हाल ही में कुछ नेताओं का अलीगढ़ और जामिया को ले कर दिया बयान बहुत चर्चा में है जिसमें वे अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और जामिया मिल्लिया इस्लामिया को आतंकी अड्डा बताते हुए यह कह रहे हैं कि इन्हें बंद कर देना चाहिए। यह बयान न सिर्फ़ अत्यंत आपत्तिजनक है बल्कि ऐतिहासिक रूप से ग़लत भी है। अलीगढ़ को सियाह और सफ़ेद में देखने की जगह उसकी बारीकियों को समझा जाये तो ज़्यादा बेहतर होगा। अलीगढ़ की सही छवि की राह में रुकावट ख़ुद अलीगढ़ को ले कर लिखे गए वृत्तांत हैं जिनमें न सिर्फ़ आत्मावलोकन की कमी रही बल्कि स्पष्ट बातें कहने से एक झिझक भी थी। इस कारण युनिवर्सिटी की कमियों पर बात कर उन्हें दूर करने की जगह उन पर पर्दा पड़ता रहा और साथ ही जो प्रगतिशील तत्त्व यहाँ हमेशा रहे हैं वो सामने नहीं आ पाए। इस लेख के ज़रिए अलीगढ़ के उन्हीं प्रगतिशील तत्वों की बात की जाएगी।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (ए.एम.यू.) की स्थापना से ही इसके केंद्र में बौद्धिक विमर्श, सामाजिक सुधार और राष्ट्रीय चेतना का प्रभाव व्यापक रहा है। 1920 के दशक में इसकी स्थापना के बाद से लेकर सर रॉस मसूद की वाइस चांसलरी के दौर तक विश्वविद्यालय में प्रगतिशील विचारों की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। सन 1926 में एम.ए.ओ. कॉलेज की सिल्वर जुबली के अवसर पर एक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसका विषय था— 'भारतीय समस्या का समाधान सांप्रदायिकता के दमन और राष्ट्रीयता के द्वारा ही संभव है'। इस प्रतियोगिता में राष्ट्रवाद के पक्ष में दलील देने वाले के.जी. सैयदेन को विजेता घोषित किया गया।
इस ऐतिहासिक घटना का विस्तारपूर्वक वर्णन आले अहमद सुरूर ने अपनी आत्मकथा 'ख़्वाब बाक़ी हैं' (1991) में किया है। वे लिखते हैं कि जिस विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई थी, वह यह था कि भारतीय समस्या का समाधान सांप्रदायिकता के दमन और राष्ट्रीयता के द्वारा ही संभव है। जिन्ना ने इस विषय के विरोध में बात की थी और ऐसा ही इतिहास के एक लेक्चरर ने भी किया, लेकिन प्रतियोगिता में जीत सैयदेन साहब की ही हुई। ख्वाजा अहमद अब्बास ने भी बताया है कि उनके वक्त में उन्होंने काँग्रेस के पक्ष में एक लेख लिखा, तब जिला प्रशासन से अब्बास को बचाने में सर रॉस मसूद का ही योगदान था।
सर रॉस मसूद के बाद जब विश्वविद्यालय में सर ज़ियाउद्दीन (1878-1947) का शासनकाल आया (वह कुलपति होते हुए भी लीग का आसान ही चलाते गए), तब धीरे-धीरे विश्वविद्यालय को मुस्लिम लीग का अड्डा बना लिया गया। इस दौर में विश्वविद्यालय के भीतर कई प्रमुख विभागों में मुस्लिम लीग के स्वर मुखर रहे—इसमें अंग्रेजी विभाग के जमीलउद्दीन अहमद, भौतिक विज्ञान के अफ़ज़ाल हुसैन क़ादरी, और इतिहास विभाग के अब्दुल अलीम प्रमुख थे। हालांकि उस दौर में भी मोहम्मद हबीब, रियाज़उर्रहमान शेरवानी, कुँवर मोहम्मद अशरफ़, आले अहमद सुरूर, और रशीद अहमद सिद्दीक़ी जैसे लोगों ने राष्ट्रवाद की पताका झुकने न दी।
स्वातंत्र्योत्तर पुनर्गठन: नेहरू, मौलाना आज़ाद और डॉ. ज़ाकिर हुसैन का नेतृत्व
स्वातंत्र्योत्तर अलीगढ़ में कई ऐतिहासिक बदलाव आए और विश्वविद्यालय का लगभग पुनर्गठन हुआ। इस प्रक्रिया की शुरुआत जनवरी 1948 को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के दिए भाषण से हुई। उन्होंने बहुत साफ़गोई से कहा कि जो आपके दिलों में दर्द और परेशानी है वह आप मुझे बताइए, और जो दिक़्क़त मुझे है मैं आप लोगों से कह लेता हूँ।
“जो आपके दिलों में दर्द और परेशानी है वह आप मुझे बताइए, और जो दिक़्क़त मुझे है मैं आप लोगों से कह लेता हूँ।”
— पंडित जवाहरलाल नेहरू (जनवरी 1948, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय)
इस भाषण द्वारा नेहरू ने अलीगढ़ से विश्वास का रिश्ता क़ायम करने का प्रयास किया। हालांकि इस भाषण पर एक मुख्तलिफ़ राय के लिए दी प्रिंट पर प्रकाशित ‘इब्न ख़ल्दून भारती’ का आलेख पढ़ें। जहाँ एक तरफ़ लॉहेंस गोतियर ने अपनी किताब बिट्वीन नेशन एंड कम्युनिटी में नेहरू के इस भाषण की आलोचना ये कहते हुए की है कि उन्होंने वहां मौजूद सभी लोगों से ऐसे बात की जैसे वे सब मुस्लिम हों वहीं इब्न ख़ल्दून भारती का कहना था कि उनका भाषण ऐसा था जैसे वे पाकिस्तानी यूनिवर्सिटी से मुखातिब हों। यदि उस भाषण से कुछ दिन पूर्व जिन्ना द्वारा अलीगढ़ को दिये विशेष धन्यवाद को याद किया जाए तो हम इन दोनों ही बातों को बेहतर तौर पर समझ पाएँगे। नेहरू ने अलीगढ़ को आर्थिक सहायता प्रदान करने में कोई कसर न छोड़ी और 1951 में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के साथ-साथ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को भी केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिया। एक लंबी अँधेरी रात के बाद एक नए सूर्य का उदय हुआ। इस सूर्य के उदय में जो बादल कुछ विघ्न उत्पन्न कर सकते थे, उन बादलों को छाँटने में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, शिक्षा मंत्री मौलाना आज़ाद, और विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज़ाकिर हुसैन का सबसे महत्वपूर्ण योगदान था।

समावेशी माहौल को बढ़ावा देने में विश्वविद्यालय के शीर्ष नेतृत्व ने बहुत प्रयत्न किए। यूनिवर्सिटी एक्ट में संशोधन कर यह बिंदु जोड़ा गया कि कोई हिन्दू भी कोर्ट का सदस्य बन सकता है। मेधा को सम्मान मिला और बेहद शानदार अकादमिकों से विश्वविद्यालय जगमग होने लगा। उर्दू विभाग के अध्यक्ष मशहूर आलोचक आले अहमद सुरूर बने और भौतिक विज्ञान में पी.एस. गिल साहब को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इन सब कदमों का उद्देश्य अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को राष्ट्र के निर्माण में योगदान का एक अहम केंद्र बनाना था।
'नियो-अलीगढ़' आंदोलन और भारतीय संस्कृति से गहरा जुड़ाव
आज़ादी के बाद से ही जिस प्रकार एक नए अलीगढ़ की नींव डालने का प्रयास किया जा रहा था वह हमें अनेक स्थानों पर नज़र आता है। 1953 के अलीगढ़ मैगज़ीन के अंक में कुँवर मोहम्मद अशरफ़ ने अपने आलेख “अलीगढ़ की सियासी ज़िंदगी” में लिखा कि ये वक़्त यूनिवर्सिटी के इतिहास में एक अनोखा दौर है जहाँ एक नए अलीगढ़ की स्थापना हो रही है मगर यह स्थापना सिर्फ़ भारतीय राष्ट्रीय जीवन के साथ तारतम्य में ही हो सकती है। इसी अंक में आले अहमद सुरुर ने ज़ाकिर हुसैन के प्रयासों की ओर इंगित करती एक नज़्म “नए अलीगढ़ के नाम” लिखी जिसमें रौशन ख्याली की बात थी। सी.पी.आई. के बड़े नेता और विश्वविद्यालय के प्राध्यापक ज़फ़र इमाम ने 'अलीगढ़ मैगज़ीन' के 1957-58 अंक में 'द रोल ऑफ़ अलीगढ़ इन न्यू इंडिया' नाम से एक लेख लिखा। इसमें उन्होंने कहा कि जिस प्रकार 1857 की क्रांति के बाद मुसलमान अपने भविष्य के सवालों से जूझ रहा था, ठीक उसी प्रकार आज़ादी के बाद भी भारतीय मुसलमान इसी तरह की परेशानी से दो-चार हैं। जिस प्रकार उस वक़्त सर सैयद ने अलीगढ़ आंदोलन द्वारा इस समस्या का हल निकालने की ओर काम किया था, उसी प्रकार आज ज़ाकिर हुसैन साहब के नेतृत्व में हमें एक नव-अलीगढ़ (नियो-अलीगढ़) आंदोलन की ज़रूरत है। डॉ. ज़ाकिर हुसैन ने स्वयं इस विषय पर कहा था कि, “अलीगढ़ जिस तरह सोचेगा और काम करेगा, और जिस प्रकार का योगदान देगा, उसी के अनुसार भारतीय राष्ट्र जीवन में मुसलमानों की दशा और दिशा का फ़ैसला होगा।”

ज़फ़र इमाम का कहना था कि जहाँ भारतीय मुसलमानों को बार-बार उनकी राष्ट्रीयता का प्रमाण देने के लिए विवश नहीं किया जाना चाहिए, वहीं मुसलमानों को भी हिन्दुओं की मान्यताओं से अनभिज्ञ नहीं रहना चाहिए। ज़फ़र इमाम ने जब यह बिंदु उठाया, तब ज़रूर उनके दिमाग में अलीगढ़ का मूल बौद्धिक मॉडल रहा होगा:
संस्थापक सर सैयद अहमद ख़ान: उन्होंने अपनी मशहूर किताब 'असार-उस-सनादीद' (१८४७) में दिल्ली का इतिहास महाभारत से आरंभ किया है।
जस्टिस सैयद महमूद: सर सैयद के बेटे सैयद महमूद भी हिन्दू ग्रंथों के अत्यंत गहन जानकार थे। उन्होंने 'इनायत बनाम हिदायत' (तथा 'बेली प्रसाद' संबंधी) विधिक मामले में बच्चे को गोद लेने के प्रश्न पर न सिर्फ़ मयूख और मनु के विधान का ज़िक्र किया, बल्कि यह भी बताया कि अंग्रेज़ विद्वान कोलब्रूक ने इनका जो अनुवाद किया है वह भी ग़लत है। महमूद ने न सिर्फ़ याज्ञवल्क्य के धर्मशास्त्र का अध्ययन किया था, बल्कि उस पर मौजूद विज्ञानेश्वर की टिप्पणी ('मिताक्षरा') भी पढ़ी थी।
तुफ़ैल अहमद मंगलौरी: इसी तरह, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के एक अहम तरीन व्यक्ति तुफ़ैल अहमद मंगलौरी ने अपनी पुस्तक 'क़दीम शहनशाहियाँ' में प्राचीन भारतीय संस्कृति को कई मायनों में उस समय की अन्य सभ्यताओं जैसे मिस्र, ईरान इत्यादि से बेहतर माना है।

दिलचस्प बात यह है कि यदि कोई यूसुफ़ हुसैन खान (1902-1979) का संस्मरण यादों की दुनिया (1967) पढ़ेगा तो उसे समझ आयेगा कि इस तरह के गुट इतने सक्रिय थे कि अप्रैल 1965 में अपने हितों की रक्षा के लिए उन्होंने छात्रों को भड़का कर उनके द्वारा तत्कालीन कुलपति अली यावर जंग (1906-1976) पर हमला तक करा दिया था। इन्हीं गुटों की राजनीति को और ज़्यादा साफ़ करते हुए राही मासूम रज़ा (1927-1992) ने अपने उपन्यास टोपी शुक्ला (1969) में भी दर्ज किया है। अली मोहम्मद कुहरो (1925-2003) के दौर (1974-1979) में यूनिवर्सिटी का प्रशासन बिल्कुल गर्त में जा चुका था और न सिर्फ़ इरफ़ान हबीब बल्कि अन्य गंभीर शिक्षक भी इसे ले कर चिंतित और मुखर थे।
पद्मश्री क़ाज़ी अब्दुल सत्तार (1933-2018) और कुँवर पाल सिंह (1938-2009, जो राही मासूम रज़ा के अभिन्न मित्र थे) 21 जून 1980 को साप्ताहिक हिंदुस्तान के लिए डॉ. प्रेम कुमार को दिए अपने इंटरव्यू में कह चुके थे कि आपराधिक तरीकों से अपने लाभ के लिए कुछ लोग यूनिवर्सिटी को बर्बाद कर रहे हैं इस कारण अकादमिक स्तर में काफ़ी गिरावट आई है और यही कारण है कि उत्तर प्रदेश के कुछ खास इलाकों के छात्रों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है जबकि देश के अन्य स्थानों से आने वाले क़ाबिल छात्र भी यूनिवर्सिटी में जगह नहीं बना पा रहे हैं। मगर यूनिवर्सिटी प्रशासन को असली दिक्कत तब आई जब 13 जनवरी 1981 को इंडियन एक्सप्रेस को दिए अपने इंटरव्यू में इरफ़ान हबीब ने यही सब बातें कह दीं और साथ ही यह भी कह दिया कि अब तो हालत इतनी बुरी है कि कोई यूनिवर्सिटी के छात्रों को नौकरी पर रखने के लिए भी तैयार नहीं है। प्रशासन इरफ़ान हबीब से इसलिए भी परेशान था कि वे केवल एक अकादमिक नहीं थे बल्कि एक एक्टिविस्ट भी थे जिन्होंने वर्ग 4 कर्मचारियों के हक़ के लिए भी यूनिवर्सिटी से लोहा लिया था। लोग इरफ़ान हबीब के विरोध में उतर आए और इनमें वे लोग भी शामिल थे जो कुछ अरसे पहले तक खुद वही बातें कह रहे थे जो इरफ़ान हबीब ने इंडियन एक्सप्रेस के अपने इंटरव्यू में कही थीं।
बहरहाल, 1980 के पूरे दशक में ही यूनिवर्सिटी ने काफ़ी मामलों में बहुत निराश किया जिनमें सबसे अहम मुद्दा था स्त्री-विमर्श का। 23 अप्रैल 1985 को सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के फ़ैसले से इत्तेफ़ाक़ रखते हुए प्रति माह 500 रु गुज़ारा भत्ता शाह बानो को दिए जाने का फ़ैसला सुनाया। इसके बाद से शरीया बचाने का भार कुछ मुस्लिम रहनुमाओं को अचानक ही बहुत ज़्यादा बढ़ता मालूम हुआ और सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ माहौल बनाया जाने लगा। कट्टरपंथियों के आगे झुकते हुए और एक राजनीतिक समझौते के तहत संसद से क़ानून पारित करा कर सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को उल्टा दिया गया। जब संसद का माहौल इतना सांप्रदायिक हो जाए कि न्यायाधीश के ख़िलाफ़ तेली-तंबोली जैसे शब्दों का प्रयोग बिना हिचक किया जाए तो फिर यूनिवर्सिटी के माहौल की तो कल्पना ही क्या? बहरहाल, इस माहौल में भी एक बार फिर इरफ़ान हबीब ने प्रयास किया कि यूनिवर्सिटी की तरफ़ से कोई सकारात्मक संदेश जाए मगर जब उन्होंने शाह बानो के हक़ में हस्ताक्षर लेने की मुहिम शुरू की तो उन्हें केवल दर्जन भर हस्ताक्षर ही मिल सके।
अपने कैंपस नॉवेल लेडीज़ क्लब (2011) में नमिता सिंह लिखती हैं कि उस वक़्त यूनिवर्सिटी का माहौल बहुत ज़्यादा सांप्रदायिक हो गया था और लड़कियों के लिए तो स्थिति और खराब थी क्योंकि जब भी कोई समाज या संस्थान रूढ़िवादी होता है तो सबसे पहला प्रहार महिलाओं की स्वतंत्रता पर ही होता है।

ऐसे में यूनिवर्सिटी के भीतर के कुछ रोशन ख़्याल लोगों ने फ़ैसला किया कि अब दोबारा सर सैयद की सुधारवादी दृष्टि की ओर चलना होगा और नए दौर की नई समस्याओं का सामना करने के लिए शुरू हुआ नव अलीगढ़ आंदोलन (1987)। इस आंदोलन के अध्यक्ष उर्दू के प्रसिद्ध आलोचक आले अहमद सुरूर (1911-2002) थे, सेक्रेटरी दर्शन शास्त्र के अध्यापक रहे जमाल ख्वाजा (1926-2020) थे और इसके दूसरे सदस्यों में रियाज़उर रहमान शेरवानी(1924-2018), मुहिबउल हसन (1908-1999), औलाद अहमद सिद्दीकी, फ़र्रुख़ जलाली, अली अशरफ़ (1930-1996), मसूद उल हसन (1928-2019) और नसीम अंसारी (1929-1990) शामिल थे। इस आंदोलन का मकसद मुसलमानों का आधुनिकता से संवाद सही तरह स्थापित करना और सांप्रदायिक सौहार्द बढ़ाने पर ध्यान देना था। साथ ही इस्लाम में सुधारवादी और तार्किक दृष्टि को बढ़ावा देना भी इस तहरीर का उद्देश्य था। इस आंदोलन का सबसे महत्वपूर्ण कार्य था जमाल ख़्वाजा द्वारा सर सैयद की इस्लामी बसीरत नामक पुस्तक का संपादन जिसमें सर सैयद की उन सभी लेखों को संकलित किया गया था जो इस्लाम में तार्किकता और सुधारवाद की पुरज़ोर हिमायत की थी।
'कठपुले' के पार संवाद: विश्वविद्यालय और शहर की साझी विरासत
अब सवाल यह था कि शहर के लोग यूनिवर्सिटी को किस तरह देखें? उनके मन में पाकिस्तान बन जाने के कारण एक संताप था जिसे यूनिवर्सिटी को दूर करना था और यह न सिर्फ़ यूनिवर्सिटी के लिए, बल्कि शहर के लिए भी उतना ही ज़रूरी था। इस दिशा में डॉ. ज़ाकिर हुसैन के उत्तराधिकारी कर्नल बशीर हुसैन ज़ैदी ने बेहद सराहनीय काम किया। उन्होंने 'कठपुले' को पार करके पुराने शहर में जाकर काम करना शुरू किया।

कठपुला सिर्फ़ रेलवे लाइन के ऊपर से गुज़रता लकड़ी का एक पुल मात्र नहीं है, जिसके एक तरफ़ विश्वविद्यालय है और दूसरी तरफ़ शहर का पुराना हिस्सा। यह एक ऐतिहासिक प्रतीक है और अलग-अलग दो दुनियाओं के बीच का फ़ासला भी। जब बंगाल की स्वदेशी आंदोलन मुहिम से प्रभावित हो कर हसरत मोहानी (1875-1951) को स्वदेशी भंडार खोलने का ख़्याल आया, तब उन्होंने कठपुला पार रसलगंज में इसकी स्थापना की, क्योंकि उनको भी कुछ अंदाज़ा था कि ऐसा करने पर ही पूरा शहर उनकी मुहिम से जुड़ेगा। कठपुले के इस ऐतिहासिक सिंबल को देखा तो कई लोगों ने था, मगर ई.एच कार के शब्दों में 'सीज़र के समान' रूबिकन नदी को पार करने का ऐतिहासिक काम किया राही मासूम रज़ा ने। अपनी रचना 'टोपी शुक्ला' में उन्होंने पहली बार इस अंतर को पृष्ठ 56-57 पर स्पष्ट किया है।
राही के बहुचर्चित काव्य संग्रह 1857 की परिशिष्ट पढ़ कर अंदाज़ा होता है कि 1960 तक उनके संबंध बशीर हुसैन ज़ैदी, उनकी पत्नी एवं नूरुल हसन वगैरह से अच्छे थे। लिहाज़ा यह कोई हैरत की बात नहीं कि ज़ैदी साहब को यह विचार राही से बातचीत करके ही आया हो कि शहर के पुराने हिस्से के लिए भी कुछ करना चाहिए। जामिया से अशफ़ाक़ अहमद ख़ान को बुलाकर एक सोशल सर्विस कमेटी गठित की गई। इसके काम के बारे में यूनिवर्सिटी की 1965 की एनुअल रिपोर्ट ( जो 1964 से अप्रैल 1965 तक की जानकारी, देती है) के पृष्ठ 10-11 से पता चलता है कि यूनिवर्सिटी की सोशल सर्विस कमेटी बच्चों के लिए 9 क्लबों का सफलतापूर्वक संचालन कर रही थी। इस कमेटी ने उस वर्ष बच्चों के लिए मसूरी में समर कैंप का आयोजन कराया, गांधी जयंती का भव्य कार्यक्रम कराया, तथा एक क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 9 अक्टूबर 1964 से 24 जनवरी 1965 तक कराया। बाल भवन की इमारत का निर्माण भी इसी दौरान चल रहा था।
सांस्कृतिक सद्भाव, अंतर-विषयी ज्ञान और प्रगतिशील अकादमिक वातावरण
सांस्कृतिक सद्भाव के मोर्चे पर भी विश्वविद्यालय की मिसाल अद्वितीय रही। इसी दौर में मोहसिन-उल-मुल्क हॉल के बारे में प्रकाशित हुआ कि वहाँ ईद-मिलाद-उन-नबी, ईद- उल ज़ुहा, जन्माष्टमी और होली बहुत धूमधाम से मनाए गए। उस दौर में अकादमिक रूप से विश्वविद्यालय इतना सशक्त था कि राही मासूम रज़ा, मजनूँ गोरखपुरी, और अतहर परवेज़ जैसे लोग निरंतर लेखन कार्य में लगे हुए थे और 'हमारी ज़बान', 'इफ़्कार' आदि जैसी प्रतिष्ठित शोध-साहित्यिक पत्रिकाओं में प्रकाशित हो रहे थे।

राही मासूम रज़ा उस वक़्त तक 4 काव्य संग्रह— 1857, 'रक़्स-ए-मय', 'अजनबी शहर में' आदि—प्रकाशित करने के साथ-साथ एक ही वर्ष में पाँच बेहतरीन आलेख भी लिख चुके थे, जिनमें प्रमुख थे 'ग़ालिब की इश्क़िया शायरी' और ‘ यस यग़ाना चंगेज़ी' आदि। इसके अलावा भूगोल के क्षेत्र में मूनिस रज़ा (1925–1994) निरंतर शानदार काम कर रहे थे। वहीं हिन्दी विभाग के हरिवंश लाल शर्मा नागरी प्रचारिणी सभा के सदस्य नियुक्त हुए और सभा द्वारा 'हिन्दी साहित्य का बृहत् इतिहास' के चौदहवें वॉल्यूम को तैयार कर रहे मंडल के अहम सदस्य थे।
आज जहाँ अंतर-विषयी (Interdisciplinary) ज्ञान की बात होती है, तब हमें याद करना चाहिए कि उर्दू विभाग उस दौर में उर्दू के साथ-साथ अन्य भाषाओं और विश्व साहित्य को भी बहुत अहमियत देता था। मसलन, आले अहमद सुरूर साहब ने साहित्य अकादमी द्वारा दिसंबर 1964 में आयोजित शेक्सपियर सेमिनार में 'उर्दू साहित्य में शेक्सपियर' विषय पर एक आलेख प्रस्तुत किया। भाषा विज्ञान को एक विशेष कोर्स के तौर पर उर्दू विभाग ने पढ़ाना शुरू किया और साथ ही उर्दू एवं सहायक बोलियों पर एक कोर्स शुरू हुआ, जो राही मासूम रज़ा ही पढ़ाते थे। साथ ही साहित्य के तुलनात्मक आयाम पर भी एक कोर्स पढ़ाया जाता था। उस दौर में ज़्यादातर विभागों के अध्यक्ष प्रगतिशील विचारधारा के विद्वान हुआ करते थे—जैसे मुनीब-उर-रहमान, अब्दुल अलीम और मक़बूल अहमद।
निष्कर्ष
बहुत बेहतरीन अतीत होते हुए भी अलीगढ़ पर अक्सर ही हमला होता रहा है। इसका कारण और कुछ नहीं बल्कि वह लेखनी है जो अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी पर हुई है। जब रशीद अहमद सिद्दीक़ी जैसे लोग आशुफ़्ता बयानी मेरी (1958) इत्यादि में यह कह देते हैं कि इस यूनिवर्सिटी में कोई कमी नहीं है और यदि है भी तो मैं इस पर बात नहीं करूँगा तब वे लोग जो इस यूनिवर्सिटी से बाहर हैं उन्हें चीज़ें गड़बड़ महसूस होती हैं। अब इसकी तुलना में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के उर्दू विभाग के पूर्व अध्यक्ष ऐजाज़ हुसैन की किताब मेरी दुनिया (1984) देखें। यह पुस्तक आत्मावलोकन का बेहतरीन नमूना है और सही को सही और ग़लत को ग़लत लिखती है जिससे पाठक में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के लिए एक सामान्य आकर्षण पैदा होता है। अलीगढ़ पर भी यदि इसी ईमानदारी, ख़ुद-एहतिसाब और सच्चाई से लिखा जाए तो ये सब दिक्कतें पैदा न हों जो आज हो रही हैं। इस यूनिवर्सिटी के शानदार माज़ी को किसी एक बयान से ख़त्म नहीं किया जा सकता।





