“भविष्य पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि हममें से हर कोई रोज़ क्या करता है। कोई भी आंदोलन असल में लोगों के आगे बढ़ने से ही बनता है।”
— ग्लोरिया स्टाइनम
स्त्रीवाद : अपनी कहानी कहने की ताक़त
पुरुष की अपेक्षा स्त्री अपनी देह में ज़्यादा क़ैद है। वह ख़ुद को इससे ऊपर उठाना भी चाहे तो न प्रकृति उसे ऐसा करने देती है, न समाज। तो आख़िर वह कौन है, जो उसे बताता है कि तुम्हारे पास भी कुछ है कहने के लिए? और जो कहना है, उसकी भाषा या शब्दावलियों से उसे लैस कौन करता है?
यह काम शुरू से ही स्त्रीवादियों के हिस्से रहा है। जब स्त्रीवाद शब्द मुख्यधारा में नहीं था, उस वक़्त भी स्त्रीवादियों ने जोखिम उठाए और लैंगिक बराबरी की लड़ाई की नींव रखी।
स्त्रीवादी लेखिका और पत्रकार ग्लोरिया स्टाइनम भी उन्हीं शख़्सियतों में से एक रहीं, जिन्होंने स्त्री के हक़ और अधिकार को इस तरह रेखांकित किया कि अनगिनत औरतों को महसूस हुआ कि स्त्रीद्वेष का चेहरा दरअसल दुनियाभर में एक-सा है।
उनके सुधारवाद के कारण वाम पक्ष की ओर से उन्हें बुर्जुआ और एंटी-कम्युनिस्ट तक कहा गया, लेकिन उनके विस्फोटक लेखन से दुनिया यह समझ पाई कि सबसे अधिक लोकतांत्रिक होने का दावा करने वाला अमेरिका जैसा विकसित पूंजीवादी देश भी स्त्री को केवल पुरुष के उपभोग की वस्तु समझने वाली दृष्टि से किस हद तक आक्रांत है!
ग्लोरिया ने जेंडर इक्विटी के उन मुद्दों पर सक्रियता से पचास सालों तक काम करके जागरूकता बढ़ाई, जिनके बारे में सोचना भी एक अपराध था। बच्चा पैदा करना या न करना, विवाह करके पैदा करना या बिना विवाह के पैदा करना—इन सबकी आज़ादी की वकालत करने से लेकर कार्यस्थल पर निष्पक्षता के लिए लड़ने तक, उनके प्रयासों ने निश्चित ही फ़ेमिनिज़्म को आगे बढ़ाया।
‘ब्रीफ़ बट स्पेक्टैक्युलर’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा था,
“मेरी उम्र के लोग मुझसे पूछते हैं कि मैं अपनी मशाल किसे सौंप रही हूँ? और मैं हमेशा कहती हूँ—सबसे पहले तो, मैं अपनी मशाल अपने पास ही रख रही हूँ… और मैं इसका इस्तेमाल दूसरी मशालें जलाने के लिए कर रही हूँ, क्योंकि हर किसी को मशाल की ज़रूरत होती है। एक व्यक्ति के हाथ में मशाल होने के मुक़ाबले यह एक कहीं बेहतर क्रांतिकारी तस्वीर है।”
जब निजी त्रासदी सार्वजनिक बनी
जब ग्लोरिया ने औरतों को पुकारा कि वे अपनी वह कहानी ‘मिस मैगज़ीन’ को लिखकर भेजें, जिसमें उन्हें एबॉर्शन के दुरूह और भयावह अनुभवों से गुज़रना पड़ा था, तब पत्रिका में ‘वी हैव हैड एबॉर्शंस’ शीर्षक से छपे लेख में लगभग पचास स्त्रियाँ सीधे तौर पर सामने आईं। उन्होंने अपनी पहचान के साथ और सरकार से बिना डरे एबॉर्शन के उन अनुभवों को साझा किया, जिनके बारे में घरों के भीतर तो बातें होती थीं, लेकिन सार्वजनिक तौर पर एक ख़तरनाक चुप्पी थी।
‘मिस मैगज़ीन’ अपने यहाँ की पहली ऐसी राष्ट्रीय मैगज़ीन थी, जिसकी मालिक, जिसे चलाने वाली और जिसके लिए लिखने वाली सभी स्त्रियाँ थीं। इसने घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न और गर्भपात जैसे मुद्दों को मैगज़ीन के कवर पर जगह दी, जब कोई और ऐसा नहीं करता था। इसी मैगज़ीन ने भाषा में “मिस” शब्द को शामिल किया।
‘रो बनाम वेड’ अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट का वह मामला था, जिसने 1973 में अमेरिका में गर्भपात को कानूनी मान्यता दी थी। सुरक्षित और कानूनी गर्भपात लगभग 50 वर्षों तक पूरे देश में एक मान्यता प्राप्त संघीय संवैधानिक अधिकार बना रहा। शुरुआत से ही ‘रो बनाम वेड’ में कमियाँ थीं। इसमें लोगों को गर्भपात का अधिकार तो दिया गया, लेकिन गर्भपात की सुविधा तक लोगों की पहुँच को कभी सुरक्षित नहीं किया गया। कई राज्यों ने ऐसे कानून बनाए, जिनसे गर्भपात करवाना लगभग असंभव हो गया।
इसके विरोध में ग्लोरिया ने जो आंदोलन खड़ा किया, वह वैश्विक स्त्रीवादी आंदोलनों में एक ऐतिहासिक घटना थी और उस मुहिम के सकारात्मक परिणाम भी आए। हालाँकि, अभी भी अमेरिका के कई राज्यों में सुरक्षित और क़ानूनी तौर पर एबॉर्शन करवाने में मुश्किलें आती हैं। ज़ाहिर है, स्त्रियों के लिए तो पूरी दुनिया एक एपस्टीन फ़ाइल है।
ऐसे में किसी स्त्री का स्त्रीवाद को समर्थन न करने की दलील देते हुए देखना बहुत वीभत्स लगता है। मुख्यधारा में शामिल होकर जिन स्त्रियों ने कुछ ताक़त हासिल कर ली है, उनका ख़ुद को प्राउडली फ़ेमिनिस्ट होने से नकारने वाले साक्षात्कार देखना भी कम चिंताजनक नहीं। उन्हें अंदाज़ा ही नहीं कि जिस ज़मीन पर खड़ी होकर वे यह कह रही होती हैं, वह स्त्रीवाद की लड़ाई से तैयार की गई ज़मीन है।
भारत : विचारों को बदलने वाला अनुभव
ग्लोरिया के जीवन का एक महत्त्वपूर्ण अध्याय भारत से जुड़ा था, जिसने उनकी सोच और कार्यशैली को गहराई से प्रभावित किया। स्मिथ कॉलेज से 1956 में स्नातक करने के बाद उन्होंने चेस्टर बाउल्स एशियाई फैलोशिप पर भारत आने का निर्णय लिया। 1956 से 1958 के बीच लगभग दो वर्ष उन्होंने भारत में बिताए।
दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस हॉस्टल में रहकर उन्होंने कक्षाएँ लीं और स्थानीय जीवन को क़रीब से देखा। आय के लिए उन्होंने लेख लिखे, विज्ञापनों में काम किया और यहाँ तक कि दिल्ली क्लॉथ मिल्स के साड़ी विज्ञापनों में भी दिखाई दीं। फिर वे गांधीवादी कार्यकर्ताओं के साथ गाँव-गाँव गईं। विनोबा भावे के भूदान आंदोलन से जुड़े लोगों के साथ पैदल और ट्रेन से यात्रा करते हुए उन्होंने भूमिहीनों के लिए भूमि दान की प्रक्रिया, जातिगत तनावों के शांतिपूर्ण समाधान और पंचायत-शैली की चर्चाओं को देखा।
गांधीवादियों के साथ रहकर उन्होंने जाना कि गाँधी जी के व्यक्तित्व और अहिंसक सत्याग्रह के विकास में स्त्रियों के प्रशिक्षण और उनसे पाई गई शिक्षा की कितनी बड़ी भूमिका थी।
बाद के वर्षों में स्टाइनम ने बार-बार कहा कि भारत ने उन्हें सिखाया कि परिवर्तन ऊपर से नहीं, नीचे से आता है। लोगों की बात सुनना, उनके साथ बैठना और उनकी भाषा में उनसे जुड़ना आवश्यक है। उन्होंने 2014 में कहा था कि भारत आने से पहले उन्हें स्त्रीवाद का अर्थ भी ठीक से नहीं पता था।
भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं की भूमिका और स्थानीय स्तर पर चल रहे सामाजिक संघर्षों ने उनकी दृष्टि बनाई। ज़ाहिर है, भारत से उनका संबंध फ़ेमिनिज़्म की मुख्यधारा की लड़ाई से जुड़ने से पहले का रहा और बाद तक बना रहा।
पत्रकारिता से आंदोलन तक
अमेरिका लौटकर उन्होंने पत्रकारिता शुरू की। 1963 में ‘शो’ पत्रिका के लिए प्लेबॉय क्लब में अंडरकवर काम करके उन्होंने वहाँ काम करने वाली स्त्रियों की स्थितियों पर लेख लिखा, जो चर्चा का विषय बना। इसी लेख से दुनिया को पता चला कि हँसती-मुस्कुरातीं, ख़ुशियाँ बेचतीं मॉडल्स की ज़िंदगी में कितना अँधेरा, शोषण, दमन और दुख है।
1969 का लेख “आफ्टर ब्लैक पावर, वुमेन लिबरेशन” उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर स्त्रीवादी लीडर के रूप में स्थापित करने वाला साबित हुआ। 1972 में उन्होंने ‘मिस’ पत्रिका की सह-स्थापना की, जो स्त्रियों के मुद्दों को मुख्यधारा में लाने का माध्यम बनी।
उनकी पुस्तकों में ‘आउट्रेजियस एक्ट्स एंड एवरीडे रिबेलियन्स’, ‘मूविंग बियॉन्ड वर्ड्स’ और ‘माई लाइफ़ ऑन द रोड’ शामिल हैं। 2013 में राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उन्हें राष्ट्रपति पदक ऑफ़ फ़्रीडम से सम्मानित किया।
वे सड़कों पर, कॉलेज परिसरों में और सामुदायिक बैठकों में बोलती रहीं। बाद के वर्षों में उन्होंने अपने घर में ‘टॉकिंग सर्कल्स’ आयोजित किए, जहाँ लोग एक-दूसरे की बात सुनते थे। यह पद्धति भारत में सीखी गई सामूहिक चर्चा की याद दिलाती है।
भारत से उनका रिश्ता जीवन भर बना रहा। वे समय-समय पर यहाँ आती रहीं। रुचिरा गुप्ता द्वारा स्थापित ‘अपने आप वुमन वर्ल्डवाइड’ से वे जुड़ी थीं और सलाहकार मंडल की अध्यक्ष रहीं।
एक जटिल विरासत
उनकी आलोचना भी हुई। कुछ लोगों ने उन्हें मुख्यधारा और श्वेत मध्यमवर्गीय नारीवाद का चेहरा माना। जैसा कि मैंने शुरुआत में भी लिखा है, वे स्वयं स्वीकार करती थीं कि आंदोलन को विविध आवाज़ों की ज़रूरत है। फिर भी उन्होंने दशकों तक स्त्रियों के आत्म-सम्मान, कार्यक्षेत्र में समानता और निजी जीवन में स्वतंत्रता के लिए काम किया।
भारत में बिताए अपने दिनों के हवाले से वे पुस्तक ‘वजूद औरत का’ की भूमिका में लिखती हैं—
‘…याद रखने लायक़ महत्त्वपूर्ण बात यह है कि स्त्री-शरीर प्रजनन का माध्यम है, इसलिए अन्य विभाजनों के दाँव पर लगने पर, इसके प्रतिबंधित होने की संभावना दोगुनी हो जाती है—और यही कारण है कि मेरे देश में लैंगिकवाद और नस्लवाद आपस में गुंथे हुए हैं, और आपके देश (भारत) में लैंगिकवाद और जातिवाद आपस में गुंथे हुए हैं, और इसी कारण लिंग/नस्ल या लिंग/जाति को एक ही साथ जड़ से उखाड़ना ज़रूरी है।’
निजी असर : गुस्से से उम्मीद तक
मुझ पर स्त्रीवाद को समझने के अपने नज़रिए में ग्लोरिया का एक असर रहा ही है। वैश्विक नज़रिया तो मिला ही, साथ ही यह भी समझ में आया कि फ़ेमिनिज़्म कभी भी सिर्फ़ स्त्रियों के बारे में नहीं था, यह हम सबके बारे में था—हर कहानी, हर उस अनुभव के बारे में जिसे दबा दिया गया या नज़रअंदाज़ कर दिया गया।
उन्होंने कहा था, ‘सच आपको आज़ाद तो करेगा, लेकिन पहले वह आपके भीतर गुस्सा पैदा करेगा।’ वह सही थीं।
कुछ साल पहले मैंने जब यह निर्णय किया कि मैं अपने भीतर स्त्रीवाद की समझ को और एक्सप्लोर करूँगी, तो इससे संबंधित किताबें, फ़िल्में, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट्रीज़—जो भी मिल सके—उन्हें सक्रियता से पढ़ना-देखना शुरू किया। मेरे पास अपने निजी कटु अनुभव थे ही। सबको मिलाती तो अक्सर गुस्से में आ जाती थी।
पर ग्लोरिया से सीखकर मैंने अपने हिस्से यह भी जोड़ा कि उनमें कोई कड़वाहट नहीं थी। उनकी सोच साफ़ थी। वह मज़ाकिया थीं, सचमुच बहुत मज़ेदार। उन्होंने एक साक्षात्कार में बताया भी है कि ज़िंदा रहने के लिए ह्यूमर कितना ज़रूरी है!
वे अधिकतर एक उम्मीद के बारे में बात करती हैं। मुझे भी उम्मीद है कि स्त्रियों के लिए दुनिया पहले से अधिक सुरक्षित बन पाएगी, धीरे-धीरे ही सही।
स्त्रीवाद : स्त्री-मुक्ति से आगे
ग्लोरिया के लेखन में स्त्रीवाद स्त्रियों को समान अधिकार दिलाने की माँग के साथ उस सामाजिक व्यवस्था की आलोचना है, जो स्त्री और पुरुष के लिए अलग-अलग जीवन-भूमिकाएँ निर्धारित करती है। वे यह प्रश्न उठाती हैं कि स्त्री की पहचान उसके शरीर, विवाह, मातृत्व या घरेलू भूमिका से ही क्यों तय की जाए!
उनके लिए पितृसत्ता राजनीति, अर्थव्यवस्था, मीडिया और संस्कृति में गहराई से मौजूद सत्ता-संरचना है। वे इस बात पर विशेष बल देती हैं कि स्त्रियों को एक-दूसरे की प्रतिद्वंद्वी बनाने के बजाय उनके साझा अनुभवों और संघर्षों के आधार पर एकजुट होना चाहिए।
स्त्रीवाद पुरुष-विरोधी नहीं, सत्ता और असमानता-विरोधी है। उनका मूल आग्रह है कि मनुष्य की संभावनाओं को उसके लिंग से निर्धारित न किया जाए। इस अर्थ में उनका लेखन स्त्री की मुक्ति के साथ-साथ एक अधिक न्यायपूर्ण और मानवीय समाज की कल्पना भी करता है।
ग्लोरिया के जीवन की कुछ कम ज्ञात बातें
ग्लोरिया के बारे में कुछ ऐसी बातें हैं, जो कम लोग जानते हैं। वे एक ‘टैप डांसर’ थीं। बचपन में उन्होंने लोकल शो में कई बार परफ़ॉर्म किया और वे ‘रॉकेट’ (एक मशहूर डांस ग्रुप) का हिस्सा बनना चाहती थीं।
लगभग दस साल की उम्र से ही वे अपनी मानसिक और गंभीर रूप से बीमार माँ की अकेली देखभाल करने वाली थीं, जबकि उनके पिता एंटीक चीज़ों के कारोबार के सिलसिले में बाहर रहते थे। स्त्रियों के ‘इनविज़िबल लेबर’—घर-परिवार में किए जाने वाले ऐसे काम, जिनकी कोई गिनती नहीं होती—पर लिखने के स्रोत उन्हें यहीं से मिले।
कुछ सालों तक उन्होंने सीआईए से गुप्त रूप से फ़ंड पाने वाली एक संस्था के लिए भी काम किया। 50 के दशक के आख़िर और 60 के दशक की शुरुआत में उन्होंने ‘इंडिपेंडेंट रिसर्च सर्विस’ के साथ काम किया, जो अमेरिकी छात्रों को वियना और हेलसिंकी में आयोजित सोवियत-समर्थित यूथ फ़ेस्टिवल में भेजती थी, ताकि वहाँ एक वैकल्पिक नज़रिया रखा जा सके। 1967 में जब इस संस्था के सीआईए से वित्तीय संबंध सामने आए, तो स्टाइनम ने इससे इनकार नहीं किया। उन्होंने यह ज़रूर कहा कि वे सीआईए की एजेंट नहीं थीं और उन्होंने या उनके साथ गए युवाओं ने एजेंसी को कोई ख़ुफ़िया जानकारी नहीं दी थी। इस स्वीकारोक्ति के बावजूद उन्हें वर्षों तक वामपंथियों की नाराज़गी झेलनी पड़ी।
वह टीवी कॉमेडी राइटर भी थीं। 1964–65 में वह अमेरिकी शो ‘दैट वॉज़ द वीक दैट वॉज़’ की टीम का हिस्सा थीं। उन्होंने 1968 में क्ले फेल्कर के साथ मिलकर ‘न्यूयॉर्क’ मैगज़ीन शुरू की। यह ‘मिस मैगज़ीन’ शुरू होने से चार साल पहले की बात है।
कई बातों की सच्चाई और प्रमाणिकता शायद उनकी आत्मकथा में क़रीने से पढ़ने को मिले। उनकी आत्मकथा, ‘एन अनएक्सपेक्टेड लाइफ़’, संभवतः इसी साल रिलीज़ होने वाली है, यानी उनका एक और काम आने वाला है। उसका इंतज़ार रहेगा।
साथ आने की ताक़त
बाक़ी, अभी तक जितना उनको पढ़ा है, उससे वे स्त्रियों को एक साथ आने की ताक़त के महत्त्व को समझाती नज़र आई हैं। समुदाय में बैठकर अपनी आवाज़ और अपनी कहानियाँ साझा करने की ताक़त—क्योंकि बदलाव असल में वहीं से शुरू होता है।
वे कहती हैं कि हम स्त्रियाँ ही एक-दूसरे की माँ हैं, बहनें हैं, दोस्त हैं। हमें एक-दूसरे की मदद करनी होगी, ताकि अपने-अपने हिस्से आए घावों को हम जल्दी ठीक करना शुरू कर सकें।
लड़ाई अभी ख़त्म नहीं हुई
हालाँकि, स्त्रीवाद की लड़ाई अभी बहुत लंबी है। इतनी लंबी कि स्त्रीवाद की चार लहरों के बावजूद भी हम पूर्णता से वह सब प्राप्त नहीं कर पाए हैं, जिसकी क़वायद हमने स्त्रीवाद की पहली, दूसरी और तीसरी लहरों में की थी।
इसलिए ग्लोरिया उम्र के 92वें वर्ष में भी, मरने से पहले तक, अपनी बात बोलती रहीं। क्योंकि वे जानती थीं कि अभी लड़ाई ख़त्म नहीं हुई है।
स्त्रियों के लिए एक बेहतर जगह बनाने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए उनके नेतृत्व और वकालत की विरासत को हमेशा याद रखा जाएगा, आगे बढ़ाया जाएगा।
हर स्त्रीवादी व्यक्ति की तरह वे भी सबसे दुर्गम रास्तों पर कुछ दूर चलीं, ताकि हम दौड़ लगा सकें।