ और संभावनाओं पर ले लिया। और हमलोगों को परीक्षा की नयी व्याख्याएँ सुनने को मिलीं।

क्लास में नामवर सिंह जिन कुछ चीज़ों से सायास परहेज करते, उनमें एक व्यक्तिगत और पारिवारिक प्रसंग था। उनके पास कहने को व्यक्तिगत बातें कितनी रही होंगी इसे कहने की आवश्यकता नहीं। क्योंकि उनका व्यक्तिगत भी साहित्यिक था। एक से एक घटनाएँ, अनुभव का जखीरा उनके पास था, लेकिन उन्होंने कभी क्लास में व्यक्तिगत बातें न कीं। कभी-कभी बहुत कुरेदने पर एक दो वाक्य बोल जाते। जे.एन.यू. से इतर ऐसे कई शिक्षकों से देश भर के विद्यार्थी पीड़ित रहे हैं जो क्लास में घर-परिवार की बातें, अपनी कथा-कहानियाँ, गोष्ठियों में प्रतिपक्ष को ‘चित्त’ कर देने का वर्णन वीर रस में सुनाते हैं और छात्र इस ‘वीर रस’ आख्यान सुनने को अभिशप्त होते हैं। एक बात जो ख़ासे असुविधाजनक थी वह यह कि वे अपने क्लास में सवाल-जवाब, वाद-विवाद, डिस्कशन आदि को प्रोत्साहित नहीं करते। क्लास के बाद अत्यंत ज़रूरी एक-दो सवाल अगर कोई पूछता तो वे उसका उत्तर भर देकर क्लास समाप्त होने का संकेत कर देते। पता नहीं उनकी यह शैली पहले से थी या बाद में विकसित हुई थी। यह ज़रूर था कि वे अपने क्लास में वाद-विवाद के कई सूत्र छोड़ जाते, जिस पर हमलोग बाद में आपस में ही यथासाध्य डिस्कशन कर लेते।

 

पाठ्यक्रम में पुनर्नवता की खोज में बेचैन आत्मा

पाठयक्रम अपना लक्ष्य तभी पूरा कर पाता है जब उसे पढ़ानेवाले उसी योग्यता और गंभीरता से लें। उन्होंने पाठ्यक्रम को वैज्ञानिक और चेतनाशील बनाने का महत्वपूर्ण काम किया। इसे एक उदाहरण से समझा जा सकता है। उन्होंने भक्तिकाल के निर्गुण हिस्से का नाम दिया प्रतिरोध की कविता (पोएट्री ऑफ़ प्रोटेस्ट) और सगुण कविता को संदर्भ की कविता (पोएट्री ऑफ़ कॉन्टेक्स्ट)। यह नामकरण काव्यधारा की पूरी अवधारणा को स्पष्ट कर देता है। पाठ्यक्रम की संरचना, कंटेंट और कलेवर न सिर्फ़ शिक्षण-कला को प्रभावित करता है बल्कि उस पर निर्भर भी करता है। यदि पाठ्यक्रम निस्तेज, ठस्स और दृष्टिहीन हो तो शिक्षक चाह कर भी शिक्षण को चुनौतीपूर्ण नहीं बना सकते हैं। इसलिए पाठ्यक्रम में पुनर्नवा की सजगता लगातार नामवर सिंह में बनी रहती है। हिन्दी के पाठ्यक्रम में ‘एप्रोच टू लिटरेचर’ जैसे नवीन कोर्स को शामिल करना उनके वृहत्तर साहित्यिक सरोकार को दर्शाता है। साहित्य की समझ को दुरुस्त करने के लिए इस कोर्स के ऐतिहासिक महत्व को समझा जा सकता है। इसमें साहित्य की समझ के अलग-अलग रास्ते, टूल्स और पद्धतियों के बारे में पढ़ाया जाता था। बकौल सुमन केसरी, “आपने शुरुआत की थी कि फॉर्मलिस्ट एप्रोच क्या है? बाद में समझाते हुए ‘अभी टुक रोते-रोते सो गया है’ मैं ‘टुक’ की व्यंजना क्या है और अंत में आपने क्लास खत्म की थी सस्यूर को पढ़ाते हुए। तब समझ में आया कि साहित्य को हम ऐसे भी पढ़ सकते हैं। यह एक एप्रोच है।”

यह तो सभी जानते हैं कि बतौर पाठ्यक्रम जेएनयू में नामवर सिंह ने हिन्दी और उर्दू भाषा की दूरी को पाटने के लिए नए तरह का कोर्स डिजाइन किया था। लेकिन यह कम लोग जानते होंगे कि उन्होंने कुछ कोर्स दोनों भाषाओं के विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य किए थे। जिसमें एक विलक्षण कोर्स था―‘हिन्दी-उर्दू प्रदेश का सांस्कृतिक इतिहास’। इसका हिन्दी प्रदेश वाला आधा हिस्सा नामवर सिंह स्वयं पढ़ाते और उर्दू वाला आधा हिस्सा किदवई साहब। जाहिर है इस कोर्स में समावेशी हिन्दुस्तान की परिकल्पना और हिन्दी-उर्दू के प्रति एक समानंतर सोच की अवधारणा अंतर्निहित थी।

नामवर सिंह ने जे.एन.यू. के अतिरिक्त कई विश्वविद्यालयों सहित यूपीएससी और नेट के पाठ्यक्रम में पुनर्नवा की आवश्यकता महसूस की थी और उसी अनुसार उसमें बदलाव भी किया था। दिल्ली विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में उन्होंने भक्तिकाल, रीतिकाल, छायावाद आदि को ‘डिकेड’ और ‘एज’ के आधार पर न बाँटकर फॉर्म के आधार पर बाँटने की अनुशंसा की।

उनकी अवधारणा यह थी कि

“एक कोर्स ‘लिरिकल पोएट्री’ का हो जिसमें अपभ्रंश के दोहों से लेकर सूरदास, कबीर के पद, रीतिकाल के सवैया-कवित्त, छायावाद के कवियों की छोटी कविताएँ तथा आज के कवि भी जो लिख रहे हैं, सब एक साथ हों। इसी तरह लंबी कविता के कोर्स में रामचरितमानस से लेकर मुक्तिबोध की लंबी कविता तक एक कोर्स होना चाहिए। एक कोर्स ग़ज़ल का होना चाहिए जिसमें मीर से लेकर फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ या आज के दौर में कोई ग़ज़ल लिख रहा है, सभी को एक साथ पढ़ना चाहिए।”

(जेएनयू में नामवर सिंह, पृष्ठ 40)

इस तरह से पाठ्यक्रम को डिजाइन करने के पीछे उनका तर्क यह था कि

“इसे हम ऐतिहासिक डॉक्यूमेंट के रूप में ना पढ़ें, बल्कि आज की कविता मानकर पढ़ें तो देखेंगे कि उसमें एक संबंध जुड़ जाएगा। साथ ही यह भी देखेंगे कि उसमें एक परंपरा है या कहीं चेंज होता है।”

उनकी सुचिन्तित सोच यह थी कि

“मध्यकाल, रीतिकाल से एक दूरी का बोध होता है। आज की बनाकर पढ़ो कविता को, आनंद भी आएगा, वह तुम्हारी हो जाएगी, तुमको याद हो जाएगी। विद्या और ज्ञान का मतलब है इंटिमेसी―अंतरंगता। इंटिमेट होना चाहिए। इसलिए इतिहास के कोर्स से साहित्य का कोर्स अलग होता है। क्योंकि इतिहास में बराबर ‘सेंस ऑफ हिस्ट्री’ बनी रहती है। वहाँ एनसिएंट, मीडिएवल, मॉडर्न है।”

(जेएनयू में नामवर सिंह)

पाठ्यक्रम के लिए रचना के चुनाव और विभाजन के संदर्भ में उनका मानना था कि

“रचना पुरानी है या नई यह महत्वपूर्ण नहीं है। बल्कि हम रिसीव कैसे कर रहे हैं, यह इंपॉर्टेंट है। हो सकता है हम आज के पोएट की अपेक्षा कबीर को ज्यादा रिसीव करें। तो रिसेप्शन इज मेन थिंग। समझने का मतलब है किसी चीज़ को अपनी जमीन पर उतार लेना। इसी को अवतार कहते हैं। केवल भगवान ही अवतार नहीं लेते, कविता भी अवतार लेती है। इसलिए भगवान को हम निर्गुण ब्रह्म से सगुण बनाते हैं-टाइम से उसको बाहर करते हैं। और अपनी जमीन पर उतार लेते हैं। जब तक दूरी बनी रहेगी कालक्रम की तब तक हम उसको रिसीव नहीं कर सकते।”

उनकी इच्छा ‘साहित्य शिक्षण’ का एक कोर्स बनाने की थी जो कभी पूरी नहीं हुई। वे बराबर कहते कि साहित्य पढ़ना अलग बात है और साहित्य पढ़ाना अलग बात। उनकी आकांक्षा थी कि जे.एन.यू. से उत्तीर्ण विद्यार्थी अगर कहीं शिक्षक बने तो वह अपने विद्यार्थियों को साहित्य-विवेकक-सम्पन्न बना सके। साहित्य-शिक्षण के प्रति उनकी बेचैनी का अनुमान हम इस से लगा सकते हैं कि उन्होंने आलोचना में ‘साहित्य शिक्षण’ पर एक परिसंवाद आयोजित किया था।

नामवर सिंह की चिंता यह थी कि

“विश्वविद्यालय में एक विषय बनने के चक्कर में साहित्य अपने बहुमुखी संवादधर्मी स्वभाव से हाथ धो बैठता है। इस स्वभाव की वापस प्रतिष्ठा ही विश्वविद्यालय में साहित्य पढ़ाने वालों की सबसे बड़ी चुनौती है। एक सीमित विषय नहीं साहित्य समूचे जीवनानुभव के साथ मुखामुखम है।”

(जेएनयू में नामवर सिंह पृष्ठ 60)

कहने का तात्पर्य यह है कि साहित्य शिक्षण में एक ख़ास तरह के हॉलिस्टिक अप्रोच की तलाश में बेचैन रहनेवाले शिक्षक और पेडागोडिस्ट थे नामवर सिंह।

 

क्लास से क्लास नोट्स की यात्रा

नामवर जी क्लास में यदा-कदा अरस्तू के प्रकाशित क्लास नोट्स ‘पोएटिक्स’ की चर्चा करते, सुप्रसिद्ध भाषाविद सॉस्यूर के छात्र द्वारा तैयार किये गए नोट्स ‘ए कोर्स इन जेनेरल लिंग्विस्टिक्स’ की बात करते। हमारे सत्र में शैलेश और मधुप ऐसे दो विद्यार्थी थे जो क्लास में नामवर जी की लगभग सारी बात को लिख लिया करते। इन दोनों ने बहुत बाद में चलकर (2016) नीलम सिंह के साथ मिलकर उनके क्लास नोट्स को प्रकशित करवाया। राजकमल से प्रकाशित काव्यशास्त्र का यह क्लास नोट्स ‘नामवर के नोट्स’ भारतीय काव्यशास्त्र की नितांत भिन्न किस्म की पुस्तक है। भारतीय काव्यशास्त्र को पढ़ाते हुए पाश्चात्य काव्यशास्त्र, अन्य अनुशासनों, प्राकृत, अपभ्रंश और विभिन्न भारतीय भाषाओं के साथ मुक्तिबोध तक उनकी सहज आवाजाही तथा सरस उदाहरणों से गूढ़ सिद्धांतों को सरलता पूर्वक संप्रेषित कर देना उनके कक्षा व्याख्यान की विशेषता थी और इस पुस्तक की भी। मधुप कुमार अपने सम्पादकीय ‘सर्व विद्यानां निष्यन्दः’ में उक्त क्लास नोट्स के वैशिष्ट्य को रेखांकित करते हुए लिखते हैं, “भारतीय आचार्यों के प्रति उनका अनाक्रांत भाव विस्मित करता है। वे स्वाभाविक रूप से उन स्थानों को बताते हैं जहाँ काव्यशास्त्र की परम्परा में उलट-फेर हुआ है। दूसरे जहाँ बचकर निकलते हैं, नामवर जी वहीं रुकते हैं।”

‘नामवर के नोट्स’ भारतीय काव्यशास्त्र के नोट्स हैं, हम सभी जानते हैं कि काव्यशास्त्र में विशेषकर क्लास में कोई नई स्थापना नहीं की जा सकती हैं, करनी भी नहीं चाहिए। कथा साहित्य, कविता, मीडिया, साहित्य का इतिहास आदि में जितना खुलने और खिलने का अवसर मिल सकता है, काव्यशास्त्र में संभव नहीं है। शिक्षा और शिक्षण पर शोध करते हुए मैंने यही जाना है कि क्लास अथवा क्लास नोट्स का मुख्य लक्ष्य विद्यार्थियों और शोधार्थियों की समझ को दुरुस्त करना और उस विषय पर उन्हें जिज्ञासा से भर देना होता है। ‘नामवर के नोट्स’ पढ़ने पर ये विशेषताएँ पर्याप्त मात्रा में मिलती हैं।

किसी भी अच्छे नोट्स में विषय की स्पष्टता, सहज और आत्मीय भाषा, अचूक सम्प्रेषणीयता, रोचक प्रस्तुति, विलक्षण समझ और जटिल से जटिल अवधारणाओं को सहज तरीके से खोलने की युक्ति अगर ना हो तो वह सार्थक नोट नहीं कहला सकता। भले ही उसमें कितनी मौलिकता और नई स्थापना की गई हों। अच्छी पुस्तक के लिए स्थापना और मौलिकता अनिवार्य होती है। ‘नामवर के नोट्स’ में ये विशेषताएँ अपनी सारी संभावनाओं के साथ मौजूद हैं।

‘नामवर के नोट्स’ में एक अच्छे नोट्स की सारी विशेषताओं के अतिरिक्त महत्वपूर्ण यह है कि इसमें भारतीय काव्यशास्त्र के साथ पश्चिम के काव्यशास्त्र, सौंदर्यशास्त्र और अन्यान्य विचारों को साथ-साथ लेकर चलने और उसे पढ़ाने की कोशिश की गई है। इस तुलनात्मक शिक्षण में दोनों शास्त्रों की अपनी-अपनी सीमाओं और संभावनाओं से भी परिचय स्वाभाविक रूप से हो जाता है। प्लेटो, अरस्तु आदि से लेकर नाम चोम्स्की तक की उपस्थिति विषय को समकालीन बनाती है। सहजतापूर्वक बड़ी बात कह जाने की विलक्षण युक्ति इस क्लास नोट्स की अन्यतम विशेषता है। मसलन, काव्यशास्त्र का प्रयोजन बताते हुए नामवर जी कहते हैं कि ‘काव्यशास्त्र का प्रयोजन साहित्य के सिस्टम को जानना है’। काव्यशास्त्र के प्रयोजन को इतनी व्यापकता के साथ प्रस्तुत करना साधारण बात नहीं।

नामवर सिंह के क्लास नोट्स में काव्यशास्त्र का अध्यापन सीधे सिद्धांत से आरंभ नहीं होता बल्कि पहले उसकी मनोरम भावभूमि तैयार की जाती है। नामवर सिंह काव्यशास्त्र का संबंध रिटोरिक, पोएटिक्स, एसथेटिक्स और लिटरेरी क्रिटिसिजम आदि से बताते हुए आधुनिक भारतीय और पाश्चात्य चिंतन तक पहुँचते हैं। इसी क्रम में वे हिंदुस्तान के श्रेष्ठतम काव्यशास्त्री/आलोचकों के विचारों से रूबरू होते हैं, जिनमें आनंद के कुमार स्वामी, सुशील कुमार डे तथा गणेश त्रयंबकम देशपांडे जैसे विरल काव्य शास्त्री विद्वानों के मत-मतांतर को आमने-सामने रखने का प्रयास करते हैं।

नामवर सिंह के क्लास और क्लास नोट्स में काव्यशास्त्र को पढ़ते-पढ़ाते इतिहास-बोध के साथ ‘सेन्स ऑफ टाइम’ और ‘सेन्स ऑफ प्लेस’ को महत्वपूर्ण माना गया है। इसी बोध के परिणाम स्वरुप वह काव्यशास्त्र को सम्प्रदायों में विभाजित कर पढ़ाने की चली आ रही परम्परा को उचित नहीं मानते। उन्होंने यथासाध्य अपने क्लास नोट्स में ऐसा ही करने का प्रयास भी किया है। यह अकारण नहीं है कि उनके क्लास नोट्स में भरतमुनि का नाट्य-सिद्धान्त और रस-सिद्धांत अंत में आता है। ‘काव्यशास्त्र का आस्वादक: सहृदय की अवधारणा’ को पढ़ाने के क्रम में नामवर जी के क्लास नोट्स में रीडर रिस्पांस, कॉमन रीडर, क्लोज रीडर और उसकी पूरी पृष्ठभूमि की पड़ताल की जाती है। अंत तक आते-आते वे यह भी स्पष्ट कर देते हैं कि “सहृदय पाठक की अवधारणा तत्कालीन भारतीय समाज का अभिजन है।… द्विज होना चाहिए।” नामवर जी बताते हैं कि “संस्कृत काव्यशास्त्र का काल विदग्ध गोष्ठयों का काल था। प्राचीन संस्कृत काव्यशास्त्र की रचना रसिक अभिजनों द्वारा की गई और इसका संवाद भी उन्हीं अभिजनों से था।”

एक अच्छे क्लास या क्लास नोट्स की विशेषता अतिरिक्त ज्ञान या पांडित्य का विलोपन भी है। अधिकांश क्लास के विद्यार्थी इस पांडित्य से भयभीत हो जाते हैं। और सामान्य शिक्षक अपने इसी ‘पांडित्य’ से विद्यार्थियों पर दबदबा क़ायम रखते हैं। ‘नामवर के क्लास नोट्स’ में नामवर जी के महात्म्य और उनके पांडित्य विलोपन को सहजतापूर्वक देखा जा सकता है, जो किसी भी शिक्षाविद् को आकर्षित कर सकता है। ‘नामवर के नोट्स’ पर विस्तार से विचार की आवश्यकता है। भूमिका में मधुप जी ने कई गंभीर बातों की ओर संकेत भी किया है। कठिनाई यह है कि गेस पेपर और प्रतियोगी पुस्तकों से बजबजाती दुनिया में ‘नामवर के नोट्स’ के महत्त्व को समझना कठिन है।

कुछ विद्वान शुक्लजी और द्विवेदीजी के इतिहास को क्लास नोट्स की संज्ञा देते हैं, क्योंकि विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर ये किताबें लिखीं गईं हैं। उस रूप में नामवर सिंह का ‘आधुनिक साहित्य की प्रवृत्तियाँ’, ‘हिन्दी साहित्य के विकास में अपभ्रंश का योगदान’ और ‘छायावाद’ नामवर सिंह के क्लास नोट्स ही हैं।  ये तीनों किताबें पूरे देश में बतौर क्लास नोट्स पढ़ी-पढ़ाई जाती हैं। लेकिन ‘नामवर के नोट्स’ शब्द के सही अर्थों में क्लास नोट्स है, क्योंकि इसे विद्यार्थियों ने जो उनके क्लास में नोट किया, शब्दश: वही है।

नामवर सिंह के निर्देशन में संपन्न कई बेहतरीन अनुसंधान कार्य से हिन्दी पढ़ने-पढ़ाने वाले वाकिफ़ हैं। उदहारणस्वरुप पुरुषोत्तम अग्रवाल की बहुपठित पुस्तक अकथ कहानी प्रेम की: कबीर की कविता और उनका समय नामवर सिंह के निर्देशन में कबीर पर संपन्न शोध कार्य का संशोधित रूप है। कबीर पर हुए विरल शोधों में इस पुस्तक की गणना होती है।

वीरभारत तलवार का किसान आन्दोलन के सन्दर्भ में प्रेमाश्रम का अध्ययन इतना ‘बेहतरीन शोध’ है कि रामविलास शर्मा ने अपनी पुस्तक में विस्तार से इसकी चर्चा की है। रामविलास जी ने इसकी चर्चा तब की है जब तलवार जी युवा थे। हम सभी जानते हैं कि रामविलास जी असाधारण चीज़ों की नोटिस नहीं लिया करते थे। डॉ. सुरेश शर्मा की पुस्तक ‘रघुवीर सहाय का काव्य’ कवि और उनकी कविता को समझने के लिए बेहतरीन पुस्तक है। यह नामवर सिंह के निर्देशन में लघु-शोध प्रबंध का ही पुस्तक रूप है। यह सुनकर रोमांच होता है कि इसके परीक्षक प्रसिद्ध आलोचक रामस्वरूप चतुर्वेदी जी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा था, “रघुवीर सहाय का काव्य शीर्षक लघु-शोध प्रबंध पर सुरेश शर्मा को पीएच.डी. की डिग्री दे दी जाय।” यह अनुशंसा साधारण शिक्षक या विद्वान की नहीं हिन्दी के जाने-माने आलोचक की थी। इस टिप्पणी से शोध की गुणवत्ता का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। यह तो सिर्फ़ एक-दो बानगी हैं, ऐसे कई महत्वपूर्ण और रेखांकन योग्य शोध नामवर जी के विद्यार्थियों के खाते में है। यह अपने आप में रोचक अनुसंधान का विषय हो सकता है कि नामवर सिंह के रहते जे.एन.यू. में किस तरह के अनुसंधान-कार्य हुए। उन्हीं दिनों देश के अन्य हिन्दी विभागों में किस तरह के अनुसंधान-कार्य हो रहे थे।

हिन्दी अनुसंधान को कोरी भावुकता और रीति-नीति-शृंगार से निकालकर ठोस अन्तर अनुशासनिक बनाने में नामवर सिंह की लाजबाव शिक्षण-पद्धति और गंभीर शोध-दृष्टि का भारी योगदान है। साहित्यिक शोध को सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों से समन्वित कर उन्होंने हिन्दी शोध को समाजविज्ञान के समकक्ष खड़ा किया, हिन्दी साहित्य को भारतीय भाषाओं से जोड़कर देखने की दृष्टि विकसित कर अनुसंधान को भारतीय संवेदना से संपृक्त करने का बड़ा काम किया। अनुसंधान में परम्परा और आधुनिकता को देखने की नयी दृष्टि पैदा की। उन्होंने परम्परा को रूढ़ियों की जकड़बंदी से निकालकर प्रगतिशील चेतना की निरन्तरता में देखने की शोध-दृष्टि विकसित करने हेतु शोधार्थियों को प्रेरित किया। अनुसंधान में नवीनता और सृजनशीलता के पक्षधर नामवर सिंह ने अपने समय में शोध में आलोचना की प्रवृत्ति को विकसित किया। शोध विषय या शोध रचनाकार से तीखी जिरह करना शोधार्थियों को सिखाया। नामवर जी से पूर्व सामान्यतया जिस रचनाकार पर शोधार्थी शोध कर रहे  होते वे उन्हें पूज्य भाव से देखते या उनकी सिर्फ़ तारीफ़ करते। आज भी अधिकांश हिन्दी विभागों में पूज्य भाव से ही शोध-कार्य होता है। नामवर जी अपने समय में शोधार्थियों को इस ‘महात्म्य मनोग्रन्थि’ से बाहर निकालने का काम किया।

नामवर सिंह ने लिखा कम, बोला बहुत। यह अनायास नहीं था। यह नामवर जी की सोची-समझी दृष्टि थी। वे आमजन से जुड़ना चाहते थे। साहित्य के माध्यम से देश भर के विद्यार्थियों से रुबरु होना चाह रहे थे। और इस कार्य में उन्हें अभूतपूर्व सफलता मिली। आज जब वे नहीं हैं तो उनकी किताबें तो हैं हीं, उनके बोले हुए का अधिकांश भाग आशीष त्रिपाठी जी के सौजन्य से पुस्तक के रूप में उपलब्ध है। जिन्होंने उनसे कभी पढ़ा ही नहीं, वे भी स्वीकार करते हैं कि नामवर सिंह मेरे गुरु हैं। वाचिक परम्परा को अपनाना, छोटे-बड़े सभी तरह के कार्यक्रमों में जाना, उनकी सुचिंतित रणनीति थी। वे अच्छी तरह से समझ गए थे हिन्दी पट्टी में शिक्षकों का अकाल है, और जो हैं, उनमें अधिकांश ‘कामायनी के बाद सब कुछ कूड़ा लिखा गया’ मानने और समझने वाले हैं, ‘पूजिए विप्र’ वाले हैं, मुक्तिबोध और नागार्जुन की रचनाओं को भी आस्था और भक्ति-भाव से पढ़ाने वाले हैं। इसलिए यथासाध्य उन सारी जगहों पर जाकर विद्यार्थियों में प्रगतिशील चेतना का संचार ही उनका लक्ष्य था। वे यह भी जानते थे कि बहुत कम लोग किताब पढ़ पाते हैं, लेकिन घंटे भर का भाषण सुनना सहज है। उनके वक्तव्यों ने हिन्दी शिक्षण और जनमानस के विवेक निर्माण में जितना काम किया है, उतना कई किताबें नहीं कर सकती। हिन्दी के सबसे बड़े सायास ‘मोबाइल शिक्षक’ थे नामवर सिंह। वे किताब लिखने की कीमत पर जगह-जगह घूमते रहे। उनके इस दर-दर भटकने पर उनके कई चाहने वाले भी निंदा करते रहे। कई विरोधी तो यह भी कहते कि उन्हें अध्यक्षता की लत लग गई है। लेकिन वे अपने इस मिशन से डिगे नहीं। उनके इसी हठ ने उन्हें हजारों-हजार विद्यार्थियों का शिक्षक बना दिया।

उनके छात्र रहे राजकुमार (प्रसिद्ध आलोचक) ने जब एक बार नामवर सिंह से एक अच्छे अध्यापक का गुर जानना चाहा तो उन्होंने कहा,

“यदि आप अध्यापन को दोयम दर्जे का काम समझते हैं तो अच्छे तो क्या सफल अध्यापक भी नहीं हो सकते। अध्यापन में रूचि लें, रस लें और उसे महत्वपूर्ण मानें। बिना तैयारी के क्लास में न जाएँ। विद्यार्थी को बहकाने की कोशिश न करें क्योंकि वह बख़ूबी जानता है कि आप कितने पानी में हैं। वह आपको तार-तार, आर-पार जानता है। यदि कहीं कोई दिक्कत है तो उसे स्वीकार करने में संकोच न करें क्योंकि शिक्षण एक सहकारी प्रयास है, जिसमें शिक्षक और विद्यार्थी दोनों शामिल हैं।”

Share This Article
1 Review