प्रतिरोध के कलावाद के विरुद्ध

क्रांतिकारी कविता मनुष्य की एक नयी अस्मिता का सृजन करती है। पुरानी ग़ुलामियों से मुक्त मनुष्य। नये ढंग से महसूस करनेवाला, सोचनेवाला, नये सपने देखनेवाला मनुष्य। एक नयी बोली बोलनेवाला, नये ढंग से प्यार करनेवाला मनुष्य। क्रांतिकारी कविता पुराने ज़माने में नए ज़माने की इंसानी ज़िन्दगी की रचना करती है।

आशुतोष कुमार

कविता क्रांति नहीं कर सकती। लेकिन बिना कविता के कोई क्रांति नहीं होती। क्रांति से पहले क्रांति की कविता होती है। कविता से क्रांति न भी हो, उस नए मनुष्य की तैयारी होती है जो क्रांति का सपना देखता है, जो क्रांति के लिए बेचैन होता है।

कबीर की कविता से कोई क्रांति हुई या नहीं, लेकिन उसने जिस क्रांतिकारी बेचैनी को जन्म दिया, वह आज तक जीवित है। कबीर की कविता को भुला देने, नकार देने, ख़त्म कर देने या बिगाड़ देने की कोशिशें कामयाब नहीं हुईं। कबीर की कविता आज भी सक्रिय है। वह रोज़ जूझ रही है। धर्म के पाखंड से। धन के आतंक से। ऊँच-नीच की विचारधारा से। मनुष्य के मोह, भय और अकेलेपन से। कबीर के बाद आने वाले ज़मानों के क्रांतिकारी कवियों ने कबीर को याद किया, उनका पुनराविष्कार किया और उन्हें अद्यतन बनाया। उन्होंने इस भरोसे को लगातार मज़बूत बनाया कि नया मनुष्य आएगा, नया समाज बनाएगा। भारत में जब कभी क्रांति का सपना देखा जाएगा, उसमें कबीर की कविता होगी। कविता, जिसने पृथ्वी की इसी मृत्यु उपत्यका में अमृत की वर्षा का सृजन किया था। कबीर नाम के जुलाहे को पारखी बनाकर अनभय पार उतार दिया था।

क्रांतिकारी कविता किसी संयोग से संभव नहीं होती। वह अपने समकाल के किसी गहरे संकट के बोध से जन्म लेती है। कबीर को उस संकट का स्पष्ट बोध था, जो उन्हें दिन-रात जगाए रखता था। रुलाता रहता था। उन्होंने इस संकट को आर्थिक-सामाजिक विषमता और अन्याय को बनाए रखने वाली धार्मिक वर्णाश्रमी व्यवस्थाओं के रूप में पहचाना था। उनकी कविता ने इन व्यवस्थाओं की अतार्किकता और पाखण्ड का विखंडन किया और इस प्रक्रिया में समाज के सभी तबक़ों को शामिल कर लिया। ताक़तवर तबक़ों को ललकारते हुए और कमज़ोरों को पुकारते हुए कि वे ग़ुलामी के घर जलाकर मुक्ति का मुराड़ा थाम लें।

क्रांतिकारी कविता मनुष्य की एक नयी अस्मिता का सृजन करती है। पुरानी ग़ुलामियों से मुक्त मनुष्य। नये ढंग से महसूस करनेवाला, सोचनेवाला, नये सपने देखनेवाला मनुष्य। एक नयी बोली बोलनेवाला, नये ढंग से प्यार करनेवाला मनुष्य। क्रांतिकारी कविता पुराने ज़माने में नए ज़माने की इंसानी ज़िन्दगी की रचना करती है।

क्रांतिकारी कविता विरेचन नहीं, विध्वंस करती है। शोषण और अन्याय की सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक संरचनाओं का विध्वंस। उनके द्वारा अनुकूलित मानसिक संरचनाओं का विध्वंस। क्रांतिकारी कविता गलदश्रु भावुकता नहीं पैदा करती, आलोचनात्मक विवेक को सक्रिय करती है। असहनीय विक्षोभ पैदा करती है।

क्रांतिकारी कविता एक सक्रिय ‘सामाजिक’ का निर्माण करती है, रसिक, आस्वादक या उपभोक्ता का नहीं।

वह असहनीय संसार को भुला देने वाला कोई विभ्रम नहीं रचती। भावनाओं के सामाजिक उजाड़ में कवि-कल्पित संवेदनाओं की नमी बिछाने की कोशिश नहीं करती। वह कोई आभासी शरण नहीं बनाती, ऐसे लोगों के लिए जो मान चुके हैं कि दुनिया तो बदलने वाली नहीं है। वह ब्रेख्त के एपिक थिएटर की तरह जाने-पहचाने संसार को फिर से अनजाना-बेपहचाना बना देती है। वह सोचने के लिए मजबूर करती है कि जो है वैसा ही आख़िर क्यों है और उसे कुछ और क्यों नहीं बनाया जा सकता।

ऐसी कविता सत्ता-प्रतिष्ठानों में पुरस्कृत नहीं होती। अमीर इदारों में उसकी क़द्र नहीं होती। वह अभिजात उत्सवों में सजाई नहीं जाती। जन-स्मृति में सँजोई जाती है। दीवारों पर लगाई जाती है। एक हाथ से दूसरे तक पहुँचाई जाती है।

ऐसी कविता ‘राजनीति-धर्म-बाज़ार-मीडिया’ के अभूतपूर्व गठबंधन के बरक्स एक तरह की प्रति-राजनीति’ नहीं होती, जैसा कि कवि-आलोचक अशोक वाजपेयी चाहते हैं। वे चाहते हैं कि ‘कविता राजनीति की सर्वग्रासिता का प्रतिरोध और निषेध’ करे। यानी कविता राजनीति से स्वायत्त हो, उसका एक उपनिवेश न हो।

यह एक तरह का पलायनवाद है। जीवन में राजनीति से स्वायत्त इलाक़े तभी सुलभ हो सकते हैं, जब समाज में शक्ति का असुंतलन समाप्त हो गया हो। जब तक असंतुलन और विषमता है, तब तक शोषण, अन्याय और उनके ख़िलाफ़ संघर्ष चलते रहेंगे। ये संघर्ष मनुष्य जीवन के सभी पहलुओं को निर्धारित करते रहेंगे। यही राजनीति है, जिसका सामना करने से बचती हुई कविता सत्ताओं की राजनीति का उपकरण या आखेट बन जाने के लिए बाध्य होती है। इस संघर्ष के परिप्रेक्ष्य में पर्सनल कुछ भी नहीं होता। न ईश्वर, न प्रकृति, न परिवार, न प्यार, न सेक्स। पर्सनल इज़ पोलिटिकल, यह स्त्रीवाद की दूसरी लहर का मुहावरा था।

नब्बे के दशक से ‘पोलिटिकल करेक्टनेस’, ‘कैंसल कल्चर’ और ‘वोक मूवमेंट्स’ के ख़िलाफ़ एक शोर बरपा हुआ है। यह वही समय है जब से दुनिया-भर में धुर दक्षिणपंथी फ़ासीवादी राजनीतिक ताक़तें मज़बूत होती चली गई हैं। ऐसे सारे अभियान ‘अभिव्यक्ति की आज़ादी’ के नाम पर चलाए जाते हैं, लेकिन इनका असल मक़सद दलित-बहिष्कृत समुदायों, श्रेणियों और वर्गों की न्याय और दावेदारी की आवाज़ों को दरकिनार करना होता है। अमरीका में ट्रम्प और भारत में भागवत जब वोक पर निशाना साधते हैं, तब ‘अभिव्यक्ति की आज़ादी’ दमन का उपकरण बन जाती है। बग़ावती आवाज़ों को दबाने की दबंग आज़ादी। बग़ावती आवाज़ों का सधाव पहले कविता में ही होता है, इसलिए कविता भी इसके निशाने पर आ जाती है, आज़ादी की अभिव्यक्ति के ख़िलाफ़ ‘अभिव्यक्ति की आज़ादी’!

फ़ासीवाद के निशाने पर जैसे वाम राजनीति होती है, वैसे ही मध्यमार्गी राजनीति और उदारवादी संस्कृति भी। अशोक वाजपेयी का वह उदार लोकतंत्रवाद भी उनके निशाने पर है, जिसकी आवाजाही लोहिया से गांधी तक होती रहती है। यही कारण है कि कविता उन्हें सत्ता के एकमात्र प्रतिपक्ष के रूप में नज़र आती है। कायरता और डर के वातावरण में वे कविता को ‘साहस की आवाज़’ के रूप में देखना चाहते हैं, लेकिन ‘अन्तःकरण के आख़िरी बुर्ज’ के रूप में, प्रतिरोध के राजनीितक मोर्चे के रूप में नहीं!

यह प्रतिरोध का कलावाद है। अशोक जी कविता और कला को एक दृष्टि की तानाशाही के ख़िलाफ़ सविनय अवज्ञा और असहयोग की भूमिका में देखना चाहते हैं। ‘सत्य के सरलीकरण और समग्रीकरण’ के ख़िलाफ़ कविता का ‘सत्याग्रह’ खड़ा करना चाहते हैं। वे असहमति, बहुलता और समरसता पर इसरार करते हैं।

विडंबना यह है कि गांधीजी की रैडिकल राजनीति से उधार ली गईं ये अवधारणाएँ कला और साहित्य की दुनिया में जिस प्रति-राजनीति, अराजनीतिक सहीपन और समरसतावादी बहुलता की रचना करती हैं, वे दमनकारी राज-सत्ताओं के लिए भी बहुत काम की साबित हो सकती हैं। इस वातावरण में उन्हें बुद्धि और कला की दुनिया में सबसे प्रतिक्रियावादी विचारों के लिए जगह बनाने, उन्हें प्रोमोट करने और उनका दबदबा क़ायम करने का मौक़ा मिल जाता है। अन्याय और उत्पीड़न की शिकार जनता को भी दिल का ग़ुबार निकालने की जगह मिल जाती है।

कला और साहित्य के इन ‘उदार बहुलतावादी’ मूल्यों का महिमामंडन करनेवाले हिन्दी  में वे अकेले नहीं हैं।

हिन्दी साहित्य में जैसे-जैसे डिजिटल अवकाश का विस्तार हुआ है, आंदोलनधर्मी लेखक-संगठनों और संस्कृति-मंचों की केन्द्रीयता प्रश्नांकित हुई है, प्रिंट पत्रिकाओं का प्रसार तुलनात्मक रूप से सीमित हुआ है, ई-पत्रिकाओं की पहुँच बढ़ी है और कारपोरेट प्रायोजित साहित्यिक उत्सवों की भरमार हुई है, तब से असहमति, बहुलता और साहित्य के लोकतांत्रिक विस्तार के नाम पर प्रगति और प्रतिक्रिया का भेद भुलाकर ‘सभी तरह की आवाज़ों’ का उत्सव मनाया जा रहा है। बहुलता का अराजनीतिक उत्सव मनानेवाले इन मंचों में सभी अशोक वाजपेयी के समर्थक नहीं हैं, कुछ उनके विरोधी भी हैं। लेकिन वे सभी साहित्यिक-राजनीतिक वाम के विरोधी नहीं, तो उसके प्रति असहजता का भाव रखनेवाले ज़रूर हैं।

दुनिया-भर में पुराने प्रगतिशील विचारों को विस्थापित करते हुए कुछ नई अवधारणाओं को प्रतिष्ठित किया गया है। राकफेलर और फोर्ड जैसे अनेक पूँजी-निगमों ने दूसरी बड़ी लड़ाई के बाद इन नये इलाक़ों में योजनाबद्ध तरीक़े से अरबों-अरब की धनराशि लगाई। यह राशि प्रायोजनों, आर्थिक मदद, पुरस्कार, छात्रवृत्तियाें, अनुदान आदि अनेक रूपों में बाँटी गई। यह राशि संभावित विद्रोहियों, अग्रगामी प्रतिभाओं और लोकनेताओं को ख़रीदने, पोसने, पालने और उन्हें नव उदारवादी अर्थ-राजनीति के लिए इस्तेमाल करने के काम आई।

इस प्रक्रिया में ‘प्रतिरोध’ और ‘संघर्ष’ को ‘असहमति’ से, ‘न्याय’ की अवधारणा को ‘मानवाधिकार’ से, विद्रोह को समाज कर्म या सोशल एक्टिविज़्म से, लोकतंत्र को अभिव्यक्ति की आज़ादी से, समानता के अधिकार को बहुलता के विचार से, वर्ग-संघर्ष को अस्मिता-विमर्श से विस्थापित करते हुए एक अनुकूलित वैचारिक वातावरण बनाया गया, जिसमें जीवन, जंगल, ज़मीन और ज़ेहन की खुली ख़ूनी लूट शिक्षित तबक़े के लिए न केवल स्वीकार्य बनाई जा सकी, बल्कि अपरिहार्य भी।

 

अराजनीतिक का आकर्षण इस समय हिन्दी कविता के सामने मौजूद सबसे बड़ी वैचारिक-सांस्कृतिक चुनौती है। लेकिन ख़ुशी की बात है कि इक्कीसवीं सदी की हिन्दी कविता के अग्रगामी हिस्से न केवल इस चुनौती के प्रति जागरूक हैं, बल्कि इसे परास्त करने के लिए भी तत्पर हैं। आलोचना के तीनों कविता अंक इसे प्रमाणित करते हैं। इन अंकों में शामिल कवियों ने वर्तमान राजनीतिक-सामाजिक संकट और कविता के साथ उसके रिश्ते के सवाल को अपेक्षित गंभीरता से लिया है। कवि-मंतव्यों में कुछ बातें बार-बार दुहराई गई हो सकती हैं, लेकिन हर एक कवि ने उसमें विचार का कोई मौलिक पहलू भी जोड़ा है।

सत्यों और विचारों के संदिग्धीकरण के माहौल में कविता का काम पिछले हर दौर की तुलना में अधिक जटिल, लेकिन उतना ही अर्जेंट हो गया है। कविता यह काम सचेत और सक्रिय रूप से राजनीतिक हुए बिना नहीं कर सकती। कविता हमेशा राजनीतिक होती है। बिना राजनीतिक हुए वह अपनी ऐतिहासिक अर्थवत्ता और सर्वकालीन प्रासंगिकता हासिल ही नहीं कर सकती। लेकिन आज जब कि ‘सत्य क्या है’ से अधिक बड़ा सवाल यह हो गया है कि ‘सत्य किसका है’, बिना युयुत्सु राजनीतिक चेतना के कविता एक क़दम आगे नहीं बढ़ सकती। ऐसी राजनीतिक चेतना वास्तविक संकट के स्पष्ट बोध के बिना संभव नहीं है। इस आयोजन से अगर कविता के क्षेत्र में संकट की चर्चा पुनर्जीवित हुई हो तो हमारे लिए संतोष की बात होगी। क्या यह अजीब नहीं है कि ठीक इस समय जब मानव जाति अपने अस्तित्व के सबसे गहन संकट का सामना कर रही है, यह अंधविश्वास फल-फूल रहा है कि सभी संकटों का अंत हो गया है, जैसे कि इतिहास का हो गया है।

पिछले अंकों में हमने बार-बार इस बात को दुहराया है कि हिन्दी में स्त्री, दलित, आदिवासी और मुस्लिम स्वर कविता की मुख्यधारा के रूप में स्थापित हो चुके हैं। इसमें यह बात भी जोड़ने लायक़ है कि हिन्दी कविता में उत्पीड़ितों के ये विमर्श संकीर्ण अस्मितावादी प्रतिक्रियावाद से ग्रस्त नहीं हैं। वे हिन्दी कविता की ‘प्रगतिशील’ परम्परा पर पुनर्विचार और उसके पुनर्मूल्यांकन की ज़ोरदार माँग करते हुए भी उसके प्रति शत्रुता की भावना नहीं रखते। उसका रचनात्मक पुनराविष्कार करना चाहते हैं। वे वर्ग-दृष्टि की क्रांतिकारी पुनर्व्याख्या की माँग करते हैं, उसके विध्वंस की नहीं। वे एक तरफ़ प्रगतिशीलता के ‘सवर्ण’ आधार की तरफ़ ध्यान खींचते हैं तो दूसरी तरफ़ जड़सूत्रवादी मार्क्सवाद से टकराते हैं।

 

इस अंक की शुरुआत हरे प्रकाश उपाध्याय की कविताओं से हो रही है। हरे की कविता ने श्रम के विमर्श का पुनराविष्कार किया है। यह नब्बे बाद के राजनीतिक वातावरण में प्रायः अदृश्य कर दिए गए मज़दूर वर्ग के जीवन की कविता है। ख़ास बात यह है कि यह उन्हीं की बोली-बानी में है। उसी लय में है जो उनके संघर्षमय जीवन की लय है। यह कविताएँ मज़दूरों के बारे में हैं, मज़दूरों की हैं और उनके लिए भी हैं। यह निश्चय ही साहित्य-उत्सवों में सराही जा सकने वाली कविताएँ नहीं हैं।

अंकित 21वीं सदी में मनुष्य की निरंतर टूट को पहचानने वाले कवि हैं। मार्क्स और मोहब्बत को एक साथ संबोधित करने वाली उनकी कविता पर्सनल अनुभव के पॉलिटिकल आशय का रचनात्मक इस्तेमाल करती है। उनकी कविता में प्रेम का व्यक्तिगत अकेलापन प्रेम-विहीन दुनिया के विराट अकेलेपन की तरह नज़र आता है। प्रेम की संभावना एक नई मानवीय दुनिया की संभावना बन जाती है।

शचींद्र आर्य उन यादों की कविताएँ लिखते हैं जो या तो घटित नहीं हुईं या घटित होते ही भुला दी गईं। मुक्तिबोध को याद करती हुईं उनकी कविताएँ सामूहिक विस्मृति के राजनीतिक अभियानों और दुस्वप्नों से जूझती हैं, विस्मृति की राजनीति को एक्सपोज़ करती हुईं।

निखिल आनंद गिरि की कविताएँ हमारे समय में चारों तरफ़ पसरते भय के नए रूपों की पहचान करती हैं। साथ ही प्यार, बचपन और मासूमियत की उपस्थिति-अनुपस्थिति से उनकी टकराहटों को भी! इन कविताओं की सादगी और ताज़गी तनाव के इस समूचे वातावरण का प्रतिपक्ष रचती हैं।

विपिन चौधरी की कविताएँ दबंग ‘दूसरों’ से बची रह गईं जगहों में देखने, सुनने, याद करने, पुकारने और जीने की तरक़ीबों की तरह बनती हैं। ये उतनी ही सरल या जटिल हैं जितना कि जीवन। उनकी कविताओं में प्रतिरोध का एक तरीक़ा यह भी हो सकता है कि जो सब कुछ जानने का दावा करते हैं उनसे सिर्फ़ इतना कह दिया जाए कि मैं कुछ नहीं जानता!

गुंजन उपाध्याय पाठक की कविताएँ दमन और यंत्रणा के बीच रात-भर बेआवाज़ गिरते महुओं की गंध बटोरना चाहती हैं। मनुष्य की जिस ऐंद्रिक चेतना को नष्ट करने के लिए उसकी देह पर अत्याचार किए जाते हैं, गुंजन की कविताएँ उसे सहेजती हैं और पुनर्जीवित करती हैं।

अशोक कुमार की कविताओं की महत्वाकांक्षा औसत जीवन की ऐसी औसत कविताएँ बनने की है, जिन्हें गलियों की भाषा में लिखा जाए और सड़क की भाषा में पढ़ा जाए। वे शहर के तमाम अजनबियों को पुकारती हैं कि वे अपनी-अपनी भाषाओं में वह सब कह डालें जो वे कहना चाहते हैं। इन्हीं फुसफुसाते हुए शब्दों से वे सभ्यताओं के पहरेदारों से टकराना चाहती हैं।

पंकज चौधरी की कविताएँ समझती हैं कि भारतीय समाज बुनियादी तौर पर जातियों का एक रहस्यमय मकड़जाल है, जो हर जगह मौजूद होते हुए भी अदृश्य बना रहता है। दमघोंटू होते हुए भी यही मकड़जाल भारतीय मनुष्य के जीने का ठिकाना बना रहता है। पंकज की कविताएँ इसकी सांस्कृतिक और मनोवैज्ञानिक बुनावटों को उधेड़ते हुए बनती हैं।

कविता को एक सचेत राजनीतिक काम मानने वाले अमन त्रिपाठी की कविताएँ मौसम, बारिश और नदियों के साथ उन्मुक्त मानवीय संवाद रचते हुए सत्ताओं की अमानवीयता को एक्सपोज़ करने की कला जानती हैं। वे विनाश की क्रूर सरलता को पहचानती हैं और प्रतिरोध की नाज़ुक जटिलताओं को भी।

विनय कुमार की कविताएँ सुदूर अतीत से लेकर आधुनिक-उत्तरआधुनिक वर्तमान तक दमन की संरचनाओं काे प्रश्नबिद्ध करती हैं। वे गौरव-गाथाओं की तरह रचे गए मिथकों के अन्तस में छुपी हुई यंत्रणाओं को उद्घाटित करती हैं। वे आधुनिक मनुष्य के भुला दिए गए मुक्ति-स्वप्नों को पुनर्जीवित करने का सपना देखती हैं।

 

हिन्दी  में ऐसी कविताएँ बहुत कम हैं जो ‘आधी रात की संतानों’ की जन्म-त्रासदी के मर्म को समझने का यत्न करती हों। इस अंक में देवेश पथ सारिया की ऐसी कुछ कविताएँ संकलित हैं।

भारतीय उपमहाद्वीप को उपनिवेशवाद से आज़ादी मिली, विभाजन, विस्थापन, हिंसा और संगठित जनसंहार के रूप में। हिन्दी  कविता में इन ऐतिहासिक तथ्यों का गंभीरता से परीक्षण नहीं किया गया है। आख़िर क्या कारण है कि हिन्दी  कविता में कश्मीर, पूर्वोत्तर और बस्तर की उपस्थिति इतनी विरल है? कवि देवेश पथ सारिया याद रखते हैं कि इतिहास के कठिन प्रश्नों को अवॉइड करने से कविता वायवीय और व्यर्थ हो जाती है।

कविता कादंबरी की कविताएँ इस अंतर्दृष्टि से बनी हैं कि अस्मिताओं की मुक्ति के साथ संपूर्ण मनुष्यता की मुक्ति का लक्ष्य नहीं रहेगा तो फ़ासीवादी ताक़तें मज़बूत होंगी। उनकी कविताएँ उन स्त्रियों के साथ एक आत्मीय संवाद क़ायम करती हैं, जो कभी समझ ही नहीं पातीं कि प्रेमी चुनते हुए वे कैसे हर बार एक ‘पुरुष’ चुन लेती हैं।

उनकी कविताओं में यह बारीक समझदारी दिखती है कि कैसे एक अन्यायपूर्ण समाज में ‘परिश्रम सौभाग्य की जननी है’ जैसे सूक्ति-वाक्य उत्पीड़न की संरचना को बनाए रखने के नैतिक सिद्धांत बन जाते हैं।

जावेद आलम ख़ान की कविताएँ भाषा में निहित वर्चस्व के छल की बारीक समझ रखती हैं। विषमता का मूल भाषा में विन्यस्त रहता है। विजेता और पराजित, मालिक और मज़दूर, औरत और मर्द, सवर्ण और दलित तथा बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक ऐसे शब्द-युग्म हैं जो सामाजिक विषमता को संस्कार बनाकर स्थायी बना देते हैं। जावेद की कविता सवाल उठाती है कि अगर मनुष्य में मनु रहता है और मानव में भी, तो भाषा को मुक्त किए बग़ैर मानवता की मुक्ति कैसे हो सकती है।

केतन यादव समकालीन काव्य-समय को अनसुनी आवाज़ों के समवेत गान के दर्ज होने के समय के रूप में देखते हैं। उनकी कविता संसद के सामने ग्वाले की उपस्थिति को केवल दर्ज नहीं करती, उसके उपस्थित होते ही संसद के आतंकित हो जाने को भी दर्ज करती है। उनकी कविता में हाशिया केंद्र से टकराता है, उसे विखंडित करने के लिए। वे कविता के इस क्रांतिकारी भरोसे को फिर से जीवित करते हैं कि जनता जब अपनी पर आएगी तब मुट्ठी तानकर धरती पर अपना हिस्सा ज़रूर माँगेगी।

वीरू सोनकर को क्षोभ है कि समकालीन हिन्दी  कविता में पहली बार दक्षिणपंथी कवियों को अभय और स्वीकार मिलने लगा है। वे यह भी देख पाते हैं कि हिन्दी  कविता में भव्यता का पुनर्वास हुआ है। उनकी कविता दोनों के बीच की तार्किक संगति और उससे उपजने वाले संकट को बख़ूबी समझती है। वे सुसंस्कृत ध्वनियों वाली ख़राब कविताओं की प्रतिष्ठा को अपने काव्य-समय के गहरे संकट के रूप में देखते हैं। उनकी कविता उस दुख, अकेलेपन और उदासी को भाषा में व्यक्त करने की तजवीज़ों से बनती है, जिसे उत्पीड़न की संरचनाओं ने नॉर्मलाइज कर दिया है।

 

एकांत श्रीवास्तव भूमि अधिग्रहण विधेयक के बारे में पढ़कर मिट्टी के रंग की कविताएँ लिखते हैं। वे समकालीन भारत में जंगलों में हाथियों पर मँडराते ख़तरे और शहरों में विवेकसंपन्न बुद्धिजीवियों पर साधे जा रहे निशाने के बीच के रिश्ते को समझते हैं। अन्याय की राजनीति जिस मानवीय पीड़ा को जन्म देती है, उसी से उनकी कविता आकार लेती है। उनकी कविता में राजनीति किसी रहस्य की तरह पृष्ठभूमि में नहीं रहती।

पवन करण की पूरी काव्य-यात्रा स्त्री-पुरुष की बाइनरी को चुनौती देते हुए अपने भीतर की स्त्री को कविता में रच पाने का उद्यम है। इस अंक में स्त्री-कतार की उनकी कुछ कविताएँ शामिल हैं। ये कविताएँ बुद्ध-विचार के साथ स्त्री का युगों से चला आ रहा संवाद हैं। इस संवाद के केंद्र में एक सवाल है। मनुष्यता के दुख के मूल को समझने का दावा करने वाला कोई पुरुष बुद्ध होकर भी क्या स्त्री के दुख को महसूस कर सकता है? स्त्री का दुख पुरुष की बनाई दुख की अवधारणाओं से इतना दूर और अलग क्यों है?

नेहा नरूका की कविताएँ सवालों के छापामार दस्तों की तरह आगे बढ़ती हैं। वे हमारी पाली-पोसी या उपहार में मिलीं प्रिय धारणाओं पर निर्ममता से हमला करती हैं।

अगर अभी भी कोई इस मुग़ालते में हो कि वर्ग-संघर्ष की कविता लिखने के लिए स्त्री- संघर्ष के सवाल को प्राथमिकता देने से बचना ज़रूरी है या कि मार्क्सवादी और स्त्रीवादी एक साथ नहीं हुआ जा सकता या कि प्रेम और यातना की कविता अलग-अलग होती है या कि प्रेम की कविता लिखने का मतलब राजनीति से किनारा करना है तो वह नेहा नरूका की कविताओं का सामना नहीं कर पाएगा।

शैलजा पाठक अपनी कविताओं में भद्रवर्गीय घरेलू स्त्रियों के जीवन के नरक को खँगाल रही हैं। हिन्दी  कविता में यह ऐसा काम है जो कभी स्त्री-आंदोलन में पंडिता रमाबाई की पुस्तक द हाई कास्ट हिंदू वूमन या अमरीकी लेखिका बेट्टी फ्रीडन की किताब फ़ेमिनिन मिस्टीक ने किया था। वह भारतीय स्त्री के उस दुख की गाथाएँ लिख रही हैं, जिसका, बेट्टी फ्रीडन से शब्द उधार लेकर कहें तो, कोई नाम नहीं है।

अनीता वर्मा इस अंतर्दृष्टि के साथ कविताएँ लिखती हैं कि नफ़रत पैदाइशी नहीं होती। इसे बोना, सींचना और बढ़ाना एक राजनीतिक कृत्य है। ज़ाहिर है कि उसके बारे में कविता लिखना भी एक राजनीतिक कर्म है। उनकी कविता बदसूरत चीज़ों की दुनिया में रहती है। वह इसी बदसूरती से ख़ूबसूरत फ़लसफ़े और समय की आलोचना रचती है। वह मनुष्य को एक पूरे संसार के रूप में देखती और दर्ज करती है, एक अस्मिता, श्रेणी या सरल रेखा के रूप में नहीं।

ज़ुबैर सैफ़ी कविता में ब्रेख्त की डिफ़ेमिलियराइजेशन की तकनीक का रचनात्मक उपयोग करते हुए भारत के उस समकाल को दिखाते हैं, जिसमें अकल्पनीय हिंसा, सर्वव्यापी अदृश्य क्रूरताओं और मनोवैज्ञानिक गैस चैंबरों को नॉर्मलाइज किया जा चुका है। उनकी कविताएँ पाठक/ श्रोता को पैम्पर बिल्कुल नहीं करतीं, उलटे तेज़ झटके देती हैं। ये कविताएँ ‘सामाजिक’ के सामने ख़ुद को पेश नहीं करतीं, सामाजिक को ही कटघरे में खड़ा करती हैं। उसे कविता सुनने या न सुनने का फ़ैसला करने या कविता पर फ़ैसला देने की मोहलत नहीं देतीं, अन्याय के तंत्र में उसकी अपनी सहभागिता का सामना करने के लिए मजबूर करती हैं। यह कविता की वही क्रांतिकारी भूमिका है जिसकी माँग इस संपादकीय के शुरुआती हिस्से में की गई है।

Share This Article
संपादक, आलोचना; दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग में प्रोफेसर
Leave a review