विपरीत युग्मों के व्याकरण के विरुद्ध हिन्दी कविता

हिन्दी कविता की भाषा-संस्कृति को लोकतांत्रिक विस्तार देने का काम सबसे अधिक नई पीढ़ी की स्त्री कवियों ने किया है। इस अंक में कविता कृष्णपल्लवी, रूपम मिश्र, अनुपम सिंह, एकता वर्मा और सुलोचना वर्मा की कविताएँ इसकी गवाही देंगी।

आशुतोष कुमार

‘21वीं सदी की हिन्दी कविता’ शृंखला का पहला अंक पिछले साल सन् 2025 में प्रकाशित हुआ था। यह दूसरा अंक है। इस शृंखला का तीसरा अंक भी तैयारी के अंतिम चरण में है।

पहले अंक की गूँज अभी तक बनी हुई है। इस अंक ने ज़ोरदार बहसें पैदा‌‌ कीं। अंक की सराहना और आलोचना में बहुत कुछ कहा गया। हिन्दी कविता की नई पीढ़ी ने इसे सर-आँखों पर लिया। नए लिखने-पढ़नेवालों ने महसूस किया कि हिन्दी कविता पर लंबे समय से 20वीं सदी के, ख़ासतौर पर आठवें-नवें दशक के, कुछ चुनिंदा नामों का जो दबदबा अकारण बना हुआ था, उसे इस अंक ने एकबारगी हल्का कर दिया।

इस पहले अंक में साफ़ शब्दों में हमारा निवेदन यह था कि हिन्दी कविता के स्त्री, आदिवासी और दलित स्वर इसकी विभिन्न उपधाराओं का नहीं, बल्कि मुख्यधारा का निर्माण करते हैं। इस पर विरोध और समर्थन की घनगरज सुनाई पड़ी, जो अप्रत्याशित नहीं थी। इसमें जोड़ना यह है कि हिन्दी कविता के मुस्लिम स्वर ने भी इस मुख्यधारा में अपनी ख़ास जगह बनाई है। फ़रीद ख़ान फ़रीद, उस्मान ख़ान, अदनान कफ़ील दरवेश, जावेद आलम ख़ान, ज़ुबैर सैफ़ी, उज़्मा सरवत बीनिश, नाज़िश अंसारी और दूसरे कई कवियों ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज की है। ये लोग भारतीय फ़ासीवाद के दृश्य और अदृश्य चेहरों को अपनी कविता में पहचानने लगे हैं। यह स्वाभाविक भी है क्योंकि मज़लूम मुसलमान ही फ़ासीवाद के निशाने पर सबसे आगे हैं।

हिन्दी के ये मुसलमान कवि समकालीन भारत के उस अनुभव को लिख रहे हैं जो केवल मुसलमान के ही हिस्से में आ सकता है।

ख़ास बात यह है कि उनकी कविता सिर्फ़ इन अनुभवों को दर्ज करने तक सीमित नहीं है। ये अनुभव वर्तमान फ़ासीवाद के अंतर्गत भारतीय समाज, राजनीति, लोकतंत्र, न्याय और संस्कृति को महसूस करने, समझने और उनका सामना करने के सबसे सक्षम उपकरण मुहैया करते हैं। यही कारण है कि उनकी कविता में हमें अपना समय सबसे नंगे, डरावने और कारुणिक रूप में दिखाई देता है। आगे इस अंक में संकलित मुसलमान कवियों की कविताओं के बहाने इस बात को कुछ और स्पष्ट करने की कोशिश की जाएगी। मेरा यह प्रस्ताव है कि हिन्दी के मुस्लिम कवियों की कविता की चर्चा ख़ास तौर पर हो, विस्तार से हो, इसका समय आ गया है।

पिछले अंक के संपादकीय में 21वीं सदी की हिन्दी कविता की सैद्धांतिकी और रचना-प्रक्रिया की नई विशेषताओं को पहचानने की कोशिश की गई थी। यह कहा गया था कि बाबरी मस्जिद के विध्वंस की घटना और उसके बाद क्रमशः हिंदू फ़ासीवाद के वर्चस्व के स्थापित होने की परिघटना को 21वीं सदी की हिन्दी कविता के निर्णायक प्रस्थान-बिंदु के रूप में देखा जा सकता है। इस परिघटना ने भारतीय समाज और राजनीति में एक ज़बरदस्त दक्षिणपंथी मोड़ उपस्थित किया है।

हम देख रहे हैं कि आज पूँजीवाद एक वैश्विक साम्राज्य क़ायम करने के लिए उद्यत है। इसका राजनीतिक चरित्र फ़ासीवादी और युद्धोन्मादी है। भारतीय पूँजीवाद इसके परम-भक्त पिछलगुए की तरह एक तरफ़ निरंकुश नवउदारवाद क़ायम करने में जुटा हुआ है और दूसरी तरफ़ स्त्रियों, अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों, किसानों, मज़दूरों, छात्रों और नौजवानों की लोकतांत्रिक प्रगति को लगातार पीछे धकेलने में।

आज की हिन्दी कविता का स्पेक्ट्रम इस समूची स्थिति के लोकतांत्रिक प्रतिरोध से निर्मित होता है। इस प्रक्रिया में वह अधिक लोकतांत्रिक और संवाद-उन्मुख हुई है। उसने एकालाप की जगह द्वंद्वात्मक संलाप की शैली अपनाई है। वह अश्रद्धा और संघर्ष चेतना से प्रेरित है।

कविता अनादि काल से मानवीय अनुभव को स्थापित भाषा की बंदिशों और बेड़ियों से आज़ाद करने की जद्दोजहद करती रही है।

सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक सत्ताएँ मानवीय अनुभव को उस विचारधारा से अनुशासित करने की चेष्टा करती हैं, जिससे उनके हित सुरक्षित रहें। वे एक विशिष्ट सार्वजनिक भाषा, प्रतीक-प्रणाली, बिंब-व्यवस्था और संवाद-संस्कृति स्थापित करने की कोशिश करती हैं। वे मनुष्य के अनुभव को काल्पनिक विपरीत युग्मों के ज़रिये परिभाषित करते हुए उसे सरलीकृत और विरूपित करती हैं।

कविता इस विराट षड्यंत्र को विफल करने की चुनौती है। कविता उस अनुभव का साक्षात्कार और नवसृजन है, जिसे विक्षिप्ति क़रार देकर सत्ताएँ परिदृश्य से बाहर कर देना चाहती हैं। कविता मनुष्य के जीवन और उसकी भाषा को शक्ति के व्याकरण और व्याकरण की शक्ति से नियंत्रित करने की चेष्टा का प्रतिरोध है। वह अनुभव की चोट से जन्म लेती है, उसके मर्म को खोजती है और उसका मानवीय विस्तार करती है।

कविता तब संकट में दिखाई देती है, जब वह वर्चस्व के सांस्कृतिक पैराडाइम का भेदन करने में नाकाम होने लगती है। ठीक उसी तरह जिस तरह समाज तब संकट में दिखाई देता है जब वह वर्चस्व के प्रतिरोध का कोई रचनात्मक रास्ता नहीं खोज पाता।

कविता समाज के संकट को हल करने में मददगार भी हो सकती है और कभी-कभी उसका पुनरुत्पादन करने वाली भी।

आलोचना के कविता अंक में शामिल बहुत-से कवियों ने अपने वक्तव्य में यह बात कही है कि आज की हिन्दी कविता के सामने एक बड़ी चुनौती पिछली सदी से चली आ रही उस काव्य- भाषा का विखंडन करने की है, जिसमें प्रेम और प्रतिरोध जाने-पहचाने सुविधाजनक तरीक़ों से परिकल्पित किए जाते रहे हैं। यह हिन्दी की साहित्यिक भाषा में निहित जेंडर, वर्ण, वर्ग और वर्चस्व के संस्कारों को पहचानने और उनसे मुठभेड़ करने की चुनौती भी है। पिछले अंक की तरह इस अंक की कविताओं में भी हमें यह मुठभेड़ कहीं कम कहीं ज़्यादा दिखाई देती है। कहीं कामयाब और कहीं-कहीं नाकाम होती हुई।

विष्णु नागर की कविता ‘छह बजकर दस मिनट’ वास्तविक और आभासी जीवन की उस बाइनरी को ध्वस्त करती है जिसकी आजकल बहुत चर्चा होती है। क्या होता है जब आपकी कल्पना में जीवित किसी व्यक्ति के बारे में आपको अचानक पता चलता है कि वह कई वर्ष पहले ही इस दुनिया से विदा हो चुका है? ऐसी कोई घटना एक बहाना बन सकती है, यह याद दिलाने का कि हमारा अपना जीवन, हमारे निजी संबंध और हमारी अपनी दुनिया कितनी दूर तक ऐसी हो चुकी है जिसमें आभासी और वास्तविक के बीच की विभाजक रेखाएँ धुँधली हो गई हैं। यह कविता एक ऐसी दुनिया की ओर भी इशारा करती है जिसमें मृत्यु इतनी अधिक है कि दिखाई देना बंद हो जाती है।

‘कितना हिंदू हूँ?’ भी मेरी नज़र में बुनियादी तौर पर एक ऐसी कविता है जो हिंदू और मुसलमान की उस बाइनरी को तोड़ती है, जिसे बनाया तो उपनिवेशवाद ने था लेकिन जिस पर वर्तमान फ़ासीवाद ने अपना साम्राज्य खड़ा किया है।

विष्णु नागर की कविताएँ अपने वेधक राजनीतिक व्यंग्य से पहचानी जाती हैं, लेकिन उन में समकालीन त्रासदी का बोध और करुणा का स्पर्श हमेशा बना रहता है।

प्रचलित प्रतीक-प्रणाली की हिंसा को उजागर करने के लिहाज़ से अजंता देव की कविता ‘मानवी’ बहुत ध्यान से पढ़ी जानी चाहिए। स्त्री को पृथ्वी कहना इन दोनों के प्रति की जा रही हिंसा को सहज और स्वीकार्य बना देना है। उन्हें एक ऐसी शै में बदल देना कि कोई भी अपमान, कैसी भी यातना उनके लिए असहनीय न रह जाए।

अजंता की कविता ‘अपराध का मज़दूर’ अपराधी और शरीफ़ आदमी के बीच के विलोम को अपराध की दुनिया के मालिक और मज़दूर के द्वंद्व से विस्थापित करती है। समाज में जो लोग हमें अपराधी के रूप में दिखाई देते हैं वे अक्सर महज़ मज़दूर होते हैं। असली अपराधी ताक़त के पर्दों के पीछे छुपे रहते हैं। ऐसी कविताएँ उन्हें दृश्य में खींच लाती हैं।

लाल्टू ने लिखा है कि कविता की सबसे बड़ी समस्या ज़ुबान की है। अपने जीवंत लोक को निरंतर गँवाती हुई हमारी भाषा अधिक से अधिक किताबी और सांस्थानिक होती चली गई है। ऐसी भाषा कविता को जीवन से अलग कर देती है जबकि लाल्टू की कविता बज़िद है कि मनुष्य का अपना संसार ही कविता है। उसका ख़ुद से अलग होना ही कविता से अलग होना होता है।

कविता कृष्णपल्लवी ‘भाषा विमर्श’ कविता में शुद्ध हिन्दी भाषा की सांप्रदायिक जातिवादी राजनीति को सीधे संबोधित करती हैं। ऐतिहासिक रूप से इस राजनीति का हिन्दी भाषा के साथ एक अंतरंग संबंध रहा है। इस अंतरंगता से टकराए बिना हिन्दी में प्रतिरोध की कविता नहीं लिखी जा सकती है।

कविता कृष्णपल्लवी की कविता इतिहास में पीछे छूट गए बच्चों और गुमशुदा लोगों की कविता है। वह इन अनाम लोगों के लिए सहानुभूति बटोरने की कोशिश नहीं करती, बल्कि उनकी अपराजेय मनुष्यता और क्रांतिकारी ऊर्जा का परचम बनती है। फ़ासीवाद के साथ चालाकी-भरा सहअस्तित्व खोजने वाली मध्यवर्गीय लिबरल सेकुलर बौद्धिकता के लिए उसमें कोई सहानुभूति नहीं है। उसकी पहली प्राथमिकता इस जमात के बौद्धिक पाखंड पर चोट करना ही है।

सौम्य मालवीय को भी आज की हिन्दी कविता पर पाखंड के निशान दिखाई देते हैं। लेकिन कवियों के प्रति सदाशयी होते हुए वे इसे उनकी नीयत की खोट के रूप में नहीं देखते। उनके लेखे यह उस सामाजिकी का परिणाम है, जो कवियों को सृजन के औज़ार भी दे रही है और उनकी कविता को उपभोग की वस्तु भी बना दे रही है। इसलिए कविता का प्रतिरोध एकेडमिक, कलात्मक और उत्सव-अनुकूल बनकर रह जाता है। इस अंक में सौम्य की पहली ही कविता ‘शहतूत’ कुछ ऐसी ही विडंबना की ओर संकेत करती है। इस कविता के विपुल आशयों की खोज करना पाठकों को निश्चय ही चुनौतीपूर्ण और उत्तेजक लगेगा।

कुंठाग्रस्त राष्ट्रवाद की बखिया उधेड़ने वाली कविता ‘पाकिस्तान की माँ की!’ राष्ट्रवाद में निहित पितृसत्तात्मक हिंसा को एक्सपोज़ करते हुए स्त्री-नागरिक को प्रतिरोध के मोर्चे के रूप में खड़ा करती है। उनकी कविता बिना शोर मचाए, बिना नारा लगाए उस व्यवस्था को कठघरे में खड़ा करती है जिसमें सारे दारुण सामाजिक संयोग हमेशा ‘पूर्वनिर्धारित’ होते हैं!

उज़्मा सरवत बीनिश की कविताएँ भारतीय समाज के फ़ासीकरण से पैदा होने वाले स्किज़ोफ़्रेनिया का निदान करती हैं। भारत के मुसलमान ही सबसे पहले और सबसे ज़्यादा इसे झेल रहे हैं। इसीलिए सबसे साफ़ तरीक़े से लिख भी रहे हैं। फ़ासीकरण की यह प्रक्रिया हमारे समाज की जिस भीषण ‘ऑक्वर्डनेस’ को नॉर्मलाइज करती है, बीनिश की कविता उसे सहज ही पहचान लेती है।

इस अंक में ‘अलैंगिक’ मेरे जानते इस विषय से संबंधित हिन्दी की पहली कविता है। यह कविता हिन्दी में एक नए विमर्श को जन्म दे सकती है। यह कविता एक बार फिर बताती है कि कैसे एक तरह के उत्पीड़न की समझ दूसरी तरह के उत्पीड़न को देखने और समझने की राह खोलती है।

भारतीय समाज के फ़ासीकरण की एक तस्वीर यह है कि पशु-दया जैसे मानवीय गुणों और त्योहारों की बधाई देने की रवायतों को भी मुसलमान-विरोधी हथियारों में बदल दिया गया है। सामाजिक व्यवहारों में यूँ ज़हर घोल देना मॉब लिंचिंग की हिंसा से कहीं अधिक भयानक है। इस अंक में अदनान कफ़ील दरवेश की कविता ‘बकरीद मुबारक’ इसे दर्ज करती है।

अदनान हिन्दी के उन अग्रणी कवियों में हैं जो वर्तमान भारतीय समाज के मुस्लिम-अनुभव की विस्तृत पड़ताल करते हैं। इस पड़ताल के लिए वे हिन्दी कविता और उसकी काव्य-भाषा की पवित्र चौहद्दियों से बाहर निकलते हैं। इतिहास, वर्तमान और भविष्य की दुर्गम यात्राओं पर निकलते हैं। इन यात्राओं पर वे किसी मज़हबी व्यक्ति की तरह नहीं, बल्कि एक सचेत कम्युनिस्ट योद्धा की तरह निकलते हैं। यही बात इस पड़ताल को सार्थक बनाती है। यही उनकी कविता का
प्रतिरोध है।

इस अंक में ‘शाहजहाँनाबाद की रात’, ‘लोधी कॉलोनी रेलवे स्टेशन’ और ‘मिर्ज़ा ग़ालिब के मज़ार पर’ जैसी अनेक कविताएँ इसकी मिसाल हैं। इन कविताओं में अतीत, वर्तमान और अनागत की मार्मिक अंतःक्रियाएँ एक महाकाव्यात्मक गूँज पैदा करती हैं।

इस अंक में पंकज चतुर्वेदी ने भी अपनी यह चिंता साझा की है कि कहीं हमारे समय में मनुष्य की ट्रेजेडी का ‘कविता गढ़ने’ के कच्चे माल के रूप में तो इस्तेमाल नहीं हो रहा!
कला में हमेशा यह एक मुश्किल सवाल होता है कि कब कोई ट्रेजेडी महज़ कलात्मक सनसनी बनकर रह जाती है और कब उसके दोहराव को रोकने की एक सार्थक कोशिश बन जाती है।

इतना ज़रूर कहा जा सकता है कि अगर कोई कलाकृति केवल संवेदना जगाकर चुक जाए, समझ की कोई नई खिड़की न खोल सके, नए रास्तों की तलाश की बेचैनी ना जगा सके तब शायद ही दीवारों की सजावट से ज़्यादा उसका महत्व हो। पंकज की कविताओं में यह समझदारी दिखाई देती है। करुणा की अंतर्निहित रेखा को न छोड़ते हुए भी उनकी कविताओं का ज़ोर समझ और भाषा के बने-बनाए चौखटों को गड़बड़ा देने पर रहता है।

शायद यही कारण है कि “वह कम से कम कला से” अपनी बात कहना चाहते हैं। उनकी कविता कहती है कि शब्दों से शब्द समझ नहीं आते, पीड़ा से आते हैं। ‘अच्छे कवि से’ कविता में यह पंक्ति आती है: अच्छी कविता एक पूरे समाज की कोशिश का नतीजा है।

हिन्दी कविता की भाषा-संस्कृति को लोकतांत्रिक विस्तार देने का काम सबसे अधिक नई पीढ़ी की स्त्री कवियों ने किया है। इस अंक में कविता कृष्णपल्लवी, रूपम मिश्र, अनुपम सिंह, एकता वर्मा और सुलोचना वर्मा की कविताएँ इसकी गवाही देंगी।

रूपम मिश्र की कविताओं में अवध की स्त्रियों की बोलियों से आईं अनगिनत अभिव्यक्तियाँ हज़ारों साल पुराने उनके दुखों का ताप लिये हुए हैं। जिन शब्दों में उन स्त्रियों की पराधीनता का इतिहास रचा गया, रूपम मिश्र की कविता उन्हीं शब्दों से प्रतिरोध के परचम बना लेती हैं।

इस अंक में शामिल उनकी पहली ही कविता में सनई के फूल इस रचनात्मक युक्ति के उदाहरण हैं। सनई के रेशों से बहुत मज़बूत रस्सी बनती है। पितृसत्ता जैसी मज़बूत। लेकिन कविता उसके सुंदर फूलों को लोढ़कर उसकी सब्ज़ी बना लेना चाहती है। यह उस स्त्री की कविता है जिसे सौंदर्य और भूख का यही एक विकल्प मिलता है।

रूपम मिश्र की कविता प्रेम, परिवार, समाज, राजनीति और कविता में लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए लड़ती हुई कविता है। नई पीढ़ी की स्त्री कवियों ने हिन्दी की स्त्री कविता के आभिजात्य को तोड़ा है।

रूपम की तरह अनुपम सिंह की कविताओं में भी स्त्री का प्रतिरोध दिखाई देता है। स्त्री कभी सामराजी युद्ध के पक्ष में नहीं होती, लेकिन ऐसा हर युद्ध अंततः उसी की देह और मन पर लड़ा जाता है। युद्ध का प्रतिरोध स्त्री एक बच्चे को जन्म देने, उसे बड़ा करने और उसे संवेदनशील मनुष्य बनाने की कामना से करती है, चाहे इन युद्धों में कितने ही बच्चे मारे जा रहे हों। इस अंक में ‘मुझे इस बच्चे को जन्म देना ही होगा’ इसी स्त्री-कामना की कविता है।

पुरुष को जहाँ जीवन की छोटी-मोटी ख़ुशियों में भी केवल आधा-अधूरापन दिखाई देता है वहीं अनुपम सिंह की कविता उन नन्ही ख़ुशियों में पूर्णता का एहसास पा लेती हैं। पुरुष के लिए पूर्णता की खोज संपूर्ण आधिपत्य की खोज है। सारे युद्ध और सारी हिंसा इसी असमाप्य खोज से जन्म लेते हैं। स्त्री की हर अनुभूति अपने आप में संपूर्ण होती है। उसकी खोज आधिपत्य की नहीं स्वतंत्रता की है। सबकी स्वतंत्रता की।

दुनिया में दुख है, हिंसा है, यातनाएँ हैं, हादसे हैं, क्रूरता है। अनुपम सिंह की कविता इन सबकी ओर पीठ किये नहीं बैठी है। लेकिन वह समझती है कि केवल साझेपन से ही दुखों का भार कम होता है। साझापन दुखों को भी प्यार के वरदान में बदल देता है। यह साझापन ही स्त्री-दृष्टि है और इस से इनकार ही पुरुष-अहंकार। अनुपम सिंह ने कविता की उस भाषा का निर्माण किया है जिसमें स्त्री-दृष्टि बड़ी सहजता और सधाव के साथ व्यक्त होती है।

एक ऐसे दौर में जब सत्ता या सत्ताधारी से दर्द की शिकायत करना भी देशद्रोह जैसा गंभीर अपराध बना दिया गया, अक्सर कविता ही उसे कहने की अकेली जगह बच जाती है। संजय कुंदन की कविता का ढब यही है। उनकी कविता ‘कविता है तो…’ यही प्रस्तावित करती है। उनकी कविता में अक्सर तीख़ा व्यंग्य अधरोष्ठों में मुस्कुराता हुआ आता है और पाठक को दोस्ताना ढंग से लेकिन पूरी तरह झँझोड़कर चला जाता है।

अच्युतानंद मिश्र को इस दौर की कविता से कुछ गंभीर शिकायतें हैं। उनका मानना है कि हिन्दी कविता उत्तर-औद्योगिक समाज की तकनीकी तार्किकता से आच्छादित है, जिसके चलते कला का अवमूल्यन और कलाकार का विलगाव बढ़ा है। उनके लेखे अब कविता के टुकड़े एक गतिशील चाक्षुष माध्यम का प्रभाव पैदा करते हैं जहाँ कोई भी टुकड़ा किसी दूसरे टुकड़े से आसानी से जोड़ा जा सकता है। इस परिदृश्य को वे कविता के मरण के रूप में रेखांकित करते हैं। उनकी कविता तितली के पंख की पुकार को कान से नहीं हृदय से सुनना चाहती है।

सिक्काबंद मज़बूत व्यवस्थाओं में असहमति का शोर भी सहमति की संरचना का एक हिस्सा मात्र बनकर रह जाता है। अच्युतानंद की कविता इस बात को समझती है और इसीलिए वह अदेखी, अदृश्य, अमूर्त और बेआवाज़ असहमतियों की कविता बनना चाहती है।

एकता वर्मा को इस बात की चिंता है कि हिन्दी कविता आम जनता तक नहीं पहुँच पा रही है। हिन्दी के लेखक के पास बहुत कम सोशल कैपिटल है। उन्हें यह सवाल परेशान करता लगता है कि हिन्दी कविता में दुख का वह बोध साझा क्यों नहीं हो पा रहा है, जिससे आम जनता को हिन्दी कविता अपनी कविता लगे।

शायद यही कारण है कि उनकी कविता बिंबों का समुच्चय बनने की बजाय दुखों का साझा मोर्चा बनना चाहती है। इस साझे मोर्चे में एक तरफ़ मानव-त्रासदियों के चश्मदीद गवाहों के रूप में कपड़ों की कथरियाँ हैं तो दूसरी तरफ़ वह फ़िलिस्तीनी मलबा, जिससे बच्चे घर बनाने का खेल खेल रहे हैं। एकता इन कथरियों और मलबों को स्त्री कविता और स्त्री भाषा की सशक्त अभिव्यक्तियों की तरह निर्मित करना जानती हैं।

राकेश रंजन ने कविता में हिन्दी भाषा की लय और छंद को प्रतिरोध के औज़ारों के रूप में विकसित किया है। वह हिन्दी के उस बेलौसपन के कवि हैं जो हत्यारे को बिना किसी लाग-लपेट के हत्यारा कहना जानता है। एक हिन्दी भाषी ग्रामीण किसान जिस तरह अपने दुख और ग़ुस्से को शब्दों की वेधकता मैं बदलना जानता है उसी तरह राकेश रंजन की कविता भी जानती है। इसी वेधक व्यंग्य के सहारे वह सत्ता के प्रमाद को समूल दरर देना सीख गई है।

चंद्रभूषण को इस बात की गहरी चिंता है कि हमारे समय की हिन्दी कविता पर गंभीरता से विस्तृत बातचीत नहीं हो रही है। एक पूरी पीढ़ी आलोचनाविहीन चली गई। उन्हें लगता है कि अभी के समय में कवियों को एक दूसरे पर अधिक लिखना चाहिए और सच्चा लिखना चाहिए।

चंद्रभूषण की कविता में यह दुर्लभ सजगता दिखती है कि अगर कोई समाज विकट स्मृति-भ्रंश का शिकार हो गया हो तो उसे वर्तमान के हादसों का कभी अंदाज़ा ही नहीं होगा। उनकी कविता तकलीफ़ के साथ याद दिलाती है कि देश की वर्तमान मुख्यधारा को स्थापित करने के लिए हमारे देश की कितनी ही सांस्कृतिक बौद्धिक धाराओं को ख़त्म कर दिया गया।

व्यक्तिगत और सामूहिक स्मृतियों को जगाना, इतिहास को अँधेरे कोनों से निकालकर वर्तमान के रंगमंच पर ले आना और भविष्य की आवाज़ों की ओर कान लगाना, यही उनकी कविता की धुन है। वे किसी इतिहास-लेखक की तरह नहीं, एक इतिहास-सजग कवि की तरह कविता लिखते हैं। समय की लय को पकड़ने की कोशिश करती हुई उनकी कविता सहज ही बोलचाल की हिंदुस्तानी ज़बान के अपने छंद और लय से जुड़ जाती है।

बोधिसत्व की कविता भी ऐतिहासिक और पौराणिक स्मृतियों का उपयोग करती है, लेकिन किंचित भिन्न ढंग से। अक्सर ये स्मृतियाँ उनकी कविता में रूपक और प्रतीक बनकर आती हैं। वर्तमान की व्याख्या के लिए इतिहास के रूपक का उपयोग करने में बहुत सारे ख़तरे हो सकते हैं।

इतिहास और वर्तमान दोनों का सरलीकरण हो सकता है। बोधिसत्व की कविता इन ख़तरों से टकराती है।

भारत के मध्यकालीन इतिहास की व्याख्या करने के लिए औरंगजेब और दारा शुकोह की बाइनरी का इस्तेमाल होता रहा है। बोधिसत्व की कविता इस बाइनरी का इस्तेमाल दिल्ली की वर्तमान राजनीति की व्याख्या करने के लिए करती है, जिसमें ‘मेलजोल चाहने वालों’ और ‘कटुता चाहने वालों’ के बीच एक लड़ाई चल रही है। इतिहास का रूपक वर्तमान की विडंबना को एक मार्मिक गहराई प्रदान करता है। औरंगजेब और दारा शुकोह की बाइनरी बनाने वालों और उसका इस्तेमाल करने वालों की राजनीति क्या है, कविता फ़िलवक़्त इस सवाल में नहीं जाती। जाएगी तो इतिहास रूपक नहीं बन पाएगा और इतिहास-लेखन के सवाल कविता के केंद्र में आ जाएँगे।

केशव तिवारी उस अकेलेपन की कविता लिख रहे हैं ‘जिसे इस समय की राजनीति ने धर्म और मनुष्य को बाँटकर पैदा किया है’। उनकी कविता ‘गाँव और शहर के रगड़े से बाहर मनुष्य के निकट’ आने की रचनात्मक कोशिश है। इस अंक में अपनी एक कविता ‘इस वक़्त’ में वे कहते हैं कि पुकारों से टकराकर पुकारें इन दिनों अनंत की किसी खोह में खो रही हैं।

केशव तिवारी की कविता इन पुकारों को खो जाने से बचाने की कार्रवाई है। वे भारतीय मनुष्य के किसी खो गए लोक की नॉस्टैल्जिक स्मृतियाँ नहीं हैं। निरंकुश पूँजीवाद की फ़ासीवादी मशीन अंतिम मनुष्य की जिन कमज़ोर अश्रव्य कराहों को कुचल देने पर आमादा है, उन्हें उनकी कविता सुनती है और संयत शांत स्वर में कहती है।

सुलोचना वर्मा की कविता सवाल पूछती हुई कविता है। यह सवाल सत्ता और पितृसत्ता द्वारा पोषित विमर्शों की बखिया उधेड़ने वाले सवाल हैं, जो किसी सचेत स्वाभिमानी स्त्री के मन में ही उठ सकते हैं। जैसे एक सवाल स्त्री-दिवस का उत्सव मनानेवाले समाजों से है कि क्या स्त्री की मुक्ति की घोषणा के दिन को भी उसकी सतत ग़ुलामी के उपकरण में बदल दिया गया है! उनकी कविता यह भी पूछती है कि एक हिम्मत हारते हुए आदमी से यह कहने की बजाय कि यह तुम्हारी ही ग़लती है, क्यों इतना मुश्किल होता है उसे कुछ देर सुन लेना! उनकी कविता हरी दूब जैसी वह स्त्री है, जो महज़ अपने होने को विनाशकारी सत्ताओं के विरुद्ध प्रतिरोध की तरह दर्ज करती है।

जिस दौर में न्याय को बुलडोज़रों से कुचला जा रहा हो, फ़र्ज़ी मुठभेड़ों में मारा जा रहा हो, और इन्हीं हत्याओं को राष्ट्रवाद के जश्न के रूप में मनाया जा रहा हो, उस दौर का मुक़ाबला करने के लिए जिस निरुपाय स्त्री-वीरता की ज़रूरत होती है, उसी से सत्यपाल सहगल की कविता आकार लेती है। उनकी कविता मुठभेड़ की जगहों पर जीवन की बिखरी हुई किरचों को समेटती जाती है, अपनी हाय छुपाती माँओं-बहनों की तरह।

एक पुरुष कवि की कविता होते हुए भी यह पुरुष भाषा और स्त्री भाषा के विभाजन को अप्रासंगिक बनाती हुई आगे बढ़ती है। उनकी कविता सीढ़ियों पर अटकी धूप से, रसोई की महक से और खिड़की के बाहर ज़िंदगी की सतत आवाजाही से निरंतर बनती रहती है।

कुमार अंबुज को भी चिंता है कि हमारे समय की कविता में रक्ताल्पता के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। कविता में बेहतर दुनिया की कल्पना और वैचारिक पक्षधरता की कमी सर्वग्रासी पूँजीवाद के सामने कविता के सरेंडर का इशारा हो सकता है। इस चेतावनी को गंभीरता से लेने की ज़रूरत है।

इस अंक में कुमार अंबुज की कविताएँ चहुँओर चल रहे सांस्कृतिक सामाजिक विध्वंस के कविता-छायाचित्रों का एल्बम हैं। इन लघु चित्रों को ध्यान से देखा जाए तो नवनिर्माण के नाम पर चलाई जा रही विध्वंस की विराट गाथाएँ दिखाई पड़ेंगी। मनुष्य की कमाई हुई अब तक की समूची संस्कृति को खंडहरों में बदला जा रहा है और इन खंडहरों को विजय की घोषणाओं के मंच की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।

कुमार अंबुज की कविता के पास यह अंतर्दृष्टि है कि ग़रीबी कोई मानवीय त्रासदी नहीं, एक राजनीतिक षड्यंत्र है। यह एक ऐसी दुनिया है जिसमें दिन-रात ग़रीबी, मृत्यु और विनाश का उत्पादन चलता रहता है, क्योंकि उसी से ताक़तवर लोगों की ताक़त बढ़ती है। पश्चिम एशिया में चल रहे वर्तमान युद्ध के दौरान उत्पन्न हुए ऊर्जा संकट के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति ने अभी-अभी यह बयान दिया है कि हम इससे बहुत सारा पैसा बनाएँगे।

कुमार अंबुज की कविता याद दिलाती है कि मानव जाति के ऊपर आया हुआ संकट कोई दुर्योग नहीं, एक डिज़ाइन है, जिसका उद्देश्य पूँजी के फ़ासीवादी साम्राज्य को अजेय बनाना है।

Share This Article
संपादक, आलोचना; दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग में प्रोफेसर
Leave a review